World Record: इस बल्लेबाज ने जड़े 68 गेंदों में 155 रन, गेंदबाजों की कुटाई कर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
World Record, Mitch Owen: अमेरिका के डलास स्थित ग्रैंड प्रेयरी स्टेडियम में खेले जा रहे मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में ऑस्ट्रेलियाई पावर-हिटर मिच ओवेन (Mitchell Owen) ने टी20 क्रिकेट के इतिहास की सबसे आक्रामक और विध्वंसक पारियों में से एक खेलने का काम किया। वाशिंगटन फ्रीडम (Washington Freedom) के लिए ओपनिंग करते हुए 24 वर्षीय इस बल्लेबाज ने एमआई न्यूयॉर्क (MI New York) के गेंदबाजों की बेरहमी से कुटाई करते हुए मात्र 68 गेंदों में 155 रनों की रिकॉर्ड-तोड़ पारी खेली।
ओवेन ने खेली कमाल की पारी (World Record, Mitch Owen)
ओवेन की इस खौफनाक बल्लेबाजी की बदौलत वाशिंगटन फ्रीडम ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट पर 245 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो टूर्नामेंट के इतिहास के सबसे बड़े स्कोर में से एक है। यह पारी ओवेन के करियर के लिए एक बड़ा टर्निंग पॉइंट है। बिग बैश लीग (BBL) में खराब फॉर्म के कारण वे इस साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया की टी20 विश्व कप टीम में जगह बनाने से चूक गए थे। करीब 16 महीनों के सूखे के बाद किसी भी फॉर्मेट में आया यह उनका पहला शतक है।

मैदान पर चौके-छक्कों का तूफान
ओवेन ने मैच की शुरुआत से ही एमआई न्यूयॉर्क के आक्रमण को पूरी तरह से बैकफुट पर धकेल दिया। अपनी 155 रनों की मैराथन पारी के दौरान ओवेन ने मैदान के हर कोने में शॉट लगाए। उन्होंने अपनी पारी में कुल 11 चौके और 13 गगनचुंबी छक्के जड़े। यानी 122 रन उन्होंने सिर्फ बाउंड्री के जरिए बटोरे। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ के साथ ओपनिंग करते हुए ओवेन ने पहले विकेट के लिए मात्र 57 गेंदों में 134 रनों की विस्फोटक साझेदारी की। इस पार्टनरशिप में स्मिथ ने सहयोगी की भूमिका निभाई।
क्रिस गेल और फिंच के रिकॉर्ड्स के करीब पहुंचे
स्मिथ के आउट होने के बाद ओवेन ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाज मार्क चैपमैन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए तेजी से 82 रन और जोड़े। चैपमैन ने मैच के बाद ओवेन की तारीफ करते हुए इसे एक बेहद 'विशेष पारी' बताया। एक समय ऐसा लग रहा था कि मिच ओवेन टी20 क्रिकेट के कई बड़े वैश्विक रिकॉर्ड तोड़ देंगे। हालांकि, 17वें ओवर में दक्षिण अफ्रीकी ऑलराउंडर कॉर्बिन बॉश ने अपनी ही गेंद पर उनका एक तेज कैच लपककर इस पारी का अंत किया। जब ओवेन आउट हुए तब भी पारी की 19 गेंदें शेष थीं।
यह स्कोर मेजर लीग क्रिकेट (MLC) के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बन गया है। इसके साथ ही वे टी20 इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों की सूची में आरोन फिंच (172 और 156 रन) के बाद तीसरे स्थान पर आ गए हैं। मालूम हो कि टी20 क्रिकेट में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का वर्ल्ड रिकॉर्ड आज भी वेस्टइंडीज के क्रिस गेल (नाबाद 175 रन, 66 गेंदें) के नाम है, जो उन्होंने आईपीएल 2013 में आरसीबी के लिए खेलते हुए बनाया था।















Click it and Unblock the Notifications