IND vs WI: गेल-रिचर्डस की खास लिस्ट में शामिल हुए जेसन होल्डर, ऐसा करने वाले 5वें कैरिबियाई बने

नई दिल्ली। भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही 3 मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया, जहां पर भारतीय टीम ने आसानी से 6 विकेट की जीत हासिल कर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। जहां पर भारतीय टीम के लिये यह मैच हर मामले में शानदार साबित हुआ तो वहीं पर कैरिबियाई टीम को खेल के हर विभाग में संघर्ष करना पड़ा। टॉस के दौरान कप्तान कायरन पोलार्ड ने कहा था कि वनडे मैच के दौरान हमें अपनी मानसिकता को बदलने की जरूरत है और जल्दी-जल्दी रन बनाने के बजाय संयम से मैच को अंत ले जाने की कोशिश करनी होगी। इसके लिये खिलाड़ियों को स्ट्राइक रोटेट करने और देर तक खेलने की अहमियत पर ध्यान देना होगा।
और पढ़ें: IND vs WI: पहले वनडे में मिली बड़ी जीत के बावजूद टीम मैनेजमेंट पर भड़के आकाश चोपड़ा, जानें क्यों
हालांकि मैच के दौरान ऐसा लगा कि कप्तान कायरन पोलार्ड की यह बात जेसन होल्डर को छोड़कर दूसरे किसी कैरिबियाई बल्लेबाज को समझ नहीं आयी। यही वजह थी जिसके चलते कैरिबियाई टीम ने महज 79 रन के स्कोर पर अपने 7 विकेट खो दिये थे। इस वक्त तक कैरिबियाई टीम सिर्फ 23 ओवर ही खेल पायी थी, लेकिन यहां पर बल्लेबाजी करने आये जेसन होल्डर (57) ने फैबियन एलन (29) के साथ पारी को संभालते हुए 8वें विकेट के लिये 78 रनों की साझेदारी कर टीम के स्कोर को 150 के पार पहुंचाया।
और पढ़ें: IND vs WI: विराट-रोहित की कप्तानी में प्रज्ञान ओझा ने बताया असल फर्क, कोहली पर दिया बड़ा बयान

होल्डर के चलते वेस्टइंडीज की पारी संभली
जेसन होल्डर ने अपनी इस पारी के दौरान 71 गेंदों का सामना कर 4 छक्के लगाये और वनडे करियर का 11वां अर्धशतक पूरा कर 57 रनों की पारी खेली। वाशिंगटन सुंदर ने फैबियन एलन का विकेट लेकर साझेदारी को तोड़ा तो वहीं पर प्रसिद्ध कृष्णा ने होल्डर का विकेट लेकर बची हुई सारी उम्मीदें खत्म कर दी। होल्डर की 57 रनों की पारी के चलते कैरिबियाई टीम 43.5 ओवर्स में 176 रन ही बना सकी और टीम को लड़ने का एक मौका दिया। हालांकि भारतीय टीम के लिये इतने रन कुछ खास साबित नहीं हुए और उसने रोहित शर्मा की अर्धशतकीय पारी के दम पर आसान जीत हासिल कर ली।

दिग्गजों की लिस्ट में शुमार जेसन होल्डर
जेसन होल्डर के प्रयास से भले ही वेस्टइंडीज की टीम को जीत नहीं मिल सकी हो लेकिन उनकी इस पारी ने उन्हें वेस्टइंडीज क्रिकेट इतिहास के दिग्गजों की लिस्ट में शुमार कर दिया है। रविवार को जेसन होल्डर ने अपनी 57 रनों की पारी के चलते वनडे क्रिकेट में 2000 रनों के आंकड़े को पार कर लिया है और कैरिबियाई टीम के लिये 2000 रन और 100 विकेट हासिल करने वाले 5वें खिलाड़ी बन गये हैं। इस फेहरिस्त में सर विवियन रिचर्ड का नाम टॉप पर है, जबकि कार्ल हूपर, क्रिस गेल, ड्वेन ब्रावो और जेसन होल्डर का नाम भी शामिल है। जेसन होल्डर ने वनडे क्रिकेट में 141 विकेट चटकाये हैं तो वहीं पर बल्लेबाजी में 2011 वनडे रन बना चुके हैं।

पोलार्ड के नाम हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड
उल्लेखनीय है कि गेंदबाजी के दौरान जेसन होल्डर अपने 10 ओवर का कोटा नहीं पूरा कर सके क्योंकि भारत ने 28 ओवर्स में ही मैच को जीत लिया लेकिन जितनी देर उन्होंने गेंदबाजी की उसमें 5.80 की इकॉनमी से 29 रन दिये। हाल ही में जेसन होल्डर ने इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई टी20 सीरीज में 4 लगातार गेंदों पर 4 विकेट लेकर अपनी टीम को सीरीज जिताने का काम किया था।
जहां जेसन होल्डर ने इस मैच में दिग्गजों की लिस्ट में अपना नाम शामिल कर लिया तो वहीं पर कप्तान कायरन पोलार्ड वेस्टइंडीज के लिये वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार गोल्डन डक पर आउट होने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गये हैं। युजवेंद्र चहल की गेंद पर पोलार्ड बिना खाता खोले वापस लौटे और 15वीं बार बिना खाता खोले वापस लौटे।












Click it and Unblock the Notifications