T20 WC की टीम में पंत के रहते कैसे फिट हो सकते हैं दिनेश कार्तिक, पूर्व कीवी दिग्गज ने सुझाया रास्ता
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन के 27वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम अपना छठा मैच खेलने के लिये दिल्ली कैपिटल्स के सामने उतरी थी, जहां पर मुश्किल में फंसी आरसीबी की टीम के लिये एक बार फिर से विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने न सिर्फ मैच बचाने का काम किया बल्कि अपनी तेज तर्रार पारी के दम पर टीम को टूर्नामेंट की चौथी जीत भी दिलाई। वानखेड़े के मैदान पर खेले गये इस मैच में आरसीबी की टीम ने 12वें ओवर में महज 92 रन के स्कोर पर अपने 5 विकेट खो दिये थे लेकिन दिनेश कार्तिक ने 34 गेंदों में 5 चौके और 5 छक्के लगाकर नाबाद 66 रनों की पारी खेली और अपनी टीम को 189 रन के स्कोर तक पहुंचा दिया।

दिनेश कार्तिक ने शाहबाज अहमद के साथ छठे विकेट के लिये आईपीएल के इतिहास की तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी करते हुए 97 रन जोड़े। वहीं 190 रनों का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने ताबड़तोड़ शुरुआत की लेकिन बीच के ओवर्स में रन गति बरकरार नहीं रख पाने की वजह से अंत में 16 रनों से मैच हार गई।
और पढ़ें: ललित यादव का सुपर थ्रो देख हैरान रह गये दिग्गज, 9 साल बाद कोहली के नाम हुआ अनचाहा रिकॉर्ड

अब तक बेहद शानदार रहा है कार्तिक का प्रदर्शन
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम ने इस सीजन से पहले हुई मेगा नीलामी में दिनेश कार्तिक को 5.50 करोड़ रुपये देकर अपने खेमे से जोड़ा था जो उसके लिये आईपीएल के इतिहास की सबसे अच्छी खरीदारी साबित हुए हैं। दिनेश कार्तिक ने इस सीजन खेले गये 6 मैचों में आरसीबी के लिये फिनिशर की भूमिका निभाते हुए 197 रनों का योगदान दिया है। कार्तिक ने इस दौरान 223 की स्ट्राइक रेट से रन बनाये हैं तो वहीं पर 6 पारियों में से सिर्फ एक ही बार आउट होने के चलते उनके रन बनाने की औसत 197 की पहुंची हुई है। आईपीएल 2022 में दिनेश कार्तिक ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है उसे देखकर कई खेल विशेषज्ञों का मानना है कि वो इस साल ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले टी20 विश्वकप में भारतीय टीम के लिये फिनिशर की भूमिका निभा सकते हैं।

ऐसे विश्वकप टीम में साथ जा सकते हैं दिनेश कार्तिक
हालांकि टी20 विश्वकप के लिये ऋषभ पंत का खेलना पहले से ही तय नजर आ रहा है तो वहीं पर केएल राहुल टीम के बैकअप विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में खेलेंगे, ऐसे में दिनेश कार्तिक को टीम में शामिल करना मुश्किल नजर आ रहा है। हालांकि न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर साइमन डल ने वो रास्ता बताया है जिसके जरिये दिनेश कार्तिक को प्लेइंग 11 में शामिल किया जा सकता है।
आरसीबी के इस सीजन में चौथी जीत हासिल करने के बाद डल ने पोस्ट मैच शो में बात करते हुए कहा,'मैं सोच रहा था कि दिनेश कार्तिक इस साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया कैसे जा सकते हैं। भारत के पास ऋषभ पंत और केएल राहुल के तौर पर पहले से दो विकेटकीपर हैं। ऐसे में आप डीके को साथ नहीं ले जा सकते हैं। लेकिन आप उन्हें बतौर बैकअप बल्लेबाज टीम के साथ ले जा सकते हैं क्योंकि वो नंबर 5, 6 और 7 पर बल्लेबाजी कर सकते हैं। वो इस समय बहुत शानदार खेल रहे हैं जो उन्हें बहुत ज्यादा आत्म-विश्वास देगा।'

क्यों है कार्तिक बाकी बल्लेबाजों से बेहतर
साइमन डल ने आगे बात करते हुए कहा कि राहुल तेवितया से इस बारे में जरूर कुछ बात करते नजर आयेंगे, लेकिन कार्तिक वहां पर अपनी जगह पक्की कर के बैठे हैं। उनके पास हर वो कला है जिससे मुश्किल में फंसी टीम को बाहर निकाला जाये। वो जानते हैं कि बाउंड्रीज कैसे निकाली जा सकती हैं। मुझे लगता है कि दिनेश कार्तिक और अन्य बल्लेबाजों के बीच यह सबसे बड़ा अंतर है।












Click it and Unblock the Notifications