IPL 2022: मुंबई के लिये डेब्यू मैच में चमके कुमार कार्तिकेय, बटलर ने बचाई राजस्थान की लाज
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 44वां मैच डीवाई पाटिल स्टेडियम पर खेला जा रहा है, जिसमें अपनी पहली जीत की तलाश कर रही मुंबई इंडियंस की टीम का सामना राजस्थान रॉयल्स से हो रहा है। अंकतालिका में दूसरे पायदान पर काबिज राजस्थान रॉयल्स की टीम के लिये यह मैच काफी खास है क्योंकि वो अपनी टीम को पहला खिताब जिताने वाले कप्तान शेन वॉर्न के लिये इस मैच में खास जर्सी पहनकर श्रद्धांजलि देने उतरी है तो वहीं पर मुंबई इंडियंस की टीम लगातार 8 मैचों से चले आ रहे हार के सिलसिले को तोड़कर सीजन की पहली जीत तलाश रही है।

मुंबई इंडियंस की टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और अपनी प्लेइंग 11 में बदलाव करते हुए टिम डेविड को वापस बुलाया है तो वहीं पर कुमार कार्तिकेय को डेब्यू करने का मौका दिया। गेंदबाजी में मुंबई इंडियंस की टीम को इसका फायदा भी हुआ और उसने अपने गेंदबाजों के दम पर निर्धारित 20 ओवर्स में 6 विकेट चटकाकर महज 158 रन पर रोक दिया।

डेब्यू मैच में चमके कुमार कार्तिकेय
मुंबई इंडियंस के लिये इस मैच में ऋतिक शौकीन (2 विकेट), राइली मेरेडिथ (2 विकेट), कुमार कार्तिकेय (1 विकेट) और डैनियल सैम्स (1 विकेट) ने शानदार गेंदबाजी की, जिसके चलते राजस्थान रॉयल्स की टीम कभी भी रनों की गति को बढ़ा पाने में कामयाब नहीं हो सकी। मुंबई के लिये इस मैच में डेब्यू कर रहे कुमार कार्तिकेय ने सबसे ज्यादा प्रभावित किया जिन्होंने अपने पहले ओवर की दूसरी ही गेंद पर संजू सैमसन का विकेट लेकर यादगार डेब्यू किया तो वहीं पर अपने 4 ओवर के स्पेल में महज 19 रन देकर राजस्थान की बल्लेबाजी को खामोश रखा।

फिर खेवनहार बने बटलर
वहीं पर राजस्थान रॉयल्स के लिये जोस बटलर एक बार फिर खेवनहार बनकर उभरे, जिन्होंने 67 रनों की अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम के स्कोर को संभालने का काम किया। बटलर ने इस मैच में काफी धीमी शुरुआत करते हुए पहली 46 गेंदों में सिर्फ 43 रन बनाये थे लेकिन ऋतिक शौकीन के एक ओवर में लगातार 4 छक्के लगाकर न सिर्फ अपना अर्धशतक पूरा किया बल्कि अपनी पारी को 67 रन पर पहुंचा दिया। इन 4 छक्कों के साथ ही जोस बटलर राजस्थान रॉयल्स के लिये एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गये हैं, जिन्होंने अब तक 566 रन बना लिये हैं।

बटलर ने तोड़ा रहाणे का रिकॉर्ड
बटलर से पहले यह रिकॉर्ड अजिंक्य रहाणे के नाम था जिन्होंने 2012 के सीजन में 560 रन बनाये थे तो वहीं पर 2018 में जोस बटलर ने 548 रन बनाये थे। शेन वॉटसन ने 2013 के सीजन में 543 रन बनाये थे तो वहीं पर 2012 के सीजन में अजिंक्य रहाणे ने 540 रन बनाये थे। बटलर के अलावा रविचंद्रन अश्विन (21) ने भी 9 गेंदों में 3 चौके और एक छक्के के दम पर 21 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली और अपनी टीम के स्कोर को 158 पर पहुंचाया।












Click it and Unblock the Notifications