IPL 2022 में कौन करे आरसीबी के लिये पारी का आगाज, कोहली के लिये वसीम जाफर ने चुना पसंदीदा स्थान
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का आगाज 26 मार्च 2022 से शुरू होने जा रहा है, जिसका पहला मैच चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जाना है। वहीं पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम नये कप्तान फाफ डुप्लेसिस के नेतृत्व में खेलती नजर आयेगी। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि नये कप्तान के नेतृत्व में आरसीबी की टीम किस बल्लेबाजी क्रम के साथ खेलती नजर आयेगी। इस बीच भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर ने अपनी राय देते हुए बताया है कि आरसीबी को किस जोड़ी के साथ पारी का आगाज कराना चाहिये।

वसीम जाफर का मानना है कि विराट कोहली को आगामी सीजन में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करनी चाहिये क्योंकि अगर वो इस नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे तो वो कभी भी पारी की गति को बढ़ा सकते हैं और परिस्थिति के अनुसार खेल सकते हैं। कोहली को अपनी बल्लेबाजी में समय लेना पसंद हैं हालांकि अगर वो पारी का आगाज करेंगे तो उन पर तेजी से रन बनाने का दबाव बढ़ेगा।
और पढ़ें: IPL बनाम PSL की डिबेट पर रॉबिन उथप्पा ने दिया मुंहतोड़ जवाब, बंद हो गई पाक पत्रकार की बोलती

कोहली को करनी चाहिये नंबर 3 पर बल्लेबाजी
ईएसपीएन क्रिकइंफो से बात करते हुए जाफर ने कहा,'मेरे हिसाब से विराट कोहली को नंबर 3 पर बल्लेबाजी करनी चाहिये। मुझे लगता है कि वो कभी भी पारी की गति बढ़ा सकते हैं फिर चाहे वो पावरप्ले में बल्लेबाजी करने आये या फिर उसके बाद। वो ऐसे खिलाड़ी हैं जो कभी भी स्ट्राइक रेट को बढ़ा सकते हैं। पावरप्ले में वो क्रीज का इस्तेमाल कर तेजी से मारने की ओर देखेंगे जो कि मुझे उनका गेम नहीं लगता। वह काफी सफल रहे हैं लेकिन मुझे लगता है कि नंबर 3 उनके लिये बेहतर स्थान होगा।'

विराट-डुप्लेसिस में क्या है अंतर
वसीम जाफर ने आगे बात करते हुए कहा कि विराट कोहली और फाफ डुप्लेसिस लगभग एक जैसी स्टाइल से बल्लेबाजी करते हैं तो उन्हें डुप्लेसिस को ओपनिंग करनी चाहिये। वहीं ग्लेन मैक्सवेल को नंबर 4 पर भेजकर टीम के पावर हिटिंग को ज्यादा मजबूत करना चाहिये। वसीम जाफर का मानना है कि आरसीबी को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करने वाले अनुज रावत को फाफ डुप्लेसिस के साथ पारी का आगाज करने के लिये भेजना चाहिये। गौरतलब है कि डुप्लेसिस ने पिछले कुछ सीजन के दौरान सीएसके के लिये पारी का आगाज करते हुए जमकर रन बनाये हैं।

डुप्लेसिस के साथ अनुज रावत करें पारी का आगाज
जाफर ने कहा,'मुझे भी लगता है कि फाफ डुप्लेसिस और विराट कोहली एक जैसा खेलते हैं और नंबर 3 पर खेल सकते हैं लेकिन डुप्लेसिस लगातार ओपनिंग कर के आ रहे हैं तो वो ज्यादा बेहतर उम्मीदवार बनेंगे। ग्लेन मैक्सवेल को नंबर 4 पर खेलने के लिये भेजना चाहिये। अनुज रावत को पारी का आगाज करने के लिये भेजना चाहिये जिन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में दिल्ली के लिये पारी का आगाज करते हुए पावरप्ले में रन बनाये।'












Click it and Unblock the Notifications