NEET UG 2026 Re Exam: फिर से कब होगी नीट की परीक्षा? NTA की ओर से आ गई लेटेस्ट अपडेट
NEET UG 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद देशभर के लाखों मेडिकल छात्रों की चिंता अब री-एग्जाम की तारीख पर टिक गई है। पेपर लीक विवाद के कारण परीक्षा दोबारा कराने का फैसला लिया गया, जिसके बाद छात्र लगातार यह जानना चाह रहे हैं कि री-NEET आखिर कब आयोजित होगा। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने अभी आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है, लेकिन एजेंसी के महानिदेशक पहले ही संकेत दे चुके हैं कि परीक्षा की नई तारीख जल्द जारी की जाएगी।
माना जा रहा है कि री-NEET जून महीने में कराया जा सकता है। इसी बीच CBI जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। पैसों के लेनदेन, WhatsApp ग्रुप, कोचिंग सेंटर कनेक्शन और प्रश्नपत्र की PDF तैयार करने जैसे दावों ने मामले को और गंभीर बना दिया है। सुप्रीम कोर्ट में भी NTA की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

जून में हो सकता है री-NEET
NTA के DG ने पहले कहा था कि री-NEET की तारीख कुछ दिनों में घोषित की जाएगी। परीक्षा का शेड्यूल बनाते समय शैक्षणिक कैलेंडर और दूसरी बड़ी परीक्षाओं को भी ध्यान में रखा जाएगा। सूत्रों का कहना है कि NEET UG 2026 री-एग्जाम जून में आयोजित हो सकता है। साल 2024 में भी NEET परीक्षा विवादों के बाद कुछ स्टूडेंट्स की दोबारा कराई गई थी और तब री-एग्जाम 23 जून को हुआ था।
छात्रों को दोबारा आवेदन नहीं करना होगा
NTA ने साफ किया है कि री-NEET के लिए उम्मीदवारों को फिर से रजिस्ट्रेशन करने की जरूरत नहीं होगी। मई 2026 परीक्षा के दौरान जमा किए गए आवेदन, परीक्षा केंद्र और कैंडिडेट डेटा को ही दोबारा इस्तेमाल किया जाएगा।एजेंसी ने यह भी कहा है कि छात्रों से कोई अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी। पहले जमा की गई परीक्षा फीस वापस की जाएगी और परीक्षा NTA अपने आंतरिक संसाधनों से आयोजित करेगा।
नया एडमिट कार्ड होगा जारी
री-एग्जाम के लिए नया एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर इसे डाउनलोड कर सकेंगे। फिलहाल एडमिट कार्ड जारी होने की तारीख घोषित नहीं की गई है।
सुप्रीम कोर्ट पहुंचा मामला
NEET पेपर लीक विवाद को लेकर फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (FAIMA) ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है। याचिका में कहा गया है कि बार-बार पेपर लीक होना 22.7 लाख से ज्यादा छात्रों के अधिकारों पर सीधा असर डाल रहा है। मेडिकल संस्था ने कोर्ट से मांग की है कि NTA की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया जाए या फिर उसकी जगह नया और मजबूत सिस्टम बनाया जाए।
FAIMA ने यह भी मांग की है कि री-NEET की निगरानी के लिए एक हाई पावर मॉनिटरिंग कमेटी बनाई जाए, जो परीक्षा प्रक्रिया पर नजर रखे।












Click it and Unblock the Notifications