IND vs NZ: आखिर शांत हुआ गंभीर का गुस्सा! कोहली के 50वें शतक पर जीत लिया विराट का दिल, कही ये बड़ी बात
India vs New Zealand, 1st Semi-Final: भारत और न्यूजीलैंड के बीच रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में विराट कोहली ने 50वां वनडे शतक जड़कर महान सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया। कोहली ने 113 गेंदों में 117 रनों की शानदार पारी खेलकर कई सारे रिकॉर्ड्स बनाए। इस अवसर पर देश-दुनिया के तमाम दिग्गजों ने उन्हें बधाई दी हैं, जिसमें एक नाम भारत के पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) का भी शामिल है।
गौतम गंभीर ने अपने ऑफिशियल X अकाउंट पर कोहली की इस उपलब्धि पर लिखा, 'बधाई हो विराट कोहली, एक बड़ी उपलब्धि के लिए जो 50 शतक के बाद महान सचिन तेंदुलकर से भी आगे निकल गए। मुझे यकीन है कि उनके दिवंगत पिता को आज बहुत गर्व हो रहा होगा और वे ऊपर बादलों से अपने बेटे को देखकर मुस्कुरा रहे होंगे!! इस पीढ़ी के अब तक के महानतम।

दरअसल, आईपीएल 2023 के दौरान नवीन-उल-हक और विराट कोहली के बीच हुए विवाद में गौतम गंभीर भी कुद पड़े थे, जिसके बाद से विराट और गंभीर में भी कहासुनी देखने को मिली थी, और यहीं से दोनों के बीच दूरी बढ़ती चली गई थी, जोकि किसी से छिपी नहीं है, और ऐसा भी नहीं है कि 2023 के आईपीएल में ही दोनों के बीच विवाद हुआ हो, इससे पहले आईपीएल 2013 में भी विराट और गंभीर के बीच मैदान पर आमना-सामना हुआ था।
गौतम गंभीर और विराट कोहली के फैंस को भी अक्सर सोशल मीडिया पर भिड़ते हुए देखा जा सकता है। ऐसे में गंभीर द्वारा कोहली को लेकर दिया गया हर बयान चर्चा का विषय बन जाता है। हालांंकि, इस बीच ऐसे कई मौके देखे गए हैं, जब गंभीर ने कोहली की उनके प्रदर्शन को लेकर प्रशंसा की है। इस क्रम में अब उन्होंने उनके 50वें वनडे शतक के लिए बधाई दी है, जिसके बाद फैंस भी काफी खुश नजर आ रहे हैं।
सचिन तेंदुलकर ने ट्वीट में लिखी दिल की बात
अपना ही रिकॉर्ड टूटने के बाद सचिन तेंदुलकर ने ट्वीट कर लिखा, 'पहली बार जब मैं आपसे भारतीय ड्रेसिंग रूम में मिला था, तो अन्य साथियों ने मेरे पैर छूने के लिए आपका मजाक उड़ाया था। मैं उस दिन अपनी हंसी नहीं रोक सका। लेकिन जल्द ही आपने अपने जुनून और कौशल से मेरे दिल को छू लिया। मैं बहुत खुश हूं कि वह युवा लड़का 'विराट' खिलाड़ी बन गया है। मुझे इससे ज्यादा खुशी नहीं हो सकती कि एक भारतीय ने मेरा रिकॉर्ड तोड़ा और इसे सबसे बड़े मंच पर- विश्व कप सेमीफाइनल में किया है, और अपने घर पर जोकि सोने पर सुहागा है।'
विराट कोहली के नाम अब क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा शतक हैं। कोहली ने वनडे विश्व कप 2023 में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। यह टूर्नामेंट में उनका तीसरा शतक है और वह विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ 100 रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications