IPL 2022: हर टीम का वो युवा खिलाड़ी जिसने ओपनिंग मैच में छोड़ी छाप, बनायी खास पहचान
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का आगाज हो चुका है, जिसके पहले हफ्ते का रोमांच समाप्त हो चुका है। इस दौरान आईपीएल 2022 में भाग ले रही सभी 10 टीमों ने अपना पहला मैच खेल लिया है, जिसमें से 5 को जीत तो 5 को हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि इस दौरान सभी टीमों में एक ऐसा अनकैप्ड युवा भारतीय खिलाड़ी जरूर दिखा है जिसने अपनी अलग छाप छोड़ी है। इन युवा प्लेयर्स ने कहीं अपनी बल्लेबाजी तो किसी ने अपनी गेंदबाजी से खास पहचान बनायी है तो कुछ युवा प्लेयर्स में भारतीय क्रिकेट के दिग्गज की तस्वीर नजर आयी है।

आईपीएल 2022 के पहले 5 मैचों के बाद आइये एक नजर हर टीम के उन युवा खिलाड़ियों पर डालें जिसने फैन्स को ही नहीं बल्कि अपने खेल से क्रिकेट जगत के दिग्गजों को भी अपना दीवाना बना दिया है।
और पढ़ें: PAK vs AUS: कोहली को पीछे छोड़ बाबर ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले पहले एशियाई बने

ललित यादव (दिल्ली कैपिटल्स)
दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने अपना पहला मैच मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेला जहां पर 15 ओवर्स तक मुंबई की टीम जीत हासिल करती नजर आ रही थी लेकिन ललित यादव ने मुंबई के खिलाफ उस समय टीम को आकर बचाया, जहां पर उसकी हार लगभग तय हो गई थी। ललित ने नाबाद 48 रनों की पारी खेल कर अक्षर पटेल के साथ नाबाद 75 रनों की साझेदारी की और दिल्ली को पहली जीत दिलायी।

तिलक वर्मा (मुंबई इंडियंस)
मुंबई इंडियंस के तिलक वर्मा पहले मैच में भले ही ज्यादा रन नहीं बना सके हों लेकिन उन्होंने जिस अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए शॉट लगाये उसने कई दिग्गजों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। तिलक वर्मा ने महज 21 रनों की पारी खेली लेकिन कई बेहतरीन शॉट लगाये।

शेल्डन जैक्सन (कोलकाता नाइट राइडर्स)
केकेआर के साथ लंबे समय से जुड़े मगर नियमित रूप से नहीं खेलने वाले शेल्डन जैक्सन को चेन्नई के खिलाफ भी देर से खेलने का मौका मिला, लेकिन विकेटकीपिंग में धोनी जैसी फुर्ती दिखाकर उन्होंने रैना समेत कई दिग्गजों की तारीफ हासिल की।

तुषार देशपांडे (चेन्नई सुपर किंग्स)
चेन्नई सुपर किंग्स को भले ही पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा हो लेकिन चाहर की गैरमौजूदगी में तुषार देशपांडे ने जितनी किफायती गेंदबाजी की वो टीम के फ्यूचर प्लान में उन्हें जरूर शामिल करता है। तुषार देशपांडे ने 3 ओवर गेंदबाजी की और महज 21 रन दिये।

अनुज रावत (आरसीबी)
आरसीबी की टीम को पहले मैच में 205 रन बनाने के बावजूद हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इस दौरान ओपनिंग करने आये अनुज रावत ने छोटी लेकिन अच्छी पारी खेलकर सभी को अपनी काबिलियत से रूबरू करा दिया।

शाहरुख खान (पंजाब किंग्स)
घरेलू क्रिकेट में पोलार्ड जैसे फिनिशर का टैलेंट रखने की बड़ी इमेज लेकर आये शाहरुख खान ने पंजाब के लिये पिछले दो सीजन कुछ खास नहीं किया था लेकिन आरसीबी के खिलाफ पहले ही मैच में उन्होंने साबित कर दिया कि उनसे लोगों को इतनी उम्मीद क्यों है।

आयुष बदौनी (लखनऊ सुपर जाएंटस )
अपने पहले ही मैच में 29 रन पर 4 विकेट खो देने वाली लखनऊ सुपर जाएंटस के लिये युवा बल्लेबाज आयुष बदौनी ने इज्जत बचाने का काम किया और अपने डेब्यू मैच में अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को लड़ सकने वाले स्कोर तक पहुंचाया।

अभिनव मनोहर (गुजरात टाइटंस)
गुजरात टाइटंस को मिली पहली जीत का श्रेय भले ही राहुल तेवतिया को दिया जाये लेकिन युवा बैटर अभिनव मनोहर ने जिस तरह से महज 7 गेंदों में 15 रनों की पारी खेलकर मैच को एकतरफा कर दिया वह उनकी फिनिशिंग स्किल्स को बताता है।

उमरान मलिक (सनराइजर्स हैदराबाद)
सनराइजर्स हैदराबाद को भले ही पहले मैच में बुरी हार का सामना करना पड़ा हो लेकिन उमरान मलिक ने जिस तरह से पहले ही ओवर में 150 की स्पीड से गेंद फेंकी उसने बता दिया है कि वो इस सीजन कितने खतरनाक साबित होने वाले हैं। मलिक ने हैदराबाद के लिये 2 विकेट चटकाये।

प्रसिद्ध कृष्णा (राजस्थान रॉयल्स)
राजस्थान रॉयल्स के लिये प्रसिद्ध कृष्णा ने इस मैच में शानदार गेंदबाजी करते हुए न सिर्फ 2 विकेट चटकाये बल्कि फटाफट प्रारूप में एक ओवर मेडेन भी फेंका। कृष्णा ने उन दो बल्लेबाजों का विकेट लिये जो उनकी टीम के लिये मुश्किल खड़ी कर सकते थे।












Click it and Unblock the Notifications