निकाह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर आने से खफा हुए शाहीन अफरीदी, कहा- हमारी प्राइवेसी को ठेस पहुंची है
शाहीन अफरीदी ने बीते शुक्रवार को शाहीद अफरीदी की बेटी अंशा के साथ निकाह पढ़ा था। निकाह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं।

पाकिस्तानी टीम के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी ने बीते शुक्रवार को पूर्व पाकिस्तानी कप्तान शाहीद अफरीदी की बेटी अंशा के साथ निकाह किया था। यह निकाह कराची की एक मस्जिद में पूरे इस्लामिक रीति-रिवाजों से संपन्न हुआ था। विवाह में पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम समेत टीम के कई खिलाड़ी पहुंचे थे। इसके अलावा कई रिश्तेदार और करीबी भी इस शादी में पहुंचे थे। शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं, जिसे लेकर शाहीन अफरीदी का अब गुस्सा फूट पड़ा है। जी हां, शाहीन ने शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने वालों को जमकर लताड़ा है।
क्या कहा शाहीद अफरीदी ने?
शाहीन अफरीदी ने ट्विटर पर एक पोस्ट के जरिए कहा है कि यह बहुत निराशाजनक है कि मेरे बार-बार अनुरोध करने के बावजूद भी मेरे निकाह की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। लोगों की इस हरकत से हमारी निजता को ठेस पहुंची है। अभी भी लोग बिना किसी सोच-विचार के इन तस्वीरों और वीडियो को आगे साझा कर रहे हैं। मैं सभी से विनम्रतापूर्वक यह अनुरोध करना चाहूंगा कि हमारे साथ कॉपरेट करें और हमारे यादगार दिन को खराब करने की कोशिश न करें।
शाहीन के ससुर ने ही तस्वीरें पोस्ट की थीं ट्विटर पर
आपको बता दें कि शाहीन अफरीदी सोशल मीडिया पर निकाह की तस्वीरें वायरल होने से खफा हैं, लेकिन खुद उनके ससुर ने ही सोशल मीडिया पर फोटोज पोस्ट कर बेटी के निकाह की जानकारी दी थी। शाहीद अफरीदी ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा था, 'बेटी आपके बगीचे का सबसे खूबसूरत फूल है क्योंकि वे बड़े आशीर्वाद से खिलते हैं। एक बेटी वह है जिसके साथ आप हंसते हैं, सपने देखते हैं और पूरे दिल से प्यार करते हैं। माता-पिता के रूप में, मैंने अपनी बेटी को निकाह में शाहीन अफरीदी को दिया। उन दोनों को बधाई।'












Click it and Unblock the Notifications