Suryakumar Yadav को भारतीय टीम में खिलाते ही ट्विटर पर आई फैन्स की बाढ़, कहा अब आएगा मज़ा
श्रीलंका के खिलाफ अब तक हुए दो मैचों में सूर्यकुमार यादव को टीम में शामिल नहीं किया गया था लेकिन इस बार ऐसा हुआ है।

IND vs SL 3rd ODI (भारत बनाम श्रीलंका): श्रीलंका के खिलाफ तिरुवनंतपुरम में अंतिम एकदिवसीय मैच के दौरान टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव देखने को मिले हैं। हालांकि ईशान किशन को इस बार भी टीम में आने का मौका नहीं मिल पाया है। उपकप्तान हार्दिक पांड्या को इस मैच में बाहर बैठाया गया है। इसके अलावा उमरान मलिक भी टीम इंडिया से बाहर हैं। सूर्यकुमार यादव और वॉशिंगटन संदर को टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है। सूर्यकुमार यादव के फैन्स उनके आने से काफी खुश हैं।
डबल सेंचुरी लगाने के बाद लगातार तीसरे वनडे से बाहर ईशान किशन, सोशल मीडिया पर फिर भड़क उठे फैंस
पिछले दो मैचों में सूर्यकुमार यादव टीम में शामिल नहीं किये गए थे। उनको नहीं खिलाने पर फैन्स भी नाराज हुए थे। टी20 सीरीज में सूर्यकुमार यादव का बल्ला जमकर बोला था और उन्होंने शतकीय पारी भी खेली थी। शुरुआती दो एकदिवसीय मैचों के लिए उनको प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली थी। उनकी तरह ईशान किशन को भी टीम इंडिया में शामिल नहीं किया जा सका। किशन को तीनों वनडे में ही जगह नहीं मिली। बांग्लादेश में ईशान किशन ने दोहरा शतक जड़ा था। टीम इंडिया में बतौर ओपनर शुभमन गिल को खिलाया गया है।
सूर्यकुमार यादव न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली घरेलू सीमित ओवर सीरीज के लिए भी भारतीय टीम में शामिल है। वह टी20 क्रिकेट में लगातार धाकड़ प्रदर्शन कर रहे हैं। सबसे छोटे प्रारूप में सूर्यकुमार यादव आईसीसी रैंकिंग में नम्बर एक पर हैं। वनडे क्रिकेट में भी उनके बल्ले से कुछ इसी तरह का प्रदर्शन की उम्मीद की जा सकती है। अंतिम वनडे में रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का निर्णय लिया। रोहित शर्मा ने कहा कि पिच अच्छी दिख रही है, इसलिए बैटिंग करना सही होगा।
भारतीय टीम में उमरान मलिक को भी बाहर रखने का निर्णय लिया गया है। वह लगातार अपनी स्पीड से श्रीलंकाई बल्लेबाजों को परेशान कर रहे थे। सीरीज जीतने के बाद रोहित शर्मा ने बेंच स्ट्रेंथ को आजमाने का निर्णय लेते हुए प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किये हैं।












Click it and Unblock the Notifications