IPL 2022 : नीलामी में लगेगी 590 खिलाड़ियों की बोली, जारी हुई फाइनल लिस्ट
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 की नीलामी के लिए खिलाड़ियों की सूची तैयार हो चुकी है। कुल 590 क्रिकेटर्स नीलामी में शामिल होंगे, जिसमें देश-दुनिया से खिलाड़ी शामिल हैं। नीलामी 12 और 13 फरवरी, 2022 को बेंगलुरु में होगी। नीलामी के लिए पंजीकृत 590 खिलाड़ियों में से 228 कैप्ड खिलाड़ी हैं, जबकि 355 अनकैप्ड खिलाड़ी हैं और 7 एसोसिएट नेशंस के हैं।
यह भी पढ़ें- मोहम्मद शमी बोले- उसकी तुलना कोहली से मत करो, पहले उसे कुछ सालों तक खेलने दो

गेल नहीं हैं हिस्सा
श्रेयस अय्यर, शिखर धवन, आर अश्विन, मोहम्मद शमी, ईशान किशन, अजिंक्य रहाणे, सुरेश रैना, युजवेंद्र चहल, वाशिंगटन सुंदर जैसे खिलाड़ियों की बोली लगती दिखेगी। हालांकि, एबी डिविलियर्स, क्रिस गेल जैसे बड़े नाम जो आईपीएल की शान रहे हैं वह इस बार लिस्ट का हिस्सा नहीं हैं। आईपीएल की 10 टीमें- चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, लखनऊ सुपर जायंट्स, मुंबई इंडियंस, पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, सनराइजर्स हैदराबाद और टीम अहमदाबाद बड़े नामों के लिए बोली लगाएंगे। फाफ डु प्लेसिस, डेविड वार्नर, पैट कमिंस, कैगिसो रबाडा, ट्रेंट बोल्ट, क्विंटन डी कॉक, जॉनी बेयरस्टो, जेसन होल्डर, ड्वेन ब्रावो, शाकिब अल हसन, वानिंदु हसरंगा, जैसे खिलाड़ी मोटी रकम हासिल कर सकते हैं।

48 खिलाड़ियों ने अपना बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए रखा
कोई भी खिलाड़ी अपना बेस प्राइस 2 करोड़ से ऊपर नहीं रख सकता। ऐसे में 48 खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्होंने अपना बेस प्राइस 2 करोड़ रखा है। 20 खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्होंने 1.5 करोड़ रुपए रखा है जबकि 34 खिलाड़ियों 1 करोड़ रुपए अपना बेस प्राइस रखा है। कुल 370 भारतीय खिलाड़ी और 220 विदेशी खिलाड़ी नीलामी में हैं। आईपीएल हमेशा एक ऐसा टूर्नामेंट रहा है जहां प्रतिभा दिखाने का माैका मिलता है। भारत के अंडर 19 सितारे जैसे यश ढुल, विक्की ओस्तवाल, राजवर्धन हैंगरगेकर और कुछ चर्चित भारतीय क्रिकेटरों जैसे देवदत्त पडिक्कल, हर्षल पटेल, क्रुणाल पांड्या, शाहरुख खान, दीपक हुड्डा, अवेश खान, आदि नीलामी के दौरान और फिर सीजन में अपनी नई पहचान बनाने की कोशिश करेंगे।

जानिए किस देश से कितने हैं खिलाड़ी
नीलामी में भारत के बाद सबसे ज्यादा 47 खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया से नीलामी में शामिल होंगे। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के 24-24 खिलाड़ी, विंडीज के 34, साउथ अफ्रीका के 33 खिलाड़ी, श्रीलंका से 23 खिलाड़ी होंगे, जबकि 17 खिलाड़ी अफगानिस्तान से होंगे। बांग्लादेश, आयरलैंड से पांच-पांच, नामीबिया से तीन, नेपाल-जिम्बाब्वे से एक-एक, स्कॉटलैंड से दो और अमेरिका से एक खिलाड़ी नीलामी में नजर आएगा।
सभी 10 टीमों के पास बची हुई राशि-
पीबीकेएस - 72 करोड़
एसआरएच - 68 करोड़
लखनऊ-60 करोड़
आरआर - 62 करोड़
आरसीबी - 57 करोड़
अहमदाबाद- 53 करोड़
मुंबई - 48 करोड़
सीएसके - 48 करोड़
केकेआर - 48 करोड़
डीसी - 47.5 करोड़












Click it and Unblock the Notifications