'How's the Josh?'.. टीम इंडिया की रोमांचक जीत के बाद वायरल हुआ ड्रेसिंग रूम का वीडियो, इस तरह मना जश्न
भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है।
पोर्ट ऑफ स्पेन, जुलाई 25: भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। रविवार देर रात दोनों टीमों के बीच दूसरा एकदिवसीय मुकाबला खेला गया, जहां टीम इंडिया आखिरी ओवर में दो गेंद रहते विंडीज को 2 विकेट से हराया। सीरीज के पहले मैच का रिजल्ट भी आखिरी ओवर में ही सामने आया था। भारतीय टीम की लगातार दूसरी रोमांचक जीत के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें टीम के खिलाड़ियों को जबर्दस्त जोश में देखा जा सकता है।
ये भी पढ़ें- वेस्टइंडीज के लिए रवाना हुए कुलदीप यादव, 5 मैचों की टी20 सीरीज में टीम इंडिया का हिस्सा होंगे

धवन ने शेयर किया वीडियो
भारतीय कप्तान शिखर धवन (Shikhar Dhawan) ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें टीम के सभी खिलाड़ी पूरे जोश और मस्तमौला अंदाज में नजर आ रहे हैं। वाकई में सभी खिलाड़ियों को जोश और उत्साह देखते ही बनता है। यह वीडियो फैंस द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है।
धवन ने अपनी पोस्ट को कैप्शन देते हुए लिखा, ''टैलेंट आपको मैच जीताता है, लेकिन टीम वर्क और इंटेलिजेंस आपको चैंपियनशिप जीताती है। इस बेहतरीन जीत के लिए टीम को बधाई।''

आखिरी ओवर में मिली जीत
भारत के सामने सीरीज जीतने के लिए 312 रन का टारगेट था और एक समय टीम ने 280 के स्कोर पर 7 विकेट गंवा दिए थे। आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए 8 रन की दरकार थी और टीम इंडिया के हाथ से मुकाबला निकल रहा था, लेकिन अक्षर पटेल को ये मंजूर नहीं था। उन्होंने ओवर की चौथी गेंद पर शानदार छक्का लगाकर टीम इंडिया को विजेता बना दिया। अक्षर ने तूफानी पारी खेलते हुए केवल 35 गेंदों में नाबाद 64 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 3 चौके और 5 छक्के जड़े।

संजू का भी बोला बल्ला
अक्षर पटेल के अलावा संजू सैमसन ने भी अपने वनडे करियर का पहला पचासा जड़ा। विकेटकीपर खिलाड़ी ने 51 गेंदों पर 54 रन बनाए। वहीं, उप-कप्तान श्रेय अय्यर ने भी लगातार दूसरा अर्धशतक लगाते हुए 63 रन की पारी खेली। बता दें कि भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ ये लगातार 12वीं द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीती है।

बॉलर्स ने लुटाए थे रन
इससे पहले वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जमकर रनों की बरसात की। टीम ने बोर्ड पर 6 विकेट खोकर 311 का स्कोर लगाया। अपने 100वां वनडे मैच खेल रहे ओपनर शाई होप ने 115 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कप्तान निकोलस पूरन ने भी 74 रन का योगदान दिया। भारत की ओर से अपना पहला 50 ओवर मैच खेल रहे आवेश खान महंगे साबित हुए और उन्होंने 6 ओवर में 54 रन दे दिए। युजवेंद्र चहल ने भी 9 ओवर में 69 रन खर्च किए। भारत की ओर से शार्दुल ठाकुर 3 विकेट लेने में सफल रहे।

27 जुलाई को आखिरी मैच
दोनों टीमों के बीच वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला बुधवार, 27 जुलाई को खेला जाएगा। जहां टीम इंडिया की नजरें वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप करने की होगी। हालांकि, वेस्टइंडीज अपने सम्मान के लिए आखिरी मैच जरूर जीतना चाहेगी। इसके बाद भारत और वेस्टइंडीज के बीच 29 जुलाई से 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications