IND vs SA: क्या फाइनल मैच में बारिश बिगाड़ेगी खेल, अधूरा रह सकता है ऋषभ पंत का सपना
नई दिल्ली। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज का फाइनल मैच रविवार (19 जून) को बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर खेला जाना है, जहां पर सीरीज के विजेता का फैसला भी होगा। सीरीज में खेले गये अब तक के 4 मैचों की बात करें तो पहले दो मैचों में टेंबा बावुमा की टीम ने शानदार रन चेज कर 2-0 की बढ़त हासिल कर ली थी लेकिन विशाखापट्टनम में 48 रनों की जीत हासिल कर सीरीज में वापसी करने वाली भारतीय टीम ने राजकोट में भी जीत की लय को बरकरार रखा और 82 रनों से जीत हासिल कर सीरीज को 2-2 से बराबर कर लिया।

उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम ने टी20 प्रारूप में साउथ अफ्रीका के खिलाफ कभी भी कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं जीती है और अगर ऋषभ पंत की कप्तानी वाली भारतीय टीम इसे जीतने में सफल हो जाती है तो वो पहले कप्तान बन जायेंगे जो भारत के लिये यह कारनामा करते नजर आयेंगे। सीरीज का फाइनल मैच बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना है, ऐसे में फैन्स को रोमांचक मैच देखने को मिल सकता है।
और पढ़ें: Ranji Trophy: बंगाल को रौंद फाइनल में पहुंचा मध्यप्रदेश, मुंबई ने 47वीं बार किया क्वालिफाई
Recommended Video
हालांकि मौसम फैन्स की उम्मीदों पर पानी बिखेरने का काम करता हुआ नजर आ सकता है। वेदर रिपोर्ट के अनुसार बेंगलुरू में भारी बारिश होने की संभावना है। बारिश की शुरुआत शाम 4:30 बजे से हो जायेगी जिसकी संभावना 94 प्रतिशत है और रात 10:30 बजे तक जारी रहने की संभावना है। ऐसे में अगर लगातार बारिश होती नजर आई तो सीरीज का आखिरी मैच बारिश के चलते धुल सकता है और अगर बारिश के चलते मैच धुल जाता है तो सीरीज में वापसी करने वाले ऋषभ पंत के घर पर सीरीज जीतने का सपना अधूरा रह जायेगा।
गौरतलब है कि अगर बारिश नहीं आती है और मैच खेला जाता है तो चिन्नास्वामी के मैदान पर एक हाई स्कोरिंग मैच देखने को मिल सकता है, लेकिन इसकी उम्मीदें बहुत कम ही नजर आ रही हैं। भारतीय कप्तान ऋषभ पंत को अब तक सीरीज में एक बार भी टॉस के दौरान जीत नहीं मिली है और अगर यह सिलसिला चिन्नास्वामी में भी बरकरार रहता है तो साउथ अफ्रीका के जीत की उम्मीदें भी बढ़ जायेंगी क्योंकि इस मैदान पर खेले गये 8 अंतर्राष्ट्रीय टी20 मैचों में से 5 में रन चेज करने वाली टीम ने जीत हासिल की है।
आपको बता दें कि साउथ अफ्रीकी टीम के कप्तान टेंबा बावुमा को चौथे मैच के दौरान कोहनी में चोट लगी थी जिसके चलते वो रिटायर हर्ट हो गये थे और अगर कोहनी की चोट के वो मैच से बाहर हो जाते हैं तो बल्लेबाजी में रीजा हेंड्रिक्स की वापसी होगी तो वहीं पर टीम की कमान केशव महाराज संभालते हुए नजर आयेंगे।












Click it and Unblock the Notifications