'इसके बाद आप कभी...,' आईपीएल का विवाद वर्ल्ड कप में कैसे हुआ शांत? नवीन ने कोहली के साथ बातचीत का किया खुलासा
India vs Australia, Final 2023: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। टूर्नामेंट का फाइनल मैच भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रविवार, 19 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट के सबसे प्रत्याशित क्षणों में से एक विराट कोहली और अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज नवीन-उल-हक के बीच की बातचीत थी।
दोनों खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के 16वें सीजन में भिड़ गए थे, इसके बाद से फैंस विश्व कप में दोनों के आमने-सामने होने की उम्मीद कर रहे थे। हालांकि, कोहली और नवीन दोनों ने इस विवाद को खत्म करने का फैसला किया। जब उन्हें दोस्ताना बातचीत करते और गले मिलते देखा गया तो झगड़ा कब सुलह में बदल गया किसी को पता ही नहीं चला और लोग सोचने लगे कि आखिर उस वक्त क्या बाचतीच हुई जो दोनों खिलाड़ी हंसते मुस्कराते नजर आए।

वर्ल्ड कप में विराट कोहली के साथ हुई बातचीत के बारे में बोलते हुए नवीन ने खुलासा किया कि, 'भारत के खिलाफ अफगानिस्तान के एक मैच को छोड़कर हमें हर मैच में क्राउड का भरपूर समर्थन मिला। जिसके कारण हमें भारत में घर जैसा एहसास हुआ।
नवीन ने बताया कि विराट ने मुझसे कहा, 'चलो इसे खत्म करते हैं।' मैंने कहा, हां, चलो इसे खत्म करते हैं। हम इस पर हंसे, गले मिले और आगे बढ़ गए। उन्होंने यह भी कहा कि इसके बाद आप मेरा नाम नहीं सुनेंगे, बल्कि क्राउड से आप सिर्फ अपना समर्थन सुनेंगे।'
विराट और नवीन के बीच सबकुछ ठीक होने के बाद गौतम गंभीर ने भी इस विवाद को शांत करने का मन बना लिया और उन्होंने अपने ऑफिशियल X अकाउंट पर कोहली को उनके 50वें शतक की खास उपलब्धि पर लिखा, 'बधाई हो विराट कोहली, एक बड़ी उपलब्धि के लिए जो 50 शतक के बाद महान सचिन तेंदुलकर से भी आगे निकल गए। मुझे यकीन है कि उनके दिवंगत पिता को आज बहुत गर्व हो रहा होगा और वे ऊपर बादलों से अपने बेटे को देखकर मुस्कुरा रहे होंगे!! इस पीढ़ी के अब तक के महानतम।
दरअसल, आईपीएल 2023 के दौरान नवीन-उल-हक और विराट कोहली के बीच हुए विवाद में गौतम गंभीर भी कूद पड़े थे, जिसके बाद से विराट और गंभीर में भी कहासुनी देखने को मिली थी, और यहीं से दोनों के बीच दूरी बढ़ती चली गई थी, जोकि किसी से छिपी नहीं है, और ऐसा भी नहीं है कि 2023 के आईपीएल में ही दोनों के बीच विवाद हुआ हो, इससे पहले आईपीएल 2013 में भी विराट और गंभीर के बीच मैदान पर आमना-सामना हुआ था। फिलहाल, ये बातें अब इतिहास बन चुकी हैं। और वर्तमान समय में इन तीनों के बीच संभवत: कोई मनमुटाव नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications