IND vs SL: मोहाली टेस्ट में नो बॉल ने बढ़ाई भारत की मुश्किलें, बोल्ड होने पर भी आउट नहीं हुए निशंका
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच मोहाली के मैदान पर खेला जा रहा है, जिसका दूसरा दिन समाप्त होने पर भारतीय टीम ने मजबूती के साथ मैच पर अपना शिकंजा कस लिया है। भारतीय टीम ने पहली पारी में 8 विकेट खोकर 574 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर पारी को घोषित कर दिया, जिसके बाद दिन का खेल खत्म होने तक उसने बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की टीम के 4 विकेट 108 रन के स्कोर पर झटक लिये हैं। श्रीलंका की टीम अभी भी 466 रनों से पीछे चल रही है लेकिन मौजूदा स्थिति को देखकर यह कहना गलत नहीं होगा कि मैच में भारतीय टीम जीत के काफी करीब चल रही है।

भारतीय टीम के लिये पहले दिन ऋषभ पंत (96) और हनुमा विहारी (58) ने अर्धशतकीय पारियां खेलकर स्कोर को 357 रन पर पहुंचा दिया था, जिसके बाद रविचंद्रन अश्विन (61) के अर्धशतक और रविंद्र जडेजा (175) की नाबाद शतकीय पारी के दम पर भारत ने 574 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर डाला।
और पढ़ें: PAK vs AUS: क्या ऑस्ट्रेलिया बीच में ही कैंसिल करेगी पाकिस्तान दौरा, पेशावर धमाके के बाद मची खलबली

बुमराह ने निशंका को भी मारा था बोल्ड
मैच के दूसरे दिन भारतीय टीम की इस स्पिन जोड़ी ने बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन के बाद गेंदबाजी में भी अहम भूमिका निभाई और दोनों सलामी बल्लेबाज को वापस पवेलियन भेज दिया। रविचंद्रन अश्विन ने लहिरु थिरिमन्ने को आउट किया तो वहीं पर जडेजा ने करुणारत्ने का विकेट हासिल किया। दिन का खेल खत्म होने तक अश्विन ने डिसिल्वा का विकेट लेकर अपने खाते में दूसरा विकेट भी हासिल किया।
इस दौरान जहां भारतीय स्पिनर्स विकेट हासिल करते नजर आये तो वहीं पर भारतीय पेसर्स में जसप्रीत बुमराह इकलौते सफल गेंदबाज बने। बुमराह ने एंजेलो मैथ्यूज का विकेट लेकर तेज गेंदबाजों के खाते में एक विकेट डाला, लेकिन विकेटों की यह संख्या एक के बजाय दो हो सकती थी क्योंकि बुमराह ने मैथ्यूज से पहले पथुम निशंका को भी बोल्ड मारा था।

करियर में दूसरी बार नो बॉल पर गंवाया विकेट
श्रीलंकाई पारी के 32वें ओवर में जसप्रीत बुमराह को गेंदबाजी के लिये बुलाया गया जिसकी तीसरी ही गेंद पर उन्होंने बेहद शानदार स्लोअर बॉल फेंकी और पथुम निशंका पूरी तरह से चूककर बोल्ड हो गये। इस विकेट के साथ ही भारतीय टीम खुशी से झूम उठी और जैसे ही बुमराह अपने साथियों के पास इसका जश्न मनाने पहुंचे अंपायर ने इसे नो बॉल करार दिया। जसप्रीत बुमराह के करियर में यह दूसरी बार है जब उन्होंने विकेट हासिल किया हो और वो गेंद फ्रंट फुट नो बॉल बन गई हो। अंपायर के रिप्ले में साफ देखा जा सकता था कि बुमराह का पैर लाइन से काफी आगे पड़ रहा है।
गौरतलब है कि जसप्रीत बुमराह ने आखिरी बार यह नो बॉल 2017 की चैम्पियन्स ट्रॉफी फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ खेले गये मैच के दौरान सलामी बल्लेबाज फखर जमान को फेंकी थी, जिस पर नॉट आउट दिये जाने के बाद जमान ने मैच जिताऊ पारी खेल डाली थी और भारत चैम्पियन्स ट्रॉफी जीतने से चूक गया था। बुमराह के नो बॉल फेंकने के बाद कप्तान रोहित शर्मा भी इस पर नाराज नजर आये।

मैच में अब तक फेंकी जा चुकी है 19 नो बॉल
आपको बता दें कि अगर बुमराह की यह गेंद वैध होती तो भारतीय टीम के खाते में 5 विकेट आ चुके होते। फिलहाल पथुम निशंका 75 गेंदों का सामना कर नाबाद 26 रन बनाकर खेल रहे हैं, तो वहीं पर चरिथ असलंका (1) उनका साथ देने के लिये मैदान पर आये हैं। मोहाली टेस्ट के दौरान यह पहला मौका नहीं था जब गेंदबाजों ने नो बॉल फेंकी हो, टीम के पेसर्स ही नहीं स्पिनर्स भी काफी नो बॉल फेंक रहे हैं। भारतीय टीम ने 43 ओवर्स के अपने स्पेल में अब तक 7 नो बॉल फेंकी हैं। इसमें से 5 नो बॉल रविंद्र जडेजा (3) और जयंत यादव (2) ने फेंकी हैं, तो वहीं पर बुमराह और शमी ने भी एक-एक नो बॉल डाली है। इससे पहले श्रीलंका की टीम ने भी अपनी पारी के दौरान 12 नो बॉल फेंकी थी।












Click it and Unblock the Notifications