Mohammed Shami: 'शमी ने गुनाह किया', क्रिकेटर के रोजा ना रखने पर भड़के मौलाना रजवी, फैंस को आया गुस्सा
Mohammed Shami, Roza stokes controversy: भारत के शानदार क्रिकेटर मोहम्मद शमी इन दिनों दुबई में चैंपियंस ट्रॉफी खेल रहे हैं, जहां उन्होंने अभी तक शानदार प्रदर्शन किया है लेकिन इस बीच भारत में उन्हें लेकर बवाल मच गया है और एक बार फिर से कुछ लोगों की वजह से उनके धर्म पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
दरअसल दबई में चल रहे मैच के दौरान मोहम्मद शमी का जूस पीते हुए वीडियो सामने आया था। जिसे देखते ही कुछ मुस्लिम संगठन नाराज हो गए। उन्होंने शमी को लेकर सवाल करने शुरू कर दिए हैं।

ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा है कि 'ऑस्ट्रेलिया से मैच के दौरान ग्राउंड पर मो शमी को जूस/एनर्जी ड्रिंक पीते देखा गया, इसका मतलब उन्होंने रोजा नहीं रखा, जो कि गुनाह है, वो शरीयत की नजर में गुनाहगार हैं और इसलिए उन्हें माफी मांगना चाहिए।'
'इस्लाम में हर किसी को रोजा रखना जरूरी है' (Mohammed Shami )
उन्होंने आगे कहा कि 'इस्लाम में हर किसी को रोजा रखना जरूरी है। मैं उन्हें सलाह देता हूं कि इस्लामिक बातों की इज्जत करें। खेलना-कूदना सब अपनी जगह है लेकिन खुदा ने जो जिम्मेदारी दी है उसका ईमानदारी से पालन करें। शमी धर्म से ऊपर नहीं हैं, उन्होंने गलत किया है इसलिए उन्हें अल्लाह से माफी मांगनी चाहिए। रमजान का पाक महीना चल रहा है इसलिए हर नियम का पालन करें।'
'मोहम्मद शमी कट्टर हिंदुस्तानी हैं' (Mohammed Shami)
जहां बरेली के मौलाना इस तरह की बातें कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर एनसीपी-एससीपी विधायक रोहित पावर ने इसका विरोध किया है। उन्होंने कहा कि 'मोहम्मद शमी कट्टर हिंदुस्तानी हैं, वो इस वक्त देश के लिए खेल रहे हैं। उन्हें अगर लगता है कि वो रोजे की वजह से अच्छे से सो नहीं पाएंगे या प्रदर्शन नहीं कर पाएंगे तो उन्होंने रोजा नहीं रखा।
उन्होंनें देश को धर्म से ऊपर रखा, वो सच्चे भारतीय और सच्चे मुस्लिम हैं, वो देश का गौरव हैं। उन्होंने कुछ गलत नहीं किया, उन पर सवाल उठाना गलत है। धर्म और खेल को मिक्स करना भी अनुचित है ऐसा नहीं करना चाहिए।'
'शमी फिटनेस की वजह से लंबे वक्त से टीम इंडिया से बाहर थे' (Mohammed Shami)
आपको बता दें कि शमी फिटनेस की वजह से लंबे वक्त से टीम इंडिया से बाहर थे लेकिन जसप्रीत बुमराह के चोटिल होने की वजह से उन्हें चैंपिंयस ट्रॉफी में जगह मिली है, जहां उन्होंने अभी तक शानदार गेंदबाजी की है। ऑस्ट्रेलिया से खेलते हुए उनका एनर्जी ड्रिंक पीते हुए जैसे ही वीडियो वायरल हुआ सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया और उनके रोजे, धर्म पर सवाल खड़े करने लगे।
फैंस ने ट्रोलर्स को नफरत फैलाने के लिए लताड़ लगाई (Mohammed Shami)
हालांकि उनके फैंस ने ट्रोलर्स को आड़े हाथों लिया और नफरत फैलाने के लिए लताड़ लगाई लेकिन ट्रोलर्स का मुंह बंद नहीं हुआ लेकिन अब मौलाना शहाबुद्दीन रजवी की वजह से से मुद्दा और गर्मा गया है।
फाइनल मैच 9 मार्च को खेला जाएगा
मालूम हो कि चैंपियंस ट्रॉफी में टीम इंडिया ने शानदार खेल दिखाते हुए फाइनल में पहुंच गई है, जहां उसका मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा। लीग मैच में भारत कीवियों को हरा चुका है, ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि वो इस बार भी उसे पटखनी देगा। फाइनल मैच 9 मार्च को खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications