DC vs RCB: दिल्ली कैपिटल्स के नाम 19 सालों का सबसे शर्मनाक रिकॉर्ड, 16 गेंदों में हुआ काम तमाम
DC vs RCB: दिल्ली कैपिटल्स (DC) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली की बल्लेबाजी की शुरुआत बेहद भयावह रही। मैच की शुरुआती 16 गेंदों के भीतर ही दिल्ली का टॉप ऑर्डर ताश के पत्तों की तरह ढह गया। महज 7 रन के कुल योग तक टीम अपने 5 मुख्य विकेट गंवा चुकी थी।
भुवनेश्वर कुमार ने अपनी दूसरी ही गेंद पर साहिल पारख (0) को बोल्ड कर इस तबाही की शुरुआत की, जिसके बाद जोश हेजलवुड ने लोकेश राहुल और समीर रिजवी को लगातार दो गेंदों पर आउट कर दिल्ली को बैकफुट पर धकेल दिया। भुवनेश्वर ने अपने अगले ओवर में ट्रिस्टन स्टब्स और अक्षर पटेल के विकेट लेकर दिल्ली की पारी को पूरी तरह बिखेर दिया।

इस खराब शुरुआत के कारण पावरप्ले (1-6 ओवर) में जो आंकड़े बने, वे आईपीएल इतिहास के सबसे खराब रिकॉर्ड्स में शामिल हो गए। आरसीबी के गेंदबाजों ने गजब कहर ढाते हुए सब कुछ तहस-नहस कर दिया।
आईपीएल इतिहास का न्यूनतम पावरप्ले स्कोर
दिल्ली कैपिटल्स ने इस मैच में आईपीएल के 19 सालों के इतिहास का सबसे छोटा पावरप्ले स्कोर बनाने का शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किया। बेंगलुरु के खिलाफ दिल्ली की टीम पहले 6 ओवरों में 6 विकेट खोकर केवल 13 रन ही बना सकी। इसने साल 2009 में राजस्थान रॉयल्स द्वारा बेंगलुरु के खिलाफ बनाए गए 14/2 और 2022 में सनराइजर्स हैदराबाद के 14/3 के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।
पावरप्ले में सर्वाधिक विकेटों का पतन
पावरप्ले के दौरान रन न बना पाने के साथ-साथ दिल्ली ने विकेट गंवाने के मामले में भी एक अनचाहे रिकॉर्ड की बराबरी की। दिल्ली ने शुरुआती 6 ओवरों में अपने 6 विकेट खो दिए। आईपीएल के इतिहास में (पूर्ण मैचों में) यह केवल दूसरी बार हुआ है जब किसी टीम ने पावरप्ले में ही अपने 6 बल्लेबाज गंवा दिए हों। इससे पहले यह रिकॉर्ड कोच्चि टस्कर्स केरल के नाम था, जिन्होंने 2011 में डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ 6 विकेट खोए थे।












Click it and Unblock the Notifications