अपने साथी खिलाड़ी की प्री वेडिंग पार्टी में पहुंची CSK की पूरी टीम, धोनी-जडेजा ने लूटी महफिल
नई दिल्ली, अप्रैल 20। आईपीएल 2022 में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन भले ही अभी तक उम्मीद के मुताबिक ना रहा हो, लेकिन टीम को इसका जरा भी मलाल नहीं है और इसकी वजह यह है कि चेन्नई हमेशा से ही कमबैक करने के लिए जानी जाती है। टीम के खिलाड़ी हमेशा पॉजिटिव एनर्जी के साथ रहते हैं, इसीलिए 6 मैचों में सिर्फ 1 मैच जीतने के बाद भी चेन्नई की पूरी टीम एक शानदार जश्न में शरीक हुई। टीम के सभी खिलाड़ियों ने इस जश्न में जमकर मस्ती की।

डेवोन कॉनवे की प्री वेडिंग पार्टी में इकट्ठा हुई टीम
दरअसल, चेन्नई सुपर किंग्स की पूरी टीम अपने साथी खिलाड़ी डेवोन कॉनवे की प्री वेडिंग पार्टी में शामिल हुई थी। यह पार्टी चेन्नई में आयोजित हुई। पार्टी में टीम के मौजूदा कप्तान रवींद्र जडेजा के साथ-साथ पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी समेत सभी खिलाड़ी पहुंचे थे। इस पार्टी की खास बात यह थी कि दूल्हे समेत टीम के सभी खिलाड़ी भारतीय पारंपरिक वेषभूषा में नजर आए। सभी खिलाड़ियों ने धोती-कुर्ता पहना था

धोनी-जड्डू ने लूटी महफिल
इस पार्टी में चेन्नई के सभी विदेशी और देसी खिलाड़ी धोती-कुर्ता में पहुंचे। सभी इस पारंपरिक वेशभूषा में एकदम हटकर लग रहे थे। सीएसके के पूर्व कप्तान एमएस धोनी पीले रंग का कुर्ता पहने नजर आए और उसके साथ उन्होंने सफेद रंग की धोती पहनी थी। धोनी और जडेजा ने इस पार्टी की महफिल ही लूट ली। इस दौरान जब कॉनवे ने केक काटा तो धोनी ने उनका पूरा चेहरा केक से मल दिया। वहीं जडेजा भी महफिल का मजा लुटते नजर आए।

वीडियो कॉल से जुड़ीं कॉनवे की गर्लफ्रेंड
इस पार्टी में धोनी जडेजा के अलावा दूल्हे राजा डेवॉन कॉनवे, ड्वेन ब्रावो, शिवम दुबे, मोइन अली, ऋतुराज गायकवाड़, कोच स्टीफन फ्लेमिंग समेत कई अन्य खिलाड़ी शामिल हुए। इस पार्टी में कॉनवे की गर्लफ्रेंड किम वॉटसन वीडियो कॉल के जरिए जुड़ी थीं। हालांकि वो कॉनवे के साथ भारत में ही हैं, लेकिन बबल नियमों की वजह से उन्हें खिलाड़ी के साथ नहीं रहने दिया गया है। बता दें कि डेवोन कॉनवे न्यूजीलैंड के खिलाड़ी हैं और अभी आईपीएल के चलते वो भारत में हैं। डेवोन कॉनवे अपनी गर्लफ्रेंड किम वॉटसन से शादी करने वाले हैं।
ये भी पढ़ें: डिविलियर्स ने कार्तिक को बताया 360 डिग्री प्लेयर, बोले- अब मैं भी खेलना चाहता हूं












Click it and Unblock the Notifications