काउंटी चैम्पियनशिप में पुजारा ने लगाई शतकों की हैट्रिक, वायरल हुआ रिजवान के साथ ड्रीम पार्टनरशिप का वीडियो
नई दिल्ली। भारत में खेली जा रही इंडियन प्रीमियर लीग के तेजतर्रार शो से दूर भारतीय टेस्ट टीम के दिग्गज खिलाड़ी चेतेश्वर पुजारा इंग्लैंड में खेली जा रही काउंटी चैम्पियनशिप का हिस्सा बन रहे हैं। ससेक्स की ओर से खेलते हुए इस भारतीय खिलाड़ी ने रनों का अंबार लगा दिया है और काउंटी डिविजन 2 में डरहम के खिलाफ खेले जा रहे मैच में शतकों की हैट्रिक पूरी कर ली है। चेतेश्वर पुजारा के लिये पिछले दो साल कुछ खास नहीं गुजरे हैं और वो महज 20 की औसत से ही रन बना पाये हैं जबकि जनवरी 2019 के बाद से एक भी शतक लगा पाने में नाकाम रहे हैं।

इसके चलते जब साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम को 2-1 से हार का सामना करना पड़ा तो चयनकर्ताओं ने उन्हें श्रीलंका के खिलाफ सीरीज से उन्हें बाहर कर दिया। पुजारा अपने प्रदर्शन के जरिये टीम में वापसी करने की कोशिश करते हुए नजर आ रहे हैं, इसी को देखते हुए उन्होंने काउंटी चैम्पियनशिप में खेलने का फैसला किया जहां पर उन्होंने शतकों की हैट्रिक लगा दी है।

पुजारा ने लगाई शतकों की हैट्रिक
चेतेश्वर पुजारा ने डरहम के खिलाफ खेले जा रहे इस मैच में चेतेश्वर पुजारा ने मुश्किल में फंसी ससेक्स की टीम को एक बार फिर से बचाने का काम किया और काउंटी चैम्पियनशिप के इस सीजन का दूसरा दोहरा और लगातार तीसरा शतक जड़ने का काम किया। डरहम की टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 223 रनों का स्कोर खड़ा किया जिसके जवाब में ससेक्स की टीम ने 108 रन के स्कोर पर अपने 3 विकेट खो दिये थे, यहां पर चेतेश्वर पुजारा बल्लेबाजी करने आये और एलसोप (66) के साथ 99 रनों की साझेदारी कर डाली तो वहीं पर टॉम क्लार्क (50) के साथ पांचवे विकेट के लिये 150 रनों की साझेदारी करते हुए अपना तीसरा शतक पूरा किया।

पांच पारियों में ठोंका दूसरा दोहरा शतक
शनिवार को अपनी पारी को आगे बढ़ाते हुए चेतेश्वर पुजारा ने पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान (79) के साथ 154 रनों की साझेदारी की और अपने शतक को दोहरे शतक में तब्दील किया। चेतेश्वर पुजारा ने अपनी पारी के दौरान 334 गेंदों का सामना किया और 24 चौकों की मदद से 203 रनों की पारी खेली। पुजारा ने अपनी इन पारियों के दम पर धीमी बल्लेबाजी करने के अपने टैग को उखाड़ फेंका है क्योंकि काउंटी चैम्पियनशिप की इन पारियों के दौरान उन्होंने लगभग 70 की स्ट्राइक रेट से रन बनाये हैं।

रिजवान के साथ की ड्रीम पार्टनरशिप
पुजारा की इस पारी को वीडियो ससेक्स की टीम ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से शेयर किया है जिसमें वो स्क्वॉयर ड्राइव्स, कट शॉट और स्ट्रेट ड्राइव खेलते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं उनकी इस पारी से क्रिकेट प्रेमियों का वो सपना सच हो गया जिसके बारे में फैन्स सिर्फ ख्यालों में ही सोचा करते थे। फैन्स हमेशा से भारत और पाकिस्तान के बल्लेबाजों को एक टीम में देखने की चाहत रखते हैं लेकिन मोहम्मद रिजवान और पुजारा की इस पारी ने उनके इस सपने को पूरा कर दिया है। पुजारा ने अब ससेक्स की ओर से खेलते हुए 5 पारियों में 2 दोहरे शतक के साथ 3 शतक पूरे कर लिये हैं। पुजारा ने अपनी पहली पारी में महज 6 रन बनाये थे जबकि दूसरी पारी में नाबाद 201 रन बनाकर डर्बीशायर के खिलाफ मैच को ड्रॉ कराया था।
इंग्लैंड दौरे पर कर सकते हैं वापसी
वहीं वर्सिटरशायर के खिलाफ पुजारा ने पहली पारी में 109 रनों की पारी खेली थी, जबकि दूसरी पारी में महज 12 रन ही बना पाये थे और अपनी टीम को 34 रन की हार से बचाने में नाकाम रहे थे। डरहम के खिलाफ 203 रनों की पारी से उन्होंने ससेक्स को एक बड़ी बढ़त दिला दी है और जीत की कगार पर पहुंचा दिया है। गौरतलब है कि भारतीय टीम को आईपीएल के बाद इंग्लैंड के खिलाफ एक टेस्ट मैच के लिये दौरा करना है, ऐसे में पुजारा की शानदार फॉर्म उनकी टीम में वापसी करा सकती है। आपको बता दें कि पुजारा और रिजवान की इस साझेदारी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications