आगे भागे जा रहे थे कोहली, रोहित ने रोककर वापस भेजा, फिर किया ऐसा काम जिसने जीता दिल
नई दिल्ली। भारतीय टीम के दो दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर पिछले कुछ समय में कई खबरें सामने आयी जिसमें कहा गया कि इन दो खिलाड़ियों के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। इतना ही नहीं विराट कोहली से टीम की कमान लेकर जब रोहित को सौंंप दी गई तब भी यही अटकलें लगाई गई कि दोनों के बीच चीजें पहले से ज्यादा खराब हो गई हैं। हालांकि दोनों खिलाड़ियों ने मीडिया के सामने आकर कई बार इन खबरों को खारिज किया है और साफ किया है कि यह सब महज अफवाह हैं। दोनों खिलाड़ी अक्सर एक दूसरे की तारीफ करते हुए नजर आते हैं और एक दूसरे के साथ खेलना पसंद करते हैं।

खैर अगर लोगों को उनके कहने पर विश्वास नहीं है तो पिछले कुछ समय में मैदान पर जो घटनायें हुई हैं उसे देखकर ही विश्वास कर लेना चाहिये कि दोनों के बीच किसी तरह का विवाद नहीं है। ऐसा ही एक नजारा शनिवार को मोहाली के मैदान पर खेले जा रहे भारत और श्रीलंका टेस्ट में भी देखने को मिला।
और पढ़ें: PAK vs AUS: क्या ऑस्ट्रेलिया बीच में ही कैंसिल करेगी पाकिस्तान दौरा, पेशावर धमाके के बाद मची खलबली

बीसीसीआई खास अंदाज में मना रहा कोहली की उपलब्धि का जश्न
मोहाली के मैदान पर खेले जा रहे सीरीज के इस पहले टेस्ट मैच में विराट कोहली ने खास उपलब्धि अपने नाम की है और टेस्ट क्रिकेट का 100वां मैच खेलने वाले 12वें भारतीय खिलाड़ी बने हैं। विराट कोहली की इस उपलब्धि को यादगार बनाने के लिये बीसीसीआई ने खासा इंतजाम करते हुए कई पूर्व क्रिकेटर्स की ओर से वीडियो मैसेजेस का एक पूल इकट्ठा किया है जिसमें वो उन्हें बधाई देते नजर आ रहे हैं, तो वहीं पर टॉस से पहले हेड कोच राहुल द्रविड़ ने विराट कोहली को एक खास कैप जिस पर 100 लिखा है उसे देकर सम्मानित भी किया।
इस मौके पर फैन्स को उम्मीद थी कि उनके पसंदीदा स्टार से 100वें मैच में शतक का सूखा खत्म होता देखने को मिलेगा पर ऐसा हुआ नहीं और वो 45 रन बनाकर वापस लौट गये। हालांकि इस मैच से अपनी टेस्ट कप्तानी का आगाज कर रहे रोहित शर्मा के दिमाग में अपने साथी खिलाड़ी के लिये इस मैच को यादगार बनाने का दूसरा ही आइडिया चल रहा था। शनिवार को भारतीय टीम ने 574 रन के स्कोर पर पारी घोषित कर दी जिसके बाद चाय ब्रेक हो गया।

रोहित ने कोहली को दिया गार्ड ऑफ ऑनर
ब्रेक के बाद जब गेंदबाजी के लिये भारतीय टीम मैदान पर जा रही थी तो विराट कोहली हमेशा की तरह मैदान पर सबसे आगे जाते नजर आये, लेकिन तभी कप्तान रोहित शर्मा ने उन्हे आवाज लगाकर वापस बाउंड्री रोप से बाहर भेज दिया। कप्तान रोहित शर्मा ने इसके बाद खिलाड़ियों को विराट कोहली के सम्मान में गार्ड ऑफ ऑनर देने के लिये खड़ा होने को कहा और कोहली से उसके बाद एंट्री करने के लिये कहा। इस दौरान ऋषभ पंत को भी विराट को कुछ देर इंतजार करने के लिये कहते हुए देखा जा सकता है। रोहित शर्मा के इस जेस्चर ने न सिर्फ विराट कोहली का बल्कि दुनिया भर के फैन्स का दिल जीत लिया है और वो इसकी तारीफ करते हुए थक नहीं रहे हैं। विराट कोहली ने भी बाद में हिटमैन को इस जेस्चर के लिये धन्यवाद कहा।

जीत की ओर बढ़ रही भारतीय टीम
गौरतलब है कि दूसरे दिन भारतीय टीम ने 357 रन के स्कोर से आगे बल्लेबाजी करते हुए रविंद्र जडेजा (175*) और रविचंद्रन अश्विन (61) के दम पर स्कोर पर 574 पर पहुंचाया। यहां पर जडेजा दोहरे शतक के करीब थे लेकिन टीम की रणनीति को देखते हुए उन्होंने पारी घोषित करने का फैसला किया। जवाब में श्रीलंका की टीम दिन का खेल खत्म होने तक 4 विकेट खोकर 108 रन ही बना सकी है।












Click it and Unblock the Notifications