‘उम्मीद है अगले मैच में ऐसा कर पाऊंगा’, बल्ले से शानदार प्रदर्शन के बाद भी खुश नहीं है Shreyas Iyer
रविवार को पोर्ट ऑफ स्पेन के क्विंस पार्क ओवल में भारत और वेस्टइंडीज के बीच कमाल का मुकाबला खेला गया।
पोर्ट ऑफ स्पेन, जुलाई 25: रविवार को पोर्ट ऑफ स्पेन के क्विंस पार्क ओवल में भारत और वेस्टइंडीज के बीच कमाल का मुकाबला खेला गया। भारतीय टीम ने लगातार दूसरे मैच में रोमांचक जीत दर्ज कर विंडीज के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाई। दूसरे मैच में भारत के सामने 312 रन का टारगेट था, जिसे टीम ने आखिरी ओवर में दो गेंद शेष रहते 8 विकेट खोकर हासिल किया। जीत के असली हीरो यूं तो अक्षर पटेल रहे, लेकिन उप-कप्तान श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) ने भी अपने बल्ले से खूब जलवा बिखेरा।
ये भी पढ़ें- 'How's the Josh?'.. टीम इंडिया की रोमांचक जीत के बाद वायरल हुआ ड्रेसिंग रूम का वीडियो, इस तरह मना जश्न

फिर बोला अय्यर का बल्ला
दूसरे वनडे में टारगेट का पीछे करते हुए श्रेयस अय्यर ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया। अय्यर ने नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए 71 गेंदों पर 63 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने चार चौके और एक छक्का भी लगाया। पहले एकदिवसीय मैच में भी उन्होंने 57 गेंदों पर 54 रन की पारी खेली थी। वेस्टइंडीज दौरे से पहले अय्यर बढ़िया फॉर्म में नहीं थे, लेकिन शुरुआती दो मैचों में लगातार दो फिफ्टी लगाकर उन्होंने फॉर्म में शानदार वापसी की।

फिर भी खुश नहीं है श्रेयस
दूसरे मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में श्रेयस अय्यर ने कहा कि वो फॉर्म में वापसी कर खुश है, लेकिन उम्मीद है अगले मैच में शतक लगाने में कामयाब होंगे। अय्यर ने कहा, ''दूसरे मैच में अच्छा स्कोर बनाकर मैं वास्तव में खुश था, लेकिन जिस तरह से मैं आउट हुआ उससे बहुत निराशा मिली। मुझे लगा कि मैं टीम को आसानी से मैच जीता सकता हूं, लेकिन मैं अपना विकेट गंवा बैठा।'' अय्यर ने आगे कहा, ''उम्मीद है कि मैं अगले मैच में शतक लगाने में सफल रहूंगा।''

सैमसन के साथ हुई बढ़िया साझेदारी
मैच में चौथे विकेट के लिए संजू सैमसन (54) और श्रेयस अय्यर ने 94 गेंदों पर 99 रन जोड़े। इसको लेकर अय्यर ने कहा, "हमने 60 रन पर दो विकेट गंवाए और वहां से हमें फिर एक नई शुरुआत करनी पड़ी। संजू ने मैदान पर आकर बढ़िया खेल दिखाया। मैं पहले से ही बल्लेबाजी कर रहा था और लगभग 20 गेंदों का सामना कर चुका था। इसलिए मैं और संजू जानते थे कि हमें क्या करना है। संजू ने कुछ गेंदों का सामना किया और फिर उन्होंने स्पिनर्स को अटैक पर लगा दिया।''
उन्होंने आगे कहा, ''इसके बाद स्पिनर्स के खिलाफ हमने दो छक्के लगाकर मैच को वापस से भारत के पक्ष में कर दिया। हमारी (संजू सैमसन) की साझेदारी बढ़िया रही।''

कैसा था ड्रेसिंग रूम का माहौल
भारत को मैच के आखिरी ओवर में जीत के लिए 8 रन की दरकार थी और अक्षर पटेल ने चौथी गेंद पर छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। मैच को लेकर श्रेयस ने आगे कहा, "ईमानदारी से कहूं तो यह मजेदार था। हम सभी एक साथ बैठे थे और राहुल सर काफी चिंता में थे। वह खिलाड़ियों को मैसेज दे रहे थे। लेकिन हाँ, मुझे लगता है कि बहुत सारे खिलाड़ियों ने वास्तव में अच्छे इमोशंस दिखाए।''












Click it and Unblock the Notifications