'बटलर का विकेट लेकर मुझे मजा आया', साकरिया-नॉर्खिया ने बताया दिल्ली कैपिटल्स का प्लान
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 58वां मैच दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया, जहां पर ऋषभ पंत की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने करो या मरो के इस मैच में 8 विकेट से जीत हासिल कर प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी (मुंबई) में खेले गये इस मैच में डेविड वॉर्नर (52*) और मिचेल मार्श (89) की अर्धशतकीय पारियों से पहले दिल्ली कैपिटल्स के लिये उसके गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन इसके बावजूद राजस्थान रॉयल्स की टीम ने अश्विन (50) और देवदत्त पाड्डिकल (48) के दम पर 160 रनों का अच्छा स्कोर खड़ा किया।

दिल्ली कैपिटल्स के लिये इस मैच में उसके तेज गेंदबाज चेतन सकारिया ने 23 रन देकर दो अहम विकेट चटकाये तो वहीं पर एनरिक नॉर्खिया ने भी 4 ओवर में 39 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किया। मैच के बाद चेतन सकारिया ने अपने प्रदर्शन को लेकर कहा कि वो टीम की जीत में योगदान देकर काफी खुश हैं।
और पढ़ें: IPL 2022 में ताश के पत्तों की तरह बिखरी CSK, मुंबई ने चाैथी बार कर दिखाया ये कमाल
उन्होंने कहा, "टीम की जीत में योगदान करके वास्तव में अच्छा लगा। मुझे जोस बटलर को आउट करने में बहुत मजा आया क्योंकि वह शानदार फॉर्म में है और उनका विकेट लेना मेरे लिए बहुत बड़ी बात थी। मैंने अपनी योजनाओं को अच्छी तरह से लागू किया और मैं अपने ओवरआल प्रदर्शन से खुश हूं।"
सकारिया ने सोमवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ होने वाले अपनी टीम के अगले मैच से साथियों की मानसिकता के बारे में भी बात की। सकारिया ने कहा, "हम अगले मैच में जितना संभव हो सके रिलैक्स रहने की कोशिश करेंगे। बहुत ज्यादा सोचना अच्छा नहीं है। हम अभी कुछ अच्छे पलों का आनंद लेना चाहेंगे और फिर आने वाले मैच पर ध्यान केंद्रित।"
और पढ़ें: MI vs CSK: मुंबई ने नहीं बल्कि इस नियम ने हिलाई चेन्नई की दुनिया, पावरप्ले में आधी टीम लौटी
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ दो विकेट लेने वाले दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्खिया को उम्मीद है कि दिल्ली फ्रेंचाइजी अपने आखिरी दो लीग मैचों में अपनी अच्छे फॉर्म जारी रखेगा। दिल्ली कैपिटल्स को अगर प्लेऑफ जाना है तो फिर उसे अपने आखिरी दो लीग मैचों में जीत दर्ज करनी होगी।
उन्होंने कहा, "हमें टूर्नामेंट के इस चरण में जीत की जरूरत थी और उम्मीद है कि हम जीत के इस क्रम को अगले दो मैचों में भी जारी रख सकते हैं। वार्नर और मार्श ने वास्तव में अच्छी बल्लेबाजी की। उन्होंने शुरुआत में दबाव को कम किया और फिर अपने सोची-समझी पारी के दम पर टीम को मैच में हावी कर दिया। आपको इस प्रकार की स्थितियों की आदत हो जाती है और फिर आप केवल इस बात पर ध्यान केंद्रित करते हैं कि आपको करना क्या है। हमें इस बारे में विचार करना होगा कि हमें करना क्या है। हमें बस मैदान में जाना है और परिणाम की चिंता किए बगैर अपना काम करना है।"












Click it and Unblock the Notifications