धक-धक करने वाले ओवर में हार्दिक पांड्या ने डेविड मिलर पर खोया आपा, गुस्सा होकर पवेलियन लौटे
मुंबई, 9 अप्रैल: आईपीएल 2022 में एक और रोमांचक मुकाबला तब देखने को मिला जब मुंबई के ब्राबोर्न स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स की टीम एक दूसरे के आमने सामने थी। इस मुकाबले में गुजरात की टीम को अंतिम 2 गेंद पर जीत के लिए 12 रन चाहिए थे और राहुल तेवतिया ने इनको भी हासिल करके दिखा दिया जब उन्होंने ऑडियन स्मिथ की लगातार दो गेंदों पर 2 छक्के जड़ दिए और इस तरह से हार्दिक पंड्या की टीम आखिरी गेंद पर यह मुकाबला जीतने में कामयाब रही।
यह भी पढ़ें- तेवतिया के छक्कों के बीच धवन ने चौकों से रच दिया इतिहास

मैच पूरी तरह ड्रामे से भरपूर रहा
जाहिर है यह मैच पूरी तरह ड्रामे से भरपूर रहा कई नाटकीय घटनाक्रम हुए जिन्होंने फैंस को दांतो तले अपनी उंगली दबाने के लिए मजबूर किया।
राहुल तेवतिया का आगमन तब हुआ जब हार्दिक पंड्या एक दुर्भाग्यपूर्ण अंदाज में रन आउट हो गए थे। यह अंतिम ओवर की पहली गेंद थी जिसको डेविड मिलर ने मिस कर दिया था और वे बाई के द्वारा 1 रन हासिल करने की ओर भाग रहे थे लेकिन गेंद विकेटकीपर जॉनी बेयरस्टो के दस्ताने में समा चुकी थी और उन्होंने हार्दिक पंड्या को स्ट्राइकर एंड पर आने से पहले ही रन आउट कर दिया।

हार्दिक पंड्या काफी झल्ला उठे
इस तरह आउट होने के बाद हार्दिक पंड्या काफी झल्ला उठे और उन्होंने अपना आपा खो दिया था क्योंकि वह डेविड मिलर की ओर चिल्लाते हुए देखे गए। इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका का यह बल्लेबाज डेविड मिलर भी कहीं ना कहीं मान रहा था कि मैच शायद अब गुजरात के पाले से जा चुका है।
हालांकि राहुल तेवतिया के कुछ और ही प्लान थे और उन्होंने ब्राब्रोन स्टेडियम को शारजाह में तब्दील कर दिया और आखिरी दो गेंदों पर छक्का मारकर एक बार फिर से पंजाब किंग्स के फ्यूज को उड़ा दिया। इससे पहले भी वे पंजाब किंग्स के खिलाफ कुछ ऐसा ही आतंक 2020 के सीजन में मचा चुके है।
हार्दिक पंड्या की अगुवाई में लगातार तीसरी जीत
हालांकि डेविड मिलर नाबाद रहे लेकिन वे 4 गेंदों पर 6 रन बना पाए इसके अलावा हार्दिक पंड्या ने 18 गेंदों पर पांच चौके लगाकर 27 रनों की पारी खेली थी। इस मैच को इतने बेहतरीन मुकाम तक ले जाने के लिए अर्शदीप सिंह और कैगिसो रबाडा की तारीफ करनी होगी जिन्होंने कसी हुई बॉलिंग से गुजरात टाइटंस को बांधा।
दूसरी और गुजरात टाइटंस की टीम अपने ऑलराउंड कप्तान हार्दिक पंड्या की अगुवाई में लगातार तीसरा मुकाबला जीत चुकी है और फिलहाल अंक तालिका में टॉप से दूसरे स्थान पर है। टॉप पर मौजूद कोलकाता नाइट राइडर्स दूसरे स्थान पर मौजूद है हालांकि केकेआर की टीम ने अब तक चार मैच खेले हैं जबकि गुजरात ने तीन ही मुकाबले खेले हैं और उनका जीत का 100% रिकॉर्ड है।












Click it and Unblock the Notifications