'उम्मीद नहीं थी कि वो इस्तीफा दे देंगे', कोहली को लेकर बोला ये भारतीय क्रिकेटर
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम को उस समय दोहरा झटका लगा था, जब साउथ अफ्रीका के खिलाफ 1-2 से टेस्ट सीरीज गंवाने के बाद विराट कोहली ने कप्तानी छोड़ने का फैसला सुनाया। कोहली अब किसी भी फाॅर्मेट के कप्तान नहीं रहे हैं। उनकी कप्तानी में भारत टेस्ट में नंबर वन पर पहुंचा। साथ ही विदेशी पिचों पर जीत दर्ज कीं। कोहली की कप्तानी में भारत टेस्ट में काफी आगे निकला, लेकिन उनके अचानक कप्तानी के हटने के फैसले से सब हैरान रह गए थे। अब टीम इंडिया के गेंदबाजी ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि कोहली इस्तीफा दे देंगे।
यह भी पढ़ें- IND vs WI : भारत को लगा एक और झटका, बड़ा खिलाड़ी निकला कोरोना पॉजिटिव

रह गए थे हैरान
शार्दुल ने कहा है कि जब उन्हें पता चला कि विराट कोहली ने तत्काल प्रभाव से टेस्ट कप्तानी छोड़ दी है तो वह हैरान रह गए थे। सेंचुरियन में सीरीज का पहला मैच जीतने के बावजूद भारत अगले दो टेस्ट हार गया था। कोहली ने सात साल तक भारतीय टीम की कप्तानी की थी। उनकी कप्तानी के समय 42 महीने (अक्टूबर 2016-मार्च 2020) के लिए आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में भारतीय टीम पहले स्थान पर रही। साथ की भारतीय टीम ने भारत में कभी टेस्ट सीरीज नहीं गंवाई।

किसी को उम्मीद नहीं थी
ठाकुर ने इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए कहा, "यह सभी के लिए एक हैरान कर देने वाला पल था। किसी को उम्मीद नहीं थी कि वह टेस्ट कप्तानी से इस्तीफा दे देंगे। हमने उनकी कप्तानी में अच्छा प्रदर्शन किया, खासकर विदेशों में शानदार खेल दिखाया। विदेशों में हमने जो सीरीज गंवाई, वे काफी करीब रहीं थी। उनकी कप्तानी में वैसे टीम अच्छा प्रदर्शन कर रही थी और किसी को भी इसकी उम्मीद नहीं थी। लेकिन अब जब उन्होंने अपना फैसला कर लिया है, तो सभी को इसका सम्मान करना चाहिए।"

68 टेस्ट मैचों में किया नेतृत्व
विराट कोहली ने 68 मैचों में भारत का टेस्ट में नेतृत्व किया है, जिसमें से 40 मैच जीते हैं, जो उनके पूर्ववर्तियों सौरव गांगुली (49 मैचों में 21 जीत) और महेंद्र सिंह धोनी (60 मैचों में 27) से कहीं बेहतर रिकॉर्ड है। कोहली और शार्दुल ठाकुर दोनों अगली बार 6 फरवरी से वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सफेद गेंद की सीरीज के दौरान एक्शन में दिखाई देंगे। तीन वनडे मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 6, 9 और 11 फरवरी को खेले जाएंगे, जबकि टी20आई सीरीज 16,18 और 19 तारीख को कोलकाता के प्रतिष्ठित ईडन गार्डन में खेली जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications