World Cup 2023: ICC ने लॉन्च किया विश्व कप 2023 का प्रोमो, Video में खास पलों के साथ नजर आए शाहरुख खान
ICC World Cup 2023: अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने गुरुवार, 20 जुलाई को वर्ल्ड कप 2023 का आधिकारिक प्रोमो लॉन्च कर दिया है, जिसमें बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान और क्रिकेट जगत के कई बड़े नाम शामिल हैं। भारत की मेजबानी में होने जा रहे आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप की शुरुआत 5 अक्टूबर से होने जा रही है। टूर्नामेंट का फाइनल मैच 19 नवंबर को अहमदाबाद में खेला जाएगा।
गुरुवार को आईसीसी ने मेजबान देश के बोर्ड बीसीसीआई के साथ मिलकर मुंबई में 'इट टेक्स वन डे' अभियान शुरू किया। विश्व कप 2023 के आधिकारिक वीडियो में शाहरुख खान, जेपी डुमिनी, शुभमन गिल, दिनेश कार्तिक, इयोन मोर्गन, मुथैया मुरलीधरन, जोंटी रोड्स और जेमिमा रोड्रिग्स शामिल हैं।

वीडियो में पुरुष क्रिकेट विश्व कप के इतिहास के कुछ सबसे यादगार पलों को कैद किया गया है। यह फिल्म नौ 'नवरसा' (Navarasa) भावनाओं के विषय पर बनाई गई है- जिसमें पीड़ा (Anguish), बहादुरी (Bravery), महिमा (Glory), खुशी (Joy), जुनून (Passion), शक्ति (Power), गौरव (Pride), सम्मान (Respect) और आश्चर्य (Wonder) शामिल है।
वर्ल्ड कप 2023 के आधिकारिक प्रोमो के लॉन्च पर प्रतिक्रिया देते हुए आईसीसी के सीईओ ज्योफ एलार्डिस ने कहा कि, 'यह अभियान एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट का सच्चा उत्सव है और यह प्रत्याशा की भावना पैदा करता है कि जब आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2023 भारत में वापस आएगा तो हम क्या उम्मीद कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि, 'क्रिकेट और सिनेमा भारतीय मानस के केंद्र में हैं, और हमने दूर-दूर तक इस पहुंचाने के लिए इन दोनों को शामिल किया है। एलार्डिस ने आगे कहा कि, 'क्रिकेटरों की एक असाधारण सीरीज के साथ बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की भागीदारी हमें इस देश में हमारे संपर्क को गहरा करने में मदद करेगी, साथ ही दुनिया भर का ध्यान आकर्षित करेगी।'
बीसीसीआई सचिव जय शाह ने कहा कि, 'रोमांचक पल, बड़ी लड़ाई और अप्रत्याशित परिणाम देने की अपनी क्षमता के कारण वनडे फॉर्मेट खास महत्व रखता है, जो वास्तव में विश्व स्तर पर प्रशंसकों को मंत्रमुग्ध कर देगा। जैसा कि हम इस यात्रा पर आगे बढ़ रहे हैं, हमें पुरुष क्रिकेट विश्व कप अभियान के शुभारंभ और दुनिया भर में इस आयोजन के लिए वास्तविक उत्साह पैदा करने पर गर्व है।'












Click it and Unblock the Notifications