तमिलनाडु में BJP से हाथ मिलाएगी DMK? परिसीमन बिल से पहले CM विजय की पार्टी TVK का दावा, जानिए पूरा सियासी खेल
तमिलनाडु की राजनीति में एक नए गठबंधन की अटकलों ने हलचल मचा दी है। राज्य के मुख्यमंत्री विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने दावा किया है कि एमके स्टालिन के नेतृत्व वाली द्रविड़ मुनेत्र कझगम (DMK) अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ हाथ मिलाने की तैयारी कर रही है। यह सियासी बयानबाजी अगले हफ्ते होने वाले संसद सत्र और उसमें पेश होने वाले परिसीमन विधेयक (Delimitation Bill) की चर्चाओं के बीच तेज हुई है।
हालांकि DMK ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है । सूत्रों के मुताबिक परिसीमन के मुद्दे पर अपना रुख तय करने के लिए DMK नेता जल्द ही एक बैठक करने वाले हैं। बता दें कि दो-तिहाई बहुमत न मिलने के कारण परिसीमन बिल अप्रैल में लोकसभा में गिर गया था लेकिन अब 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होने पर इसके फिर से पेश होने की पूरी उम्मीद है।

केंद्र सरकार ने दोनों सदनों को जरूरी सरकारी कामकाज के लिए फिर से बुलाया है। माना जा रहा है कि परिसीमन से जुड़ा विधेयक दोबारा चर्चा में आ सकता है। अप्रैल में संविधान संशोधन से जुड़ा यह प्रस्ताव लोकसभा में जरूरी दो-तिहाई समर्थन नहीं जुटा पाया था। हालांकि सरकार ने अभी अगले सत्र का पूरा एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया है।
TVK ने DMK पर क्यों लगाया BJP से नजदीकी का आरोप?
TVK और DMK के बीच यह जुबानी जंग दो घटनाओं के बाद भड़की है पहली, नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन की राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात, और दूसरी, DMK के मुखपत्र 'मुरासोली' (Murasoli) में प्रदेश BJP अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन को लेकर छपी एक रिपोर्ट।
TVK का हमला: TVK की आईटी विंग ने पूर्व मुख्यमंत्री सीएन अन्नादुरई के मशहूर कथन "बकरी के लिए दाढ़ी और देश के लिए राज्यपाल का क्या काम है?" का हवाला देते हुए DMK पर अपनी विचारधारा छोड़ने का आरोप लगाया। TVK ने कहा कि जो पार्टी कभी राज्यपाल को विधानसभा में भाषण न देने देने पर गर्व करती थी, वह अब उनके कदमों में गिरने को तैयार है। मुरासोली में छपी रिपोर्ट को भी तमिलनाडु में BJP को बढ़ावा देने की तैयारी बताते हुए कहा गया कि इतिहास खुद को दोहराने जा रहा है।
DMK का पलटवार: एनडीटीवी (NDTV) से बात करते हुए DMK प्रवक्ता सैयद हफीजुल्लाह ने BJP के साथ गठबंधन की बातों को गलत बताया। उन्होंने साफ किया कि मुरासोली में नागेंद्रन का कोई इंटरव्यू नहीं बल्कि सत्तारूढ़ TVK पर लगाए गए उनके आरोपों की खबर छपी थी। राज्यपाल से मुलाकात का बचाव करते हुए हफीजुल्लाह ने कहा कि मौजूदा व्यवस्था में राज्य सरकार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए विपक्ष को राज्यपाल के पास ही जाना पड़ता है, हालांकि राज्यपाल के पद को लेकर DMK का विरोध आज भी कायम है।
7.2% हिस्सेदारी की शर्त और कांग्रेस से 'अलग' होने का एंगल
परिसीमन पर DMK प्रवक्ता ने दोहराया कि सीटों की संख्या बढ़ने के बाद भी संसद में तमिलनाडु की मौजूदा 7.2 प्रतिशत हिस्सेदारी सुरक्षित रहनी चाहिए । जब उनसे पूछा गया कि क्या यह मांग मान लेने पर DMK बिल पर BJP का साथ देगी, तो उन्होंने कोई सीधा वादा करने से इनकार कर दिया । इससे पहले अप्रैल में दक्षिणी राज्यों की चिंताओं को दूर करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भरोसा दिया था कि परिसीमन के बाद सभी राज्यों की सीटों में एकसमान 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी।
सियासी जानकार इस पूरे घटनाक्रम को विधानसभा चुनाव के बाद DMK और कांग्रेस के बीच हुए 'तलाक' से भी जोड़कर देख रहे हैं। चुनाव के बाद कांग्रेस ने विजय की TVK को सरकार बनाने में समर्थन देकर DMK की नाराजगी मोल ली थी। ऐसे में कांग्रेस जिस परिसीमन बिल का विरोध कर रही है, उस पर DMK का नरम रुख या समर्थन अपने पुराने सहयोगी को जवाब देने जैसा हो सकता है। 2013 से केंद्र की सत्ता से बाहर और अब राज्य में कांग्रेस का साथ छूटने के बाद सीमित विकल्पों के बीच सबकी नजरें संसद में DMK के अगले कदम पर टिकी हैं।




Click it and Unblock the Notifications
