LSG vs GT: शमी की आंधी में उड़ा था लखनऊ, फिर डेब्यूटेंट बदौनी- हुड्डा की जोड़ी ने करायी वापसी
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का रोमांच अपने चरम पर है, जिसके चौथे मैच में पहली बार खेल रही लखनऊ सुपजाएंटस और गुजरात टाइटंस के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल रहा है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर खेले जा रहे इस मैच में फैन्स को जहां पहले गुजरात टाइटंस की जबरदस्त गेंदबाजी का नजारा देखने को मिला तो वहीं पर लखनऊ सुपरजाएंटस ने वापसी करते हुए अपनी टीम को एक सम्मानजनक स्कोर पर पहुंचाकर टीम को लड़ने का मौका दिया।

गुजरात टाइटंस की टीम के लिये हार्दिक पांड्या ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और तेज गेंदबाजों के दम पर पावरप्ले में लखनऊ की टीम के 4 विकेट हासिल कर लिये। 6 ओवर के बाद लखनऊ की टीम सिर्फ 32 रन ही बना सकी थी और 4 विकेट खो चुकी थी। हालांकि जब पारी का समापन हुआ तो लखनऊ की टीम ने निर्धारित 20 ओवर्स में 6 विकेट खोकर 158 रन बना लिये और अपनी टीम को एक लड़ने वाला स्कोर दिया।
और पढ़ें: अगर आईपीएल नीलामी में जाते रवि शास्त्री तो कितना मिलता पैसा, खुद किया रकम का खुलासा

दीपक हुड्डा ने विस्फोटक 50 ठोंक करायी वापसी
पावरप्ले के बाद लखनऊ के लिये दीपक हुड्डा (55) और डेब्यू कर रहे युवा खिलाड़ी आयुष बदौनी (35) ने 87 रनों की शानदार साझेदारी कर अपनी टीम की वापसी करा दी। दीपक हुड्डा ने यहां पर 41 गेंदों का सामना कर 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से अपने आईपीएल करियर का चौथा अर्धशतक लगाया और लड़खड़ा रही लखनऊ की मैच में वापसी करा दी। वहीं आयुष बदौनी ने भी इस साझेदारी में दीपक हुड्डा का भरपूर साथ दिया और 2 चौके और 2 छक्के लगाकर बड़ी पारी खेली। राशिद खान ने इस साझेदारी को तोड़कर अपनी टीम की वापसी करायी और गुजरात को तेजी से रन बनाने से रोका।

डेब्यू मैच में बदौनी ने ठोंका पचासा
लखनऊ सुपरजाएंटस के लिये दीपक हुड्डा के आउट होने के बाद आयुष बदौनी ने क्रुणाल पांड्या के साथ मिलकर पारी को संभाला और छठे विकेट के लिये 50 रनों की साझेदारी कर डाली। इस दौरान आयुष बदौनी ने अपने आईपीएल के डेब्यू मैच में पचास रन ठोंकने का कारनामा किया। बदौनी ने महज 38 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। बदौनी ने अपना अर्धशतक पूरा करने के लिये छक्के का सहारा लिया।

सिर्फ एक मैच के बाद ही बदौनी को मिला डेब्यू का मौका
गौरतलब है कि आयुष बदौनी ने आईपीएल में अपने डेब्यू से पहले सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में सिर्फ एक ही मैच खेला था जिसमें सिर्फ 8 रन की ही पारी खेली थी, लेकिन विजय दहिया के टैलेंट स्काउट की खोज पर गंभीर ने भरोसा जताया और बदौनी उस भरोसे पर पूरी तरह से खरे उतरे। आयुष बदौनी ने लखनऊ सुपरजाएंटस के लिये 41 गेंदों का सामना किया और 4 चौके, 5 छक्के की मदद से 54 रनों की पारी खेली।

शमी ने पहली बार पावरप्ले में झटके 3 विकेट
इससे पहले मोहम्मद शमी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अपनी टीम को 3 बड़ी सफलता दिलायी और लखनऊ सुपरजाएंटस के टॉप ऑर्डर को बिखेर कर रख दिया। मोहम्मद शमी ने पारी की पहली ही गेंद पर लखनऊ सुपरजाएंटस के कप्तान केएल राहुल को मैथ्यू वेड के हाथों कैच कराकर गोल्डन डक पर वापस भेज दिया। वहीं अपने दूसरे ओवर में शमी ने क्विंटन डिकॉक (7) को बोल्ड मारकर दूसरी सफलता दिलायी। वरुण एरॉन ने भी शमी का साथ देते हुए अगले ही ओवर में एविन लुईस का विकेट हासिल किया, जिन्हें शुबमन गिल ने बेहतरीन कैच पकड़ कर आउट किया। तो वहीं पर मोहम्मद शमी ने अगले ओवर में तीसरी सफलता दिलाते हुए मनीष पांडे को बोल्ड मारा। गौरतलब है कि मोहम्मद शमी के करियर में यह पहला मौका रहा जब उन्होंने पावरप्ले के अंदर 3 विकेट हासिल किये।












Click it and Unblock the Notifications