IND vs SA: आखिर क्यों वनडे सुपर लीग का हिस्सा नहीं है यह सीरीज, ICC ने बताया कारण

नई दिल्ली। साउथ अफ्रीका दौरे पर टेस्ट सीरीज में 2-1 से हार का सामना करने के बाद बुधवार से केएल राहुल की कप्तानी वाली भारतीय टीम 3 मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच खेलने के लिये बोलैंड पार्क के मैदान पर उतरी है, जहां पर साउथ अफ्रीका की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट खोकर 296 रनों का स्कोर खड़ा किया है। भारतीय टीम ने गेंदबाजों के दम पर अच्छी शुरुआत की लेकिन टेंबा बावुमा (110) और वैन डार दुसैं (129) ने चौथे विकेट के लिये 204 रनों की साझेदारी कर स्कोर को 296 तक पहुंचा दिया और अब भारतीय टीम को इस मैच में जीत के लिये 297 रनों की दरकार है। भारतीय टीम करीब 10 महीने बाद वनडे प्रारूप में वापसी कर रही है, तो वहीं पर साउथ अफ्रीका की टीम टेस्ट के बाद वनडे सीरीज को भी अपने नाम करने की ओर देख रही है।
हालांकि आपको यह जानकर हैरानी होगी कि भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही यह वनडे सीरीज 2023 वनडे विश्वकप के क्वालिफिकेशन के लिये खेली जा रही वनडे सुपर लीग का हिस्सा नहीं है। उल्लेखनीय है कि 2023 में आयोजित किया जाने वाले विश्वकप की मेजबानी भारत के पास है, तो ऐसे में आईसीसी ने विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप की तर्ज पर वनडे सुपर लीग का आगाज किया है, जिसमें हर देश कुछ सीरीज खेलकर विश्वकप के लिये क्वालिफिकेशन में अपनी जगह बना सकती है। ऐसे में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच हो रही इस सीरीज के विजेता को ट्रॉफी जरूर मिलेगी लेकिन वनडे सुपर लीग की अंकतालिका में कोई फायदा नहीं होगा।
और पढ़ें: IND vs SA: बावुमा-दुसैं के शतक से साउथ अफ्रीका ने की वापसी, तोड़ा डिकॉक-डिविलियर्स का रिकॉर्ड
आईसीसी ने इस कारण का खुलासा करते हुए साफ किया कि 13वें विश्वकप टूर्नामेंट में क्वालिफाई करने के लिये सभी एकदिवसीय सीरीज वनडे सुपर लीग का हिस्सा नहीं होंगी, इसमें केवल उन्हीं सीरीज को जगह दी जायेगी जिनके बारे में आईसीसी ने पहले शेड्यूल जारी किया था।
आईसीसी ने इस पर जवाब देते हुए कहा,' अगर टीमें 3 सीरीज खेलती हैं तो इसका मतलब यह नहीं है कि उन सभी को सुपर लीग का हिस्सा माना जा सकता है। कुछ मामलों में टीम एक सीरीज में 4 या 5 मैच भी खेल सकती हैं लेकिन इसमें से सिर्फ उन्हीं मैचों के लिये वनडे सुपर लीग के अंक मिलेंगे जो कि आईसीसी की ओर से पहले से डिसाइड किये गये हैं। हर टीम को बाकी 8 टीमों के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है, जिसमें से 4 सीरीज घरेलू सरजमीं पर जबकि 4 विदेशी सरजमीं पर खेली जानी है।'
और पढ़ें: BBL: डबल हैट्रिक लेकर कैमरून बॉय्स ने रचा इतिहास, फिर भी सिडनी थंडर्स ने जीता आखिरी ओवर का रोमांच
गौरतलब है कि आईसीसी की वनडे सुपर लीग में एक जीत पर टीम को 10 अंक तो वहीं पर टॉय, बेनतीजा और छोड़ दिये मैचों के लिये 5 अंक दिये जायेंगे। हालांकि इससे भारतीय टीम के 2023 वनडे कैंपेन के अभियान पर कोई असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि भारतीय टीम इस मेगा टूर्नामेंट की मेजबानी की तैयारी कर रहा है, जिसको देखते हुए वह पहले ही विश्वकप के लिये क्वालिफाई कर गया है, जिसका आयोजन अगले साल अक्टूबर-नवंबर में किया जायेगा।
आपको बता दें कि विराट कोहली के कप्तानी से इस्तीफा देने के बाद भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा को सीमित ओवर्स की कमान थमायी गई है, लेकिन इस दौरे पर आने से पहले रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग इंजरी से जूझ रहे थे जिसकी वजह से वह इस दौरे का हिस्सा नहीं बन पाये और केएल राहुल को टीम की कमान संभालनी पड़ी। अब रोहित वेस्टइंडीज सीरीज के लिये टीम में वापसी कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications