धोनी से ज्यादा पैसा मिलने पर दीपक चाहर ने दिया ये बयान, बताया क्यों बिके महंगे
बेंगलुरु। आईपीएल 2022 के लिए हुई मेगा नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने पुराने साथी तेज गेंदबाज दीपक चाहर को खरीदने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। दीपक आईपीएल 2022 की नीलामी के सबसे महंगे में बिकने वाले गेंदबाज हैं। सीएसके ने उन्हें 14 करोड़ रुपए में खरीदा है। चाहर पिछले 4 सालों से सीएसके से ही खेलते आ रहे हैं। वहीं महेंद्र सिंह धोनी को सीएसके ने 12 करोड़ में रिटेन किया था। यानी कि इस बार दीपक चाहर ने धोनी से ज्यादा पैसा कमाया, लेकिन इसको लेकर जब उनसे सवाल किया तो उन्होंने दिल जीतने वाला बयान दिया।
यह भी पढ़ें- IPL 2022 : ये रहे सबसे महंगे टाॅप-5 खिलाड़ी, लिस्ट में सिर्फ एक विदेशी शामिल

धोनी से ज्यादा पैसा मिलने पर दिया ये बयान
दरअसल, पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने स्टार स्पोर्ट्स पर दीपक चाहर से बात की। इस दाैरान कैफ ने सवाल किया कि अब उनकी सैलरी धोनी से ज्यादा हो चुकी है। धोनी को 12 करोड़ मिलेंगे और आप 14 करोड़ के हैं। अब इसके बारे में लोग काफी बात करेंगे। इसका जवाब देते हुए दीपक चाहर ने कहा, '' अगर धोनी भाई का बस चले तो वह खेलने के लिए एक भी पैसा ना लें। वह टीम के सबसे पुराने साथी हैं। वह पैसों के लिए नहीं खेलते। वह केवल अच्छी टीम बनाना चाहते हैं। सीएसके उन्हें नंबर बन पर रिटेन करना चाहती थी, लेकिन उन्होंने खुद मना कर दिया था।'' गाैर हो कि सीएसके ने रविंद्र जडेजा को रिटेन करने के लिए 16 करोड़ रूपए खर्च किए हैं।

बताया क्यों बिके महंगे
इसके अलावा दीपक चाहर ने साफ किया कि बड़ी रकम मिलने का उनपर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा, ''मुझे आईपीएल में सबसे पहले 10 लाख फिर 80 लाख और अब 14 करोड़ मिले हैं, लेकिन इससे मेरे प्रदर्शन में किसी तरह का अंतर नहीं आएगा। मैं बेहतर करने का प्रयास करता हूं और इस बार भी ऐसा ही करना चाहूंगा।'' उन्होंने महंगी बोली के साथ बिकने पर आगे कहा, ''मुझे पता था कि मुझे अपनी पुरानी टीम की ओर से खरीदा जाएगा, लेकिन फिर भी नीलामी में कुछ पता नहीं होता। मैं नर्वस था कि क्या मैं टीम में जाऊंगा, लेकिन टीम ने मुझे पर भरोसा रखा और ज्यादा राशि खर्च की।''

हर परिस्थिति में खेलने के लिए हैं तैयार
दीपक ना सिर्फ गेंदबाजी बल्कि बल्लेबाजी में भी कमाल दिखाते हैं। ऐसे में उनसे जब पूछा गया कि क्या टीम को आपसे अच्छी बल्लेबाज की उम्मीद होगी? जवाब देते हुए दीपक चाहर कहा, ''2018 में धोनी ने मुझे अपने से ऊपर बल्लेबाजी करने के लिए भेजा था और मैं अच्छा खेला था। मैं हर परिस्थिति में खेलने के लिए तैयार हूं। यदि टीम मुझे ऊपर बल्लेबाजी करने के लिए कहती है, तो मैं तैयार हूं। मैं भारतीय टीम के लिए भी अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश कर रहा हूं, उसी तरह का प्रदर्शन सीएसके लिए भी करना चाहूंगा।'' इसके अलावा दीपक ने बताया कि साल 2018 में उन्हें टीम के मालिक एन श्रीनिवासन ने कहा था कि तुम अब हमेशा चेन्नई का हिस्सा रहोगे।
गाैर हो कि 4 बार की चैंपियन सीएसके ने नीलामी से पहले धोनी, जडेजा के अलावा मोईन अली व रुतुराज गायकवाड़ को रिटेन किया था। नीलामी में सीएसके ने अंबाती रायुडू, रोबिन उथप्पा, ड्वेन ब्रावो, तुषार देशपांडे, केएम आसिफ, महीश थिकशाना व शिवम दुबे को भी शामिल किया है।












Click it and Unblock the Notifications