IND vs SA: केपटाउन टेस्ट से ऋषभ पंत को बाहर करना चाहते हैं पूर्व भारतीय क्रिकेटर, कहा- वो मैच विनर पर..

नई दिल्ली। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मैच केपटाउन में होना है, जिसमें दोनों टीमें जीत हासिल कर सीरीज पर कब्जा जमाना चाहेंगी। भारतीय टीम ने जहां सेंचुरियन में खेले गये टेस्ट मैच में 113 रनों से जीत हासिल की थी तो वहीं पर साउथ अफ्रीका की टीम ने जोहान्सबर्ग में 7 विकेट से हरा कर इतिहास रचा था। जोहान्सबर्ग टेस्ट में मिली हार के बाद भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है, खासतौर से मैच की दूसरी पारी में वो जिस तरह से अपना विकेट गंवाकर लौटे उससे उनके शॉट सेलेक्शन को लेकर काफी सवाल खड़े किये जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि जोहान्सबर्ग टेस्ट में जब भारतीय टीम तीसरे दिन दूसरी पारी में बल्लेबाजी कर रही थी तो अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा की शतकीय साझेदारी के दम पर 150 रन के स्कोर को पार कर लिया था। हालांकि कगिसो रबाडा ने दो लगातार ओवर्स में दोनों बल्लेबाजों को आउट कर भारत को बैकफुट पर धकेल दिया, ऐसे में जब पंत बल्लेबाजी करने आये तो टीम को मध्यक्रम बल्लेबाजों से एक अच्छी और समझदार भरी पारी की दरकार थी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं।
और पढ़ें: IPL 2022: कोरोना नहीं बल्कि इस वजह से टल सकता है मेगा ऑक्शन, जानें क्या होगी नई तारीख

पंत को देना चाहिये ब्रेक
मैदान पर ऋषभ पंत और रैसी वैन डार दुसैं के बीच बातचीत देखने को मिली जिसमें बहकर पंत अपना आपा खो बैठे और तीसरी ही गेंद पर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में कैच दे बैठे। 2019 के खराब साल के बाद यह पहला मौका रहा जब ऋषभ पंत बिना खाता खोले वापस पवेलियन लौटे। पंत के इस तरह आउट होने से कोई भी खुश नहीं है और इसी नाराजगी को जाहिर करते हुए भारत के पूर्व हरफनमौला खिलाड़ी मदन लाल का मानना है कि ऋषभ को केपटाउन टेस्ट से ब्रेक देना चाहिये।

साहा की मौजूदगी में पंत को खिलाना गलत
मदन लाल ने इस बारे में बात करते हुए कहा कि ऋषभ पंत आक्रामक एप्रोच के साथ खेलते हैं, जिसने भारत को कई ऐतिहासिक मैचों में जीत दिलाई है, हालांकि उन्हें यह समझना होगा कि वो टीम के लिये बल्लेबाजी कर रहे हैं न कि खुद के लिये। मदन लाल का मानना है कि भारतीय टीम मैनेजमेंट को केपटाउन टेस्ट में ब्रेक देकर ऋद्धिमान साहा को मौका देना चाहिये।
आज तक के साथ बात करते हुए मदन लाल ने कहा,'उसे ब्रके देना चाहिये और जब आपके पास ऋद्धिमान साहा जैसा खिलाड़ी है जो विकेटकीपिंग के साथ-साथ ज्यादा समझदारी से बल्लेबाजी करता है तो फिर आपको हिचकिचाहट नहीं होनी चाहिये। ऋषभ पंत को यह सोचना होगा कि वो टेस्ट क्रिकेट में किस तरह से बल्लेबाजी करना चाहते हैं। अगर उनके दिमाग में किसी तरह की कन्फ्यूजन या शक है तो वो ब्रेक के जरिये दूर हो जायेगा। वह मैच विनर खिलाड़ी हैं लेकिन वो इस तरह से बल्लेबाजी नहीं कर सकते हैं, क्योंकि आपको टीम के लिये बल्लेबाजी करनी होती है खुद के लिये नहीं।'

द्रविड़ ने भी पंत की टाइमिंग पर जताई थी नाराजगी
गौरतलब है कि जोहान्सबर्ग टेस्ट में ऋषभ पंत के गैर जिम्मेदाराना तरीके से आउट होने के बाद जब कोच राहुल द्रविड़ से इस बारे में बात की गई तो उन्होंने भी शॉट सेलेक्शन को लेकर उनसे बातचीत करने की जरूरत पर जोर दिया।
उन्होंने कहा,'हमें पता है कि ऋषभ पंत काफी सकारात्मक खिलाड़ी हैं और वो एक खास तरीके से खेलते हैं जिसकी वजह से उन्हें सफलता भी मिली है। लेकिन हां कई बार आपको यह समझना पड़ता है कि आपके आस-पास क्या चल रहा है और उस हिसाब से रणनीति बदलनी पड़ती है। हम पंत से शॉट की टाइमिंग और परिस्थितियों को लेकर बात करेंगे। कोई पंत को आक्रामक या सकारात्म खेल नहीं खेलने के लिये नहीं कहने जा रहा है लेकिन हमें टाइमिंग को लेकर बात करनी होगा।'












Click it and Unblock the Notifications