IND vs WI: टी20 का बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर सकता है भारत, रोहित की निगाह कप्तानी के महारिकॉर्ड पर
नई दिल्ली। भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही द्विपक्षीय सीरीज का आखिरी मैच ईडन गार्डन्स के मैदान पर खेला जाना है, जहां पर भारतीय टीम एक बार फिर जीत हासिल कर वनडे के बाद टी20 सीरीज में भी वेस्टइंडीज को क्लीन स्वीप करना चाहेगी, तो वहीं पर कैरिबियाई टीम कम से कम एक जीत के साथ अपने घर लौटना चाहेगी। भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई 3 मैचों की वनडे सीरीज में 3-0 से जीत हासिल करने के बाद ईडन गार्डन्स पर खेले गये पहले दो टी20 मैच में भी जीत की लय को बरकरार रखा है।

भारत ने टी20 सीरीज के पहले मैच में 6 विकेट से जीत हासिल की थी तो वहीं पर सीरीज के दूसरे मैच में उसने 8 रन की रोमांचक जीत हासिल कर अजेय बढ़त अपने नाम कर ली। ऐसे में रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम सीमित ओवर्स प्रारूप लगातार तीसरी सीरीज में क्लीन स्वीप की ओर बढ़ रहा है।

आईसीसी रैंकिंग में नंबर 1 बन सकती है भारतीय टीम
टी20 विश्वकप के बाद रोहित शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में टीम की कमान संभाली थी जहां पर उसने 3-0 से जीत हासिल करने के बाद वेस्टइंडीज को वनडे में क्लीन स्वीप किया और अब टी20 सीरीज में आखिरी मैच जीतकर क्लीन स्वीप करने की हैट्रिक लगा सकती है। इस बीच भारत को आखिरी मैच में जीत हासिल करने की एक और वजह मिल गई है, जिस पर भारतीय टीम की निगाहें टिकी होंगी। अगर भारतीय टीम सीरीज के आखिरी मैच में जीत हासिल कर लेती है तो वो आईसीसी की टी20 रैंकिंग में टॉप पर पहुंच जायेंगी। भारत ने सीरीज का आगाज 268 रेटिंग प्वाइंट से किया था और फिलहाल इंग्लैंड की टीम टॉप पर काबिज है। आखिरी मैच में जीत के साथ भारतीय टीम रैंकिंग में टॉप पर पहुंच जायेगी।

ऐसा करने वाले पहले कप्तान बन सकते हैं रोहित शर्मा
इस जीत का मतलब है कि रोहित शर्मा टी20 प्रारूप की नियमित कप्तानी संभालने के बाद लगातार दूसरी सीरीज में क्लीन स्वीप कर लेंगे। उल्लेखनीय है कि अगर ऐसा होता है तो भारतीय क्रिकेट टीम के खाते में यह छठा मौका होगा जब वो टी20 प्रारूप में विरोधी टीम का सूपड़ा साफ कर रही होगी। वहीं पर आपको यह जानकर हैरानी होगी कि 6 में से 4 बार भारतीय टीम ने यह कारनामा रोहित शर्मा की कप्तानी में किया है। रोहित शर्मा ने इससे पहले 2017-18 में श्रीलंका के खिलाफ 3-0 से सीरीज अपने नाम की थी, तो वहीं पर वेस्टइंडीज को 2018-19 में 3-0 से हराया था। नवंंबर 2021 में न्यूजीलैंड को भी रोहित शर्मा ने 3-0 से क्लीन स्वीप किया था।
ऐसे में अगर रोहित शर्मा यह कारनामा करने में कामयाब हो जाते हैं तो लगातार 4 टी20 सीरीज (कम से कम 3 मैच) में विरोधी टीम को क्लीन स्वीप करने वाले पहले भारतीय जबकि ओवरऑल 5वें कप्तान बन जायेंगे। इस फेहरिस्त में अफगानिस्तान के कप्तान असगर अफगान (4) और पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सरफराज अहमद (5) का नाम भी शामिल है।

गायकवाड़ को मिल सकता है वापसी का मौका
गौरतलब है कि सीरीज के आखिरी मैच से पहले भारतीय टीम मैनेजमेंट ने पूर्व कप्तान विराट कोहली और ऋषभ पंत को बायोबबल से छुट्टी दे दी है, और श्रीलंका के खिलाफ आयोजित होने वाली टी20 सीरीज में भी शामिल नहीं किया गया है। ऐसे में जब भारतीय टीम कायरन पोलार्ड की टीम के सामने आखिरी मैच खेलने उतरेगी तो ऋतुराज गायकवाड़ को सीरीज में पहली बार प्लेइंग 11 में शामिल किया जा सकता है। अगर ऋतुराज को मौका मिलता है तो वो टीम में पारी का आगाज कर सकते हैं, जबकि ईशान किशन को विराट की जगह पर खेलने को भेजा जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications