Ranji Trophy में खराब विकेट पर टीम ने खेलने से मना किया, अब रातों-रात बनाई जाएगी नई पिच
रणजी ट्रॉफी में पंजाब और रेलवे के बीच मैच में ऐसा हुआ है। पंजाब की टीम ने दूसरी पारी में खेलने से ही मना कर दिया। अब फ्रेश विकेट पर मैच होगा।

Ranji Trophy: क्रिकेट में पिचों को लेकर कई बार समस्याएँ देखी गई हैं। पिच के लिए शिकायतें भी होती रही हैं। आईसीसी ने खराब पिचों के लिए रेटिंग सिस्टम भी बनाया है। भारत में घरेलू क्रिकेट के दौरान खराब पिच का मामला सामने आया है। रणजी ट्रॉफी में पंजाब और रेलवे के मैच में खराब पिच के कारण दूसरे दिन का खेल रोक दिया गया। इसके बाद अब इस मैच में तीसरे दिन ही खेल शुरू हो पाएगा। खराब पिच के कारण पंजाब ने खेलने से मना कर दिया।
पंजाब ने किया खेलने से मना
रेलवे के खिलाफ दूसरी पारी में बल्लेबाजी करते हुए पंजाब की टीम ने 4 विकेट गिरने के बाद खेलने से मना कर दिया। 8 ओवर में 18 रन पर 4 खिलाड़ी आउट होने के बाद पंजाब के कप्तान मनदीप सिंह ने नहीं खेलने का फैसला किया। खतरनाक पिच को देखते हुए यह फैसला लिया गया। अब इस मुकाबले को अगले दिन ही शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
नई पिच पर होगा मैच
दिल्ली में करनैल सिंह स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले की पिच न्यूट्रल क्यूरेटर ने तैयार की थी। झारखंड के पिच क्यूरेटर ने इसे तैयार किया था। हालांकि इससे गेंदबाजों को काफी ज्यादा मदद मिली। इसके बाद कम स्कोर वाला मैच हो रहा था। खतरनाक विकेट को देखते हुए पंजाब ने खेलने से ही मना कर दिया। इसके बाद इसे अगले दिन एक फ्रेश विकेट पर शुरू करने का निर्णय लिया गया। 22 दिसम्बर को सुबह मैच शुरू किया जाएगा। पहली पारी में पंजाब टीम 162 रनों के मामूली स्कोर पर आउट हो गई थी। इसके बाद जवाबी पारी में खेलते हुए रेलवे टीम 150 रन बनाकर आउट हो गई थी।
दिल्ली में दूसरी बार ऐसा हुआ है
दिल्ली में दूसरी बार खराब पिच के कारण मैच रोकना पड़ा है। इससे पहले 2009 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला था। भारत और श्रीलंका के बीच एकदिवसीय मैच को खराब पिच के कारण रद्द कर दिया गया था। उस समय पिच काफी ज्यादा खतरनाक थी और बल्लेबाजों को चोट लगने का खतरा था।












Click it and Unblock the Notifications