IND vs SA: विस्फोटक पारी के साथ धवन ने की टीम में वापसी, नाम की खास उपलब्धि

नई दिल्ली। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही 3 मैचों की वनडे सीरीज का आगाज पार्ल के बोलैंड पार्क स्टेडियम पर आज (19 जनवरी) खेले जा रहे मुकाबले के साथ हुआ है, जहां पर साउथ अफ्रीका की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। साउथ अफ्रीका की टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट खोकर 296 रन बनाये हैं और भारत के सामने जीत के लिये 297 रनों का लक्ष्य दिया है। भारत के लिये यह सीरीज कई मायनों में खास रहने वाली है क्योंकि भारत की मुख्य टीम लगभग 10 महीनों के बाद वनडे सीरीज खेलने के लिये पहुंची है। इस दौरान पहली बार भारतीय टीम की कमान केएल राहुल को सौंपी गई है, तो वहीं पर 2017 के बाद रविचंद्रन अश्विन की वनडे टीम में वापसी हुई है।
कप्तान केएल राहुल ने इस मैच में वेंकटेश अय्यर को डेब्यू का मौका दिया है तो वहीं पर इंग्लैंड के खिलाफ घर पर खेली गई सीरीज में बाहर कर दिये जाने के बाद शिखर धवन की भी लंबे समय के बाद वापसी हुई है। शिखर धवन ने भारतीय वनडे टीम में अपनी वापसी के इस मौके को जबरदस्त तरीके से भुनाया और पार्ल के मैदान पर अपने वनडे करियर का 34वां अर्धशतक पूरा किया।
और पढ़ें: IND vs SA: आखिर क्यों वनडे सुपर लीग का हिस्सा नहीं है यह सीरीज, ICC ने बताया कारण
297 रनों का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की पारी का आगाज करते हुए कप्तान केएल राहुल (12) और शिखर धवन (64*) ने पहले विकेट के लिये 46 रनों की साझेदारी की। इस दौरान एडेन मार्करम ने केएल राहुल का विकेट लेकर भारतीय टीम को पहला झटका जरूर दिया लेकिन शिखर धवन ने तेजी से रन बनाने का सिलसिला जारी रखा है। शिखर धवन ने अपनी पारी में 51 गेंदों का सामना कर 8 चौकों की मदद से 50 रन पूरे किये और 34वां अर्धशतक पूरा कर लिया।
इस दौरान शिखर धवन ने विदेशी सरजमीं पर वनडे क्रिकेट में अपने 2500 रनों के आंकड़े को भी पूरा कर लिया है। शिखर धवन ने पारी में 12 रन बनाते ही इस आंकड़े को छू लिया। विदेशी सरजमीं पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की बात करें तो विराट कोहली इस फेहरिस्त से सबसे ऊपर पहुंच गये हैं, जिन्होंने इस मैच में 9 रन पूरा करते ही सचिन तेंदुलकर (5065) को पीछे छोड़ दिया और सबसे आगे निकल गये।
और पढ़ें: IND vs SA: बावुमा-दुसैं के शतक से साउथ अफ्रीका ने की वापसी, तोड़ा डिकॉक-डिविलियर्स का रिकॉर्ड
इतना ही नहीं शिखर धवन ने इस मैच में 2 रन बनाते ही साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपने 800 रन पूरे कर लिये हैं। 19 ओवर्स की समाप्ति के बाद भारतीय टीम ने एक विकेट खोकर 102 रन पूरे कर लिये हैं। ऐसे में शिखर धवन के विदेशी सरजमीं पर 2552 रनों के आंकड़े को पूरा कर लिया है तो वहीं पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ 862 रन बना लिये हैं।












Click it and Unblock the Notifications