मुंबई इंडियंस के साथ जुड़ने के बाद बोले जोफ्रा आर्चर, कहा- ये फ्रैंचाइजी हमेशा से दिल के करीब रही है
नई दिल्ली, फरवरी 13। IPL Auction 2022 में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को मुंबई इंडियंस ने 8 करोड़ रुपए की कीमत में खरीदा है। 2 करोड़ के बेस प्राइज वाले जोफ्रा आर्चर पिछले साल तक राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते थे, लेकिन अब उन्हें मुंबई इंडियंस ने खरीद लिया है। हालांकि इस साल जोफ्रा के आईपीएल में खेलने पर अभी सस्पेंस है। इस बीच जोफ्रा आर्चर ने अपनी नीलामी पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मुंबई इंडियंस फ्रैंचाइजी का शुक्रिया अदा किया है और कहा है कि मुंबई इंडियंस फ्रैंचाइजी हमेशा से उनके दिल के करीब थी।

हमेशा से मुंबई इंडियंस के लिए खेलना चाहते थे आर्चर
जोफ्रा आर्चर ने कहा है कि वो मुंबई इंडियंस के साथ जुड़ने को लेकर काफी उत्साहित हैं, यह एक ऐसी फ्रैंचाइजी है जो हमेशा से उनके दिल के करीब रही है। जोफ्रा आर्चर ने कहा कि जब से उन्होंने आईपीएल देखना शुरू किया है, तभी से वो मुंबई इंडियंस के लिए खेलना चाहते थे और आज वो काफी खुश हैं। आर्चर ने आगे कहा कि मुंबई इंडियंस के साथ जुड़कर उन्हें काफी बड़े खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका मिलेगा।
इस साल आईपीएल में नहीं खेलेंगे आर्चर
आपको बता दें कि जोफ्रा आर्चर को खरीदने के लिए मुंबई के अलावा राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स ने भी होड़ दिखाई थी, लेकिन आखिर में मुंबई ने मोटी बोली लगाकर आर्चर को अपनी टीम में शामिल कर लिया। आपको बता दें कि जोफ्रा आर्चर इस साल आईपीएल में नहीं खेलेंगे, क्योंकि वो चोटिल हैं, लेकिन मुंबई ने उन्हें अगले साल के लिए अपने साथ जोड़ लिया है। चोटिल होने की वजह से ही आर्चर काफी लंबे समय से इंटरनेशनल क्रिकेट भी नहीं खेल रहे हैं। पिछले साल आर्चर का दिसंबर में दाईं कोहनी का ऑपरेशन हुआ था, जिसके बाद वह फिटनेस प्राप्त करने में जुटे हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications