VIDEO: विराट कोहली को आउट कर तैजुल इस्लाम ने किया हैरान, गलत DRS पर फैन्स ने लगाई क्लास
विराट कोहली बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में पूरी तरह से फ्लॉप हो गए, क्रीज पर आते ही वह पगबाधा आउट हो गए। DRS से भी वह नहीं बच पाए।

IND vs BAN, 1st Test: बांग्लादेश के खिलाफ अंतिम वनडे मैच में शतक जमाने वाले विराट कोहली का बल्ला चटगांव टेस्ट मैच की पहली पारी में खामोश रहा। कोहली जल्दी आउट होकर पवेलियन लौट गए। पहले दिन के शुरुआती सेशन में ही ऐसा हुआ। इस दौरान विराट कोहली पगबाधा आउट हुए लेकिन उन्होंने रिव्यू ले लिया। फैन्स ने सोशल मीडिया पर कोहली के इस निर्णय की काफी आलोचना भी की। (Photo: Twitter Video/SS)
कोहली ने लिया था रिव्यू
बांग्लादेश के स्पिनर तैजुल इस्लाम ने गेंदबाजी करते हुए थोड़ा टर्न हासिल किया और कोहली इसे पीछे जाकर खेलने का प्रयास करते हुए पैड पर खा बैठे। इसके बाद जोरदार अपील हुई और अम्पायर ने उंगली ऊपर करते हुए भारतीय बल्लेबाज को वापस जाने का फैसला सुना दिया। कोहली इससे संतुष्ट नहीं थे और रिव्यू लिया लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ। विराट कोहली साफ़ विकेट के सामने पकड़े गए। इससे टीम का रिव्यू भी खराब हुआ। कमेंट्री बॉक्स से भी आवाज़ आई कि तैजुल इस्लाम ने पूरी तरह से कोहली को बीट कर दिया। पूर्व भारतीय कप्तान 1 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन चले गए।
भारतीय टीम की खराब शुरुआत
टीम इंडिया ने पहले करने का निर्णय जरुर लिया लेकिन बांग्लादेश के गेंदबाजों ने इसे गलत साबित कर दिया। पहले सेशन में भारतीय टीम ने शुभमन गिल, केएल राहुल और विराट कोहली के विकेट गंवाए। इसके बाद ऋषभ पन्त ने कुछ बेहतरीन शॉट जड़ते हुए तेज बैटिंग की लेकिन उन्होंने भी 45 गेंदों में 46 रनों की पारी खेल पवेलियन का रास्ता पकड़ लिया। इस समय भारत का स्कोर 112/4 था।
पुजारा और अय्यर ने की साझेदारी
भारतीय टीम के लिए संकटमोचक की भूमिका निभाने वाले चेतेश्वर पुजारा ने एक बार फिर से अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया। वह क्रीज के एक छोर पर टिककर खड़े हो गए। उनके साथ श्रेयस अय्यर ने मोर्चा संभाला। दोनों ने बांग्लादेश के गेंदबाजों का बखूबी सामना किया और अर्धशतक जमाए। पुजारा और अय्यर ने पांचवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी करते हुए बांग्लादेश के गेंदबाजों को मेहनत कराई। दोनों ने कमजोर गेंदों का इंतजार करते हुए आराम से बैटिंग करते हुए टीम इंडिया को मुश्किल से बाहर निकाला।












Click it and Unblock the Notifications