IND vs ENG: शुभमन गिल की कप्तानी पर दिग्गज ने उठाए सवाल, दूसरे टेस्ट में दिख सकते हैं नए चेहरे
IND vs ENG, playing XI: भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी का दूसरा टेस्ट 2 जुलाई से बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेला जाएगा। पहले टेस्ट में भारत को करारी हार का सामना करना पड़ा था, जिससे इंग्लैंड ने सीरीज़ में 1-0 की बढ़त बना ली है। अब सबकी निगाहें दूसरे टेस्ट पर टिकी हैं, जहां भारत वापसी की कोशिश करेगा।
एलेस्टेयर कुक ने दी भारतीय टीम को सलाह (IND vs ENG, playing XI)
इसी बीच इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलेस्टेयर कुक ने भारतीय टीम को लेकर अपनी राय रखी है। उन्होंने एक ब्रिटिश अखबार में लिखे अपने कॉलम में सुझाव दिया है कि भारत को अपने प्लेइंग इलेवन में कुछ अहम बदलाव करने चाहिए। कुक के अनुसार, करुण नायर या साई सुदर्शन में से किसी एक को बाहर बैठाना पड़ सकता है और नितीश कुमार रेड्डी को मौका दिया जाना चाहिए।

नितीश रेड्डी और कुलदीप की होगी एंट्री!
नितीश रेड्डी बल्लेबाजी के साथ-साथ मीडियम पेस बॉलिंग भी कर सकते हैं, जो टीम को अतिरिक्त विकल्प देगा। इसके अलावा उन्होंने कुलदीप यादव को एक अतिरिक्त स्पिनर के रूप में शामिल करने का सुझाव भी दिया।
शुभमन गिल की कप्तानी पर सवाल
एलेस्टेयर कुक ने पहले टेस्ट में शुभमन गिल की कप्तानी को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मैच के अंतिम चरणों में गिल की जगह मैदान पर केएल राहुल और ऋषभ पंत निर्णय लेते नजर आए। उन्होंने लिखा कि आपने देखा होगा कि कई खिलाड़ी डीआरएस कॉल और अन्य निर्णयों में शामिल हो रहे थे और वे सभी फैसले गलत निकले। गिल पहली बार टेस्ट कप्तानी कर रहे थे और शायद वह दबाव में आकर थोड़ा पीछे हट गए।
कुक ने आगे कहा कि जब भारत की दूसरी पारी चल रही थी और वे 340 रन की बढ़त पर 5 विकेट पर थे तब एक अनुभवी कप्तान शायद और आक्रामक सोचता। लेकिन भारत उस समय भी डिफेंसिव खेलता नजर आया और 370 से थोड़ी सी ही बढ़त बना सका। यदि वे थोड़ी आक्रामकता दिखाते तो इंग्लैंड पर दबाव बन सकता था। पहला टेस्ट हारने के बाद भारतीय टीम के लिए दूसरे टेस्ट को जीतना बेहद जरूरी है।












Click it and Unblock the Notifications