रोहित शर्मा के तूफान में खत्म हो गए कई रिकॉर्ड, सहवाग-द्रविड़ दोनों को पछाड़कर रचा इतिहास
IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच चेन्नई के चेपॉक मैदान पर खेला गया तीसरा वनडे मुकाबला इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है। भारतीय टीम ने इस मैच में अफगानिस्तान को 9 विकेट से करारी शिकस्त देकर न केवल सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया, बल्कि इस दौरान दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने कई ऐतिहासिक और बड़े रिकॉर्ड्स भी अपने नाम किए हैं।
इस मुकाबले में पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने बल्लेबाजी में उतरते ही एक बहुत बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। हिटमैन अब इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय सलामी बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में दिग्गज वीरेंद्र सहवाग के 16119 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए ओपनिंग में अपने 16137 रन पूरे कर लिए हैं।

राहुल द्रविड़ को पछाड़ा और चेज का नया कीर्तिमान
रोहित शर्मा ने इस मैच में 79 रनों की बेहतरीन पारी खेली और भारत के लिए वनडे में सबसे ज्यादा 50 प्लस स्कोर बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए। रोहित ने 95वीं बार यह कारनामा करके राहुल द्रविड़ के 94 बार के रिकॉर्ड को तोड़ा। इसके साथ ही भारत ने 219 रनों का लक्ष्य 128 गेंद बाकी रहते हासिल कर घरेलू मैदान पर अपना सबसे तेज 200+ का चेज भी दर्ज किया।
शुभमन गिल ने की रोहित शर्मा की बराबरी
शुभमन गिल ने इस सीरीज में धाकड़ बैटिंग करते हुए एक शतक और एक फिफ्टी जमाई, आज अपनी जगह खेलने श्रेयस अय्यर को भेज दिया। गिल को प्लेयर ऑफ़ द सीरीज चुना गया, यह उनके करियर में छठा मौका है, जब वह बेस्ट प्लेयर चुने गए हैं। इस मामले में रोहित शर्मा की बराबरी कर ली, रोहित ने भी वनडे में छह बार प्लेयर ऑफ़ द सीरीज जीता।
जायसवाल के सबसे कम पारियों में दो शतक
टीम इंडिया के युवा और विस्फोटक ओपनर यशस्वी जायसवाल ने भी इस मैच में महज 86 गेंदों पर नाबाद 110 रनों की शतकीय पारी खेलकर सनसनी मचा दी। यशस्वी अब वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे कम पारियों में दो शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने सिर्फ 6 पारियों में यह मुकाम हासिल कर शिखर धवन के 7 पारियों के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया।
प्रसिद्ध कृष्णा की घातक गेंदबाजी
गेंदबाजी के मोर्चे पर तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने महज 23 रन देकर 5 विकेट झटके, जो वनडे क्रिकेट इतिहास में चेपॉक के मैदान पर किसी भी गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। वे चेन्नई के इस मैदान पर 5 विकेट हॉल लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने। खास बात यह रही कि प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर रोहित शर्मा ने स्लिप में शुरुआती तीन लगातार कैच पकड़कर एक अनोखा रिकॉर्ड भी बनाया।













Click it and Unblock the Notifications