'उसने अपनी मां से वादा किया था', वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिकेटर ने सुनाई दिल्ली के हीरो की कहानी
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 41वां मैच दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के बीच खेला गया, जहां पर दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने एक बार फिर से शानदार प्रदर्शन करते हुए इस सीजन दूसरी बार कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम को मात देने का कारनामा किया। जहां दिल्ली कैपिटल्स की टीम के लिये यह सीजन की चौथी जीत रही तो वहीं पर केकेआर की टीम को लगातार 5वें मैच में हार का सामना करना पड़ा है। दिल्ली कैपिटल्स की टीम को कोलकाता के खिलाफ खेले गये इस मैच में मिली जीत के पीछे जहां कुलदीप यादव की शानदार गेंदबाजी का हाथ रहा तो वहीं पर उसके विस्फोटक बल्लेबाज रोवमैन पॉवेल ने भी नाबाद पारी खेलकर अपनी टीम को एक ओवर पहले जीत दिला दी।

147 रनों का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने शुरुआत तो अच्छी की थी लेकिन बीच के ओवर्स में पंत की टीम का मध्यक्रम लड़खड़ा गया, तभी दिल्ली कैपिटल्स के लिये रोवमैन पॉवेल ने 16 गेंदों में नाबाद 33 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई। पॉवेल से पहले सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने 26 गेंदों में 42 रनों की पारी खेली थी लेकिन लगातार विकेट खोने के चलते टीम का स्कोर 113 रन पर 6 विकेट हो गया था।
और पढ़ें: T20 WC की टीम में पंत के रहते कैसे फिट हो सकते हैं दिनेश कार्तिक, पूर्व कीवी दिग्गज ने सुझाया रास्ता

पॉवेल ने भी किया है करियर में संघर्ष
हालांकि पॉवेल ने एक बार फिर से अपने बड़े शॉट लगाने की काबिलियत को साबित किया और 4 विकेट की आसान जीत दिला दी। रॉवमेन पॉवेल ने इस सीजन सिर्फ 67 रन ही बनाये थे लेकिन उन्होंने सही समय पर अपनी लय को हासिल कर लिया। कई खिलाड़ियों की तरह पॉवेल के के करियर की शुरुआत भी आसान नहीं थी। इस खेल ने जमैका के खिलाड़ी के जीवन को पूरी तरह से बदल दिया जिसने अपनी मां को वादा किया था कि वो उनकी गरीबी को दूर करेंगे। वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज इयान बिशप ने भी इस युवा कैरिबियाई खिलाड़ी की तारीफ की है और कहा कि वो जानते हैं कि पॉवेल ने कितना संघर्ष किया है और वो दिल से चाहते हैं कि पॉवेल अपने करियर में सफलता प्राप्त करें।

सेकेंडरी स्कूल के दौरान ही मां से किया था वादा
उन्होंने कहा,'अगर किसी के पास 10 मिनट का समय हो तो वो रोवमैन पॉवेल के जीवन की कहानी पर एक नजर डाले, आप देखेंगे कि मेरे समेत कई सारे लोग इस बात से खुश हैं कि उसे आईपीएल में खेलने का मौका मिला। आपको पता चलेगा कि उनके करियर की शुरुआत कितनी मुश्किल रही थी। उसने अपनी मां से वादा किया था कि वो अपने परिवार को गरीबी के अंधेरे से बाहर निकालेगा और वो भी तब जब वो सेकेंडरी स्कूल में पढ़ा करते थे। वो अपने उस सपने को जी रहे हैं। जो कि अपने आप में काफी महान है।'

बल्लेबाजी में आया है काफी बदलाव
बिशप ने आगे बात करते हुए कहा कि मैं उस वक्त के बारे में सोच रहा था जब उन्होंने आदिल राशिद और मोइन अली के खिलाफ खेलते हुए शतक लगाया था। इतना ही नहीं फरवरी में इस साल जब वो भारत के खिलाफ खेलने आये थे तो वहां पर उनका औसत 43 का था। तब से लेकर अब तक उनमें काफी बदलाव आया है और न सिर्फ स्पिन बल्कि तेज गेंदबाजी के खिलाफ भी वो बेहतर टेम्परामेंट के साथ खेल रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि अपनी मैच जिताऊ पारी के दम पर रॉवमैन पॉवेल ने दिल्ली कैपिटल्स की टीम के कप्तान ऋषभ पंत की भी तारीफ हासिल की जिन्होंने इस विस्फोटक बल्लेबाज में फिनिशर की झलक देखी है। पॉवेल ने अपनी तेजतर्रार 33 रनों की पारी के अंदर 3 छक्के और एक चौके लगाये।

पंत ने भी की है पॉवेल की तारीफ
पोस्ट मैच प्रजेंटेशन के दौरान ऋषभ पंत ने कहा,'हम अपनी गलती के बारे में सोच रहे थे क्योंकि बीच में हमने काफी सारे विकेट खो दिये थे, लेकिन उसी वक्त हमें इस बात का भी अंदाजा था कि अगर हम मैच को गहराई तक लेकर जायेंगे तो हम मैच जीत सकते हैं। हम पॉवेल को फिनिशर के रूप में देखते हैं लेकिन जैसी परिस्थिति में हम आज थे वहां से उसका उभर कर आना और टीम को जिताना काफी शानदार है। हम फिलहाल अंकतालिका के बारे में नहीं सोच रहे बस सिर्फ एक समय पर एक मैच पर नजर बनाये हुए हैं।'












Click it and Unblock the Notifications