IND vs AUS: 3 बदलाव अहमदाबाद टेस्ट के लिए भारतीय टीम में होने चाहिए
इंदौर टेस्ट मैच में भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह से बिखर गई थी, ऐसे में टीम मैनेजमेंट को अगले टेस्ट के लिए अच्छी रणनीति बनानी होगी।

IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे टेस्ट मैच में भारतीय टीम पूरी तरह से बैकफुट पर आ गई और बुरी तरह हार गई। इंदौर में खेले गए इस मुकाबला में टीम इंडिया से धाकड़ प्रदर्शन की उम्मीद की गई थी लेकिन रेंक टर्नर विकेट पर टीम बिखर गई। स्पिनरों को खेलने में माहिर माने जाने वाले बल्लेबाज टिक नहीं पाए। भारतीय टीम के खराब प्रदर्शन के बाद अहमदाबाद में होने वाले अंतिम टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन ध्यान से चुनने की आवश्यकता है। वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप में भारत के फाइनल में जाने के लिए यह मुकाबला बड़ी अहमियत रखता है। टीम इंडिया में तीन खिलाड़ी बदले जाने चाहिए।
बाबर आज़म ने मुझे स्ट्रेट ड्राइव मारा और मैंने कहा अब नहीं छोड़ने वाला हूं, शोएब अख्तर का एक और खुलासा

सूर्यकुमार यादव को मौका मिलना चाहिए
नागपुर में खेले गए पहले टेस्ट मुकाबले में सूर्यकुमार यादव को खिलाया गया था। एक ही पारी में टीम इंडिया ने बल्लेबाजी की थी। इसमें सूर्यकुमार के बल्ले से 8 रन आए। इसके बाद श्रेयस अय्यर वापस आ गए और उनको टीम में शामिल करते हुए सूर्यकुमार को टीम से बाहर कर दिया गया। अय्यर ने इंदौर में एक कैमियो खेला था, इसके अलावा उनका बल्ला भी खामोश ही रहा है। उनके बल्ले से बड़े रनों की उम्मीद की जाती है और नम्बर पांच जैसी अहम जगह पर वह प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं। दिल्ली और इंदौर टेस्ट में यह देखा गया था। ऐसे में अहमदाबाद में अब सूर्यकुमार यादव को लाना चाहिए। अहमदाबाद में सफेद गेंद क्रिकेट में सूर्या का प्रदर्शन शानदार रहा है।

ईशान किशन का डेब्यू होना चाहिए
ऋषभ पन्त की अनुपस्थिति में एएस भरत को मौका मिला था और तीनों मैचों में उनको प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बनाया गया। ईशान किशन टीम में होने के बाद भी बेंच पर बैठे रहे। केएस भरत से जब भी भारतीय बैटिंग यूनिट को जरूरत पड़ी, वह खरा नहीं उतर पाए। तीन मैचों में भरत ने 57 रन बनाए हैं। इस प्रदर्शन के आधार पर कहा जा सकता है कि भरत को टीम से बाहर कर उनकी जगह ईशान किशन को लेकर आना चाहिए। किशन सफेद गेंद क्रिकेट में पहले से ही अपना जलवा दिखा चुके हैं।

मोहम्मद सिराज को बाहर करना चाहिए
इंदौर टेस्ट मैच में अक्षर पटेल दोनों पारियों में नाबाद रहे थे। अंतिम विकेट के रूप में उनके सामने सिराज थे और वह अपरिपक्व क्रिकेट खेलकर आउट हुए। दोनों पारियों में उनसे अपेक्षा थी कि अक्षर को स्ट्राइक पर रखे, ताकि कुछ रन बने। इसके अलावा गेंदबाजी में भी उनका ज्यादा काम नहीं है। तीन स्पिनरों के साथ खेलते हुए उनकी गेंदबाजी कम ही आई। मोहम्मद शमी को वापस लाना चाहिए। शमी को सिराज की तुलना में गेम की ज्यादा समझ है। वह जरूरत पड़ने पर बल्लेबाजी में भी कुछ शॉट जड़ने की क्षमता रखते हैं और परिपक्व भी हैं।












Click it and Unblock the Notifications