IND vs WI: दूसरे वनडे मैच में लगेगी रिकॉर्डों की झड़ी, धोनी को पीछे छोड़ने की कगार पर विराट-रोहित

नई दिल्ली। भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही 3 मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मैच आज (9 फरवरी) अहमदाबाद के पीएम नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है, जिसमें जीत हासिल कर रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने की ओर देखेगी। रविवार को खेले गये पहले वनडे मैच में भारतीय टीम ने 6 विकेट की आसान जीत के साथ सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई थी। भारत के लिये यह मैच कई मायनों में खास रहा था, जहां पर भारतीय टीम ने इस मैच के साथ ही 2022 में अपनी पहली जीत हासिल की तो वहीं पर वनडे इतिहास में 1000 मैच खेलने वाली पहली टीम भी बनी। 1000वें मैच के साथ ही रोहित शर्मा ने नियमित रूप से वनडे की कमान संभाली और जीत के साथ शुरुआत कर इसे ज्यादा खास बना दिया।
और पढ़ें: IND vs WI: जानें क्यों पत्रकार पर भड़क गये सूर्यकुमार यादव, बोले- सर, मुझे बख्श दो
इस मैच में विराट कोहली ने मैदान पर उतरकर सिर्फ 4 गेंदें खेली और 8 रन बनाकर आउट हो गये, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने भारतीय सरजमीं पर अपने 5000 वनडे रन पूरा करने का कारनामा कर डाला। ऐसे में जब भारत और वेस्टइंडीज की टीम बुधवार को एक बार फिर से मैदान पर आमने-सामने होंगी तो अहमदाबाद के मैदान पर कई सारे रिकॉर्डों की झड़ी लगती हुई नजर आयेगी।
और पढ़ें: वेस्टइंडीज दौरे के लिये इंग्लैंड ने किया टेस्ट टीम का ऐलान, ब्रॉड-एंडरसन को दिखाया बाहर का रास्ता

छक्कों के मामले में धोनी को पीछे छोड़ देंगे रोहित शर्मा
भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा के पास इस मैच में छक्कों के बड़े रिकॉर्ड के मामले में पूर्व कप्तान एमएस धोनी को पछाड़ने का मौका है। घरेलू सरजमीं पर भारत के लिये सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड एमएस धोनी (116) के नाम है, जिसकी बराबरी रोहित शर्मा ने पिछले मैच में की थी। ऐसे में अगर रोहित शर्मा इस मैच में एक छ्क्का लगा देते हैं तो वो धोनी को पीछे छोड़ कर टॉप पर पहुंच जायेंगे। धोनी ने घरेलू सरजमीं पर खेली गई 113 पारियों में यह कारनामा किया था जबकि रोहित ने 68 पारियों में ही 116 छक्के लगा डाले हैं। घरेलू सरजमीं पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले ओवर ऑल बल्लेबाजों की बात करें तो क्रिस गेल (147), मार्टिन गप्टिल (130), ब्रैंडन मैक्कलम (126) और इयोन मोर्गन (119) का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है। रोहित शर्मा इस फेहरिस्त में पांचवे पायदान पर काबिज हैं।
उल्लेखनीय है कि धोनी ने अपने करियर के दौरान भारतीय सरजमीं पर कुल 123 छक्के लगाने कारनामा किया था लेकिन उनके बल्ले से निकले 7 छक्के एशिया इलेवन बनाम साउथ अफ्रीका 11 के बीच खेले गये 2 मैचों में आये थे। वहीं रोहित शर्मा के पास इस मैच में 5 छक्के लगाकर 250 के आंकड़े पर पहुंचने का भी मौका है।

विराट कोहली के नाम भी होंगे खास रिकॉर्ड
वेस्टइंडीज के खिलाफ इस मैच में मैदान पर खेलने उतरते ही पूर्व कप्तान विराट कोहली एक खास शतक पूरा कर लेंगे। वह घरेलू सरजमीं पर अब 99 वनडे मैच खेल चुके हैं और दूसरे वनडे मैच में उतरते ही 100 घरेलू मैचों में खेलने वाले खिलाड़ियों की फेहरिस्त में शामिल हो जायेंगे। वह मैदान पर उतरते ही घरेलू सरजमीं पर 100 मैच खेलने वाले दुनिया के 36वें और भारत के 5वें खिलाड़ी बन सचिन और एमएस धोनी जैसे दिग्गजों में शामिल हो जायेंगे। इस मैच में विराट कोहली के पास भी धोनी का रिकॉर्ड तोड़ कर घरेलू सरजमीं पर सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले दूसरा भारतीय बल्लेबाज बनने का मौका है। विराट कोहली ने अभी तक अपने करियर में 25 अर्धशतकीय पारियां खेली हैं और अगर वो आज के मैच में अर्धशतक जड़ देते हैं तो वो एमएस धोनी (25) को पीछे छोड़ देंगे। इस फेहरिस्त में सचिन तेंदुलकर का नाम सबसे ऊपर है।
इतना ही नहीं विराट कोहली के पास इस मैच में एलन बॉर्डर का रिकॉर्ड तोड़ने का भी मौका है। अगर वो इस मैच में 33 रन बनाने में कामयाब हो जाते हैं तो एलन बॉर्डर(3598)को पीछे छोड़कर वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे ज्यादा अंतर्राष्ट्रीय रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन जायेंगे।

इन भारतीय खिलाड़ियों के नाम भी होंगे कई रिकॉर्ड
इस मैच में भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत एक रन बनाते ही अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 3000 रन पूरा कर लेंगे, तो वहीं पर शार्दुल ठाकुर भी मैदान पर उतरने के साथ भारत के लिये सभी प्रारूपों में मैचों का अर्धशतक लगा डालेंगे। भारतीय टीम के उपकप्तान केएल राहुल भी इस मैच में वापसी कर रहे है, ऐसे में अगर वो 6 चौके लगा डालते हैं तो वो सभी प्रारूप मिलाकर 600 चौके पूरा करने का कारनामा कर जायेंगे। वहीं पर केएल राहुल को सभी प्रारूपों में 6000 रन पूरा करने के लिये महज 37 रन की दरकार रह गई है, जिसे वो इस मैच में मौका मिलने पर आसानी से पूरा कर सकते हैं।

कैरिबियाई खिलाड़ियों के नाम भी होगा रिकॉर्ड
वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज निकोलस पूरन को इस मैच में वनडे प्रारूप के चौकों का शतक पूरा करने के लिये 2 बाउंड्रीज की दरकार है, अगर वो ऐसा करने में कामयाब हो जाते हैं तो यह उपलब्धि अपने नाम कर लेंगे। वहीं सभी प्रारूपों में मिलाकर छक्कों का शतक पूरा करने के लिये पूरने को 6 गगनचुंबी शॉट की दरकार है। पिछले मैच में अर्धशतक लगाने वाले जेसन होल्डर को वनडे मैचों में 150 चौके पूरा करने के लिये 5 शॉट की दरकार है तो वहीं पर डैरेन ब्रावो को वनडे में 250 चौके पूरा करने के लिये 5 शॉट की दरकार है।












Click it and Unblock the Notifications