VIDEO: इंग्लैंड की डेब्यू कैप मिलने पर भावुक पिता ने बेटे को चूम लिया, कहा यह पल कभी नहीं भूलूंगा
इंग्लैंड के लिए रेहान अहमद ने टेस्ट में डेब्यू किया है, कराची टेस्ट में वह खेल रहे हैं। 18 साल की उम्र में डेब्यू करने वाले वह पहले इंग्लिश क्रिकेटर हैं।

PAK vs ENG: पाकिस्तान के खिलाफ कराची टेस्ट मैच में रेहान अहमद ने इंग्लैंड के लिए डेब्यू किया। वह इंग्लैंड के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले क्रिकेटर बन गए। इंग्लैंड टीम की कैप उनको पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने दी। अहम बात यह है कि इस दौरान रेहान के पिता भी मौजूद थे। उन्होंने अपने बेटे को गले लगाकर चूम लिया। इसके अलावा नासिर हुसैन ने भी रेहान को कैप देने से पहले एक भावुक स्पीच दी। इसका वीडियो भी सामने आया है।
नासिर हुसैन ने कही अहम बातें
रेहान को कैप देने से पहले नासिर हुसैन ने कहा कि यह छोटा कपड़ा आपकी मेहनत और बलिदानों का एक इनाम है। आगे हुसैन ने कहा कि यह इनाम उन बलिदानों का भी है जो आपके परिवार ने किये हैं, मैं जानता हूं कि आपके पिता किस स्थिति से गुजरे हैं। आज आपके दिल में सब बातों के लिए गर्व होना चाहिए। 18 साल के बेटे को कराची के नेशनल स्टेडियम में खेलते हुए देखना अतुलनीय है। आपके परिवार को ढेर सारी शुभकामनाएं।
रेहान के पिता भी रहे मौजूद
रेहान अहमद के पिता नईम अहमद भी उस समय उनके पास मौजूद थे। कैप पहनने के बाद रेहान को उन्होंने गले लगा लिया। नईम खुद पाकिस्तान में जन्मे हैं और बाद में इंग्लैंड चले गए। पाकिस्तान में वह तेज गेंदबाजी ऑल राउंडर के रूप में खेले हैं। नईम ने बेटे के डेब्यू पर कहा कि मुझे नहीं पता था कि मैं अपने बेटे के डेब्यू के समय ग्राउंड पर रहूंगा। मुझे लगा कि मैं साइड में खड़ा रहूंगा लेकिन ऐसा नहीं सोचा था कि टीम हडल के समय मैं वहां रहूंगा। जब वे मुझे वहां लेकर गए, तो यह एक शानदार पल था। यह ऐसा पल है जिसे मैं जीवन में कभी नहीं भूलने वाला हूं। यह अब तक का बेस्ट पल था जिसका मैंने आनन्द लिया। मैंने अपने बेटे का पेशन देखते हुए उसका समर्थन किया जो हर पिता करता है। उसकी लेग स्पिन क्षमता मेहनत के कारण आई है।
रेहान ने की बेहतरीन गेंदबाजी
डेब्यू मैच में रेहान अहमद ने अपनी लेग स्पिन से प्रभावित करने वाला काम किया। पाकिस्तान के खिलाफ पहली पारी में गेंदबाजी करते हुए रेहान ने 2 विकेट झटके। उन्होंने सऊद शकील और फहीम अशरफ के विकेट अपने नाम किये। पाकिस्तान की टीम पहली पारी में 304 रनों के स्कोर पर आउट हो गई। बाबर आज़म ने सबसे ज्यादा 78 रनों की पारी खेली।












Click it and Unblock the Notifications