IPL 2021 में सबसे ज्यादा विकेट लेने के बावजूद RCB ने क्यों नहीं किया रिटेन, अब हर्षल पटेल ने किया खुलासा

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग को दुनिया की सबसे बड़ी और मशहूर टी20 क्रिकेट लीग के रूप में जाना जाता है, जिसके 15वें सीजन की तैयारियां जोर-शोर पर हैं। बीसीसीआई की ओर से आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट में फिलहाल टीमें 15वें सीजन के लिये होने वाली खिलाड़ियों की मेगा नीलामी की तैयारियां कर रही हैं, जिसमें 2 नई टीमों के जुड़ने के बाद इसके काफी बड़ा होने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि आईपीएल 2022 में 8 के बजाय 10 टीमें हिस्सा लेती नजर आयेंगी, जिसको देखते हुए पिछले महीने सभी टीमों ने नीलामी से पहले अपने-अपने खिलाड़ियों की रिटेन लिस्ट जारी की थी। इस लिस्ट में टीमें अधिकतम 4 ही खिलाड़ी रिटेन कर सकती थी जिसमें 2 विदेशी प्लेयर्स का नाम हो सकता था। हालांकि जब टीमों ने रिटेन लिस्ट जारी की तो कई फ्रैंचाइजियों ने चौंकाने वाले फैसले किये।
और पढ़ें: जब पाकिस्तान के पूर्व कप्तान ने शेन वॉर्न को दिया था मैच फिक्स करने का ऑफर, अब किया बड़ा खुलासा
इन फ्रैंचाइजियों में से एक नाम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का भी है, जिसने आईपीएल 2022 के लिये विराट कोहली, ग्लेन मैक्सवेल और मोहम्मद सिराज को रिटेन किया, लेकिन आईपीएल 2021 में पर्पल कैप जीतने वाले हर्षल पटेल को रिलीज कर दिया। हर्षल पटेल ने आईपीएल 2021 में सबसे ज्यादा विकेट चटकाये और कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किये, हालांकि जब इसके बावजूद फ्रैंचाइजी ने उन्हें रिटेन नहीं किया तो सभी हैरान रह गये।
और पढ़ें: Ashes 2021-22: सिडनी टेस्ट में रूट-बटलर ने बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड, धोनी की लिस्ट में हुए शामिल

इस वजह से आरसीबी ने नहीं किया रिटेन
हर्षल पटेल को न रिटेन करने की इस अनसुलझी पहेली का जवाब अब खुद इस हरफनमौला खिलाड़ी ने क्रिकट्रैकर से बातचीत के दौरान दिया है। हर्षल पटेल ने आईपीएल 2021 के दौरान 32 विकेट चटकाये और एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले ड्वेन ब्रावो के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली, जिन्होंने 2013 में यह कारनामा किया था। इतना ही नहीं हर्षल पटेल ने एक हैट्रिक भी हासिल की और मुंबई इंडियंस के खिलाफ 5 विकेट हॉल लेने वाले पहले गेंदबाज भी बने। आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले अनकैप्ड खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड अपने नाम करने के बावजूद हर्षल पटेल को जब रिटेन नहीं किया गया तो उन्होंने टीम के डायरेक्टर माइक हेसन से बात की और उन्होंने बताया कि एक जगह होने के बावजूद क्यों फ्रैंचाइजी ने यह मुश्किल फैसला लिया।
क्रिकट्रैकर से बात करते हुए हर्षल ने कहा,'जब रिटेन लिस्ट जारी की गई तो उसमें मेरा नाम नहीं था, मैं हैरान था पर परेशान नहीं, हालांकि कुछ देर बाद माइक हेसन ने मुझे फोन किया और बताया कि आरसीबी को यह निर्णय सिर्फ और सिर्फ पर्स मैनेजमेंट की वजह से लेना पड़ा है।'

आरसीबी की टीम में ही लौटना चाहते हैं हर्षल पटेल
हर्षल पटेल ने आगे बात करते हुए 2021 के अपने सीजन को याद किया और कहा कि वो आईपीएल 2022 में आरसीबी के पास वापस लौटकर काफी खुश होंगे क्योंकि उस प्रदर्शन के चलते ही उन्हें भारत की टी20 टीम में जगह बनाने का मौका मिल सका। इस दौरान हर्षल ने साफ किया कि अभी तक उन्हें किसी दूरी फ्रैंचाइजी की तरफ से एप्रोच नहीं किया गया है और यह देखने लायक होगा कि क्या होने वाला है।
उन्होंने कहा,'जाहिर सी बात है कि वो मुझे टीम में वापस लेना चाहते हैं और मैं भी दोबारा जुड़ना चाहूंगा क्योंकि आरसीबी के साथ खेलने की वजह से मेरा पूरा करियर और जीवन बदल गया है। हालांकि नीलामी को लेकर अभी तक मेरी किसी भी फ्रैंचाइजी के साथ कोई बात नहीं हुई है।'

कोहली-डिविलियर्स से क्या सीखा
हर्षल पटेल ने इस दौरान मौजूदा समय के दो महान खिलाड़ियों विराट कोहली और एबी डिविलियर्स के साथ खेलने के अपने अनुभव के बारे में भी बात की और कहा कि उन्हें कभी भी इस बात का एहसास नहीं हुआ कि वो इतने महान खिलाड़ियों के बीच खेल रहे हैं।
उन्होंने कहा,'सच कहूं तो यह काफी आम था, मुझे कभी नहीं लगा कि मैं स्टार खिलाड़ियों के बीच में हूं। यहां तक कि मैं अपने पहले सीजन के दौरान भी कभी स्टार-स्टक नहीं हुआ। मैदान पर वो जो अपने साथ लेकर आते हैं, फिर चाहे खेल में, तकनीक में या फिर दबाव को सोखने की काबिलियत हो, मैं उसका सम्मान करता हूं। डिविलियर्स और कोहली से मैंने यही सीखा है।'












Click it and Unblock the Notifications