'भारतीय मिडिल ऑर्डर में फिट नहीं बैठते हैं ऋषभ पंत', नेहरा ने बताया क्यों मिलने चाहिये खेलने को कम ओवर
नई दिल्ली। भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर खेला गया, जहां पर भारतीय टीम ने आखिरी दो ओवर में मैच का रुख बदल दिया और 8 रन से जीत हासिल कर सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली। इस मैच में भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी कर रही थी और उसने 14 ओवर तक अपने 4 विकेट महज 106 रन पर खो दिये थे। 14वें ओवर में भारत के लिये ऋषभ पंत बल्लेबाज करने के लिये उतरे जिन्होंने महज 28 गेंदों का सामना कर नाबाद 52 रनों की पारी खेली और वेंकटेश अय्यर (33) के साथ 5वें विकेट के लिये 76 रन जोड़ डाले।

ऋषभ पंत की इस जबरदस्त पारी के चलते भारतीय टीम निर्धारित 20 ओवर्स में 5 विकेट खोकर 186 रन का स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही और वेस्टइंडीज के सामने एक चुनौतीपूर्ण लक्ष्य दिया। पंत की वजह से यह स्कोर वेस्टइंडीज के लिये आसान नहीं रहा और भारतीय टीम 2-0 की बढ़त हासिल करने में कामयाब रही।
और पढ़ें: हर्षल पटेल के जबर फैन हुए पाकिस्तान के पूर्व कप्तान, बताया क्या है सबसे बड़ी ताकत

सूर्यकुमार यादव को ऊपर भेजने का फैसला सही
सीरीज के पहले मैच में ऋषभ पंत को नंबर 4 पर बल्लेबाजी के लिये भेजा गया था लेकिन सूर्यकुमार की स्पिनर्स के खिलाफ दमदार पारी के चलते दूसरे मैच में पंत को डिमोट कर पांचवे नंबर पर भेजा गया। इस बीच भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज आशीष नेहरा ने सूर्यकुमार यादव को नंबर 4 पर भेजे जाने के फैसले पर खुशी जताई है।
क्रिकबज से बात करते हुए नेहरा ने कहा,'आज वो मैच अप के साथ गये और सूर्यकुमार यादव जो कि स्पिन के खिलाफ अच्छी बल्लेबाजी करते हैं उन्हें ऊपर भेजा, तो यह देखकर काफी अच्छा लगा। वह ज्यादा रन नहीं बना पाये और आउट हो गये लेकिन ऐसा होता है। इसमें कुछ भी गलत नहीं है।'

मध्यक्रम में फिट नहीं बैठते हैं ऋषभ पंत
आशीष नेहरा ने ऋषभ पंत को बल्लेबाजी में नीचे भेजने के फैसले को सही बताते हुए कहा कि वो भारतीय मध्यक्रम में फिट नहीं बैठते हैं, ऐसे में उनकी बल्लेबाजी स्टाइल निचले मध्यक्रम के रोल के लिये ज्यादा फिट बैठती है।
उन्होंने कहा,'हम सभी ने देखा है कि ऋषभ पंत कैसे और किस तरह के स्ट्रॉक खेलते हैं। जितने कम ओवर उन्हें मिले, उनके लिये उतना ही बेहतर है। मैं इससे ज्यादा उनके शॉट मारने की काबिलियत पर बात नहीं करना चाहूंगा क्योंकि पिछले 3-4 साल से हम यही कर रहे हैं। हालांकि मुझे लगता है कि उनके पारी का बनाने की काबिलियत को बेहतर होने में अभी भी कुछ समय लगेगा। तो फिलहाल उनके लिये लोअर मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी ज्यादा बेहतर विकल्प है। या फिर आप उन्हें ऊपर बल्लेबाजी के लिये भेज सकते हैं। पर अभी के लिये वो मध्यक्रम में खेलने वाले प्लेयर नहीं हैं।'

जीत के बाद पंत को दिया गया है ब्रेक
गौरतलब है कि ऋषभ पंत को दूसरे टी20 मैच के बाद बायोबबल से छुट्टी दे दी गई है और अब वो तीसरे मैच में खेलते हुए नजर नहीं आयेंगे। इतना ही नहीं पूर्व कप्तान विराट कोहली के साथ ही उन्हें भी तीसरे टी20 और श्रीलंका के खिलाफ सीमित ओवर की सीरीज से आराम दिया गया है। वह अब भारत के लिये 4 मार्च से खेले जाने वाले 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में वापसी करेंगे। आपको बता दें कि श्रीलंका के खिलाफ खेली जाने वाली 3 मैचों की टी20 सीरीज के लिये संजू सैमसन को जगह दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications