IPL 2022 की नीलामी में मुंबई से हुई बड़ी चूक, विराट कोहली के बचपन के कोच ने बतायी बड़ी गलती
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का आगाज 26 मार्च से होने वाला है जिसमें मुंबई इंडियंस की टीम अपने छठे खिताब को जीतने का प्रयास करेगी। आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाली टीम की बात करें तो मुंबई इंडियंस का नाम सबसे ऊपर है। इस बीच विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने मुंबई इंडियंस से नीलामी के दौरान हुई बड़ी चूक के बारे में बताया और कहा कि रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम ने नीलामी के दौरान हिसाब में बड़ी गलती कर दी और अब उसे इसका खामियाजा लीग के दौरान देखने को मिल सकता है।

मुंबई इंडियंस की टीम ने मेगा ऑक्शन से पहले 4 खिलाड़ियों रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, कायरन पोलार्ड और सूर्यकुमार यादव को रिटेन किया। राजकुमार शर्मा का मानना है कि मुंबई इंडियंस की टीम को न्यूजीलैंड के दिग्गज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट को रिटेन कर लेना चाहिये था। इतना ही नहीं मुंबई की टीम ने बोल्ट को नीलामी के दौरान दोबारा खरीदने की भी कोशिश नहीं की और अंत में राजस्थान रॉयल्स की टीम ने 8 करोड़ रुपये में अपने खेमे से जोड़ लिया।
और पढ़ें: IPL 2022 में कौन करे आरसीबी के लिये पारी का आगाज, कोहली के लिये वसीम जाफर ने चुना पसंदीदा स्थान

बोल्ट को न लेना मुंबई को पड़ेगा भारी
खेलनीति के पोडकास्ट पर बात करते हुए उन्होंने कहा,'मुंबई इंडियंस की टीम इस सीजन ट्रेंट बोल्ट को बहुत ज्यादा मिस करने वाली है। उनसे हिसाब लगाने में बड़ी गलती हो गई है। बोल्ट और जसप्रीत बुमराह ने मुंबई के लिये कई मैचों में जीत हासिल की है। मुझे नहीं पता कि उन्होंने बोल्ट को कैसे जाने दिया।'
उल्लेखनीय है कि ट्रेंट बोल्ट ने मुंबई इंडियंस के लिये आईपीएल 2020 में जुड़ने के बाद पांचवा खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई और टीम को उस पावरप्ले में विकेट दिलाकर जीत दिलायी। ट्रेंट बोल्ट ने उस सीजन 25 विकेट हासिल किये थे जबकि आईपीएल 2021 के 14 मैचों में उन्होंने 13 विकेट हासिल किये। मुंबई की टीम ने इस सीजन डैनियल सैम्स, जयदेव उनादकट और टिमिल मिल्स को मौका दिया है।

मुंबई ने की बोल्ट की जगह भरने की कोशिश
राजकुमार शर्मा का मानना है कि मुंबई की टीम ने आईपीएल ऑक्शन के दौरान जिस तरह से गेंदबाजों की खरादारी की उससे यही लग रहा था कि वो अपने लाइन अप में बोल्ट के खालीपन को भरने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा,'ट्रेंट बोल्ट की गैरमौजूदगी और खालीपन को भरने के लिये मुंबई की टीम उनादकट के पीछे गई जिन्होंने सौराष्ट्र के लिये हाल ही में अच्छा प्रदर्शन किया था। बोल्ट महंगे साबित हो सकते थे लेकिन उनके पास अनुभव है जो कि उम्मीद देता है कि वो आपको नतीजे दे सकते हैं। उनकी जगह मुंबई की ओर से चुने गये बाकी के दो बायें हाथ के सीमर सिर्फ बैक अप गेंदबाज नजर आते हैं।'

पोलार्ड को मिलेगी अहम जिम्मेदारी
राजकुमार शर्मा ने इस दौरान मुंबई की बल्लेबाजी लाइन अप में एक और बड़ी गलती का खुलासा किया और कहा कि इस कमी को दूर करने के लिये वेस्टइंडीज के कप्तान कायरन पोलार्ड को फ्रैंचाइजी में अहम रोल निभाना होगा।
उन्होंने कहा,'टी20 क्रिकेट में आपको 4-5 बल्लेबाजों से ज्यादा की दरकार नहीं होती, आप उनके साथ ऑलराउंडर्स रखते हैं। अगर आपके टॉप 4-5 ब्ललेबाज 20 ओवर नहीं खेल पा रहे तो फिर उनके होने को क्या मतलब है। लेकिन हां मुंबई इंडियंस की टीम ऑलराउंडर्स के विभाग में कमजोर नजर आ रही है और कायरन पोलार्ड को काफी बड़ा रोल निभाना पड़ेगा। वह मुंबई की टीम के मध्यक्रम ऑर्डर में काफी अनुभवी बल्लेबाज हैं और उनके लिये इस बार पारी को संभालने की जिम्मेदारी होगी।'












Click it and Unblock the Notifications