BCCI ने किया ऐलान, इस तारीख को शुरू होगा IPL 2022, माैजूद रहेंगे दर्शक

नई दिल्ली। आखिर जिस जानकारी को हासिल करने का इंतजार क्रिकेट प्रेमियों को कई दिनों से था, वो अब खत्म हो चुका है। हाल ही में आईपीएल मेगा नीलामी हुई थी, जिसके बाद सब यह जानने की इच्छा रख रहे थे कि सीजन-15 की शुरूआत कब होगी। अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने घोषणा की कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का 15वां सीजन 26 मार्च से शुरू होगा। गुरुवार (24 फरवरी) शाम को आईपीएल गवर्निंग काउंसिल (जीसी) की बैठक में यह फैसला लिया गया।
यह भी पढ़ें- 'रोहित की कप्तानी में मुझे सबसे ज्यादा मजा आया', इस दिग्गज ने दिया बयान

दर्शकों की माैजूदगी रहेगी
आईपीएल के अध्यक्ष बृजेश पटेल ने क्रिकबज से बात करते हुए साफ किया कि टूर्नामेंट की शुरुआत 26 मार्च को होगी। फाइनल मैच 29 मई को खेला जाएगा। साथ ही इस बार खाली स्टेडियम में मैच नहीं होंगे। यानी कि दर्शकों की माैजूदगी रहेगी। इस बार 10 टीमों के बीच खिताब जीतने की होड़ देखने को मिलेगी। सीजन में 70 लीग मैच खेले जाएंगे और भारतीय क्रिकेट टीम के श्रीलंका के खिलाफ चल रहे असाइनमेंट को पूरा करने के ठीक 11 दिन बाद शुरू होगा।

यहां खेला जाएगा फाइनल
इंडियन प्रीमियर लीग 2022 का लीग चरण मुंबई और पुणे में 4 स्थानों पर खेला जाएगा। 55 लीग मैच मुंबई में होंगे, जबकि 15 पुणे में खेले जाएंगे। हर टीम वानखेड़े स्टेडियम और डीवाई पाटिल स्टेडियम में 4 मैच और ब्रेबोर्न स्टेडियम और एमसीए स्टेडियम में 3-3 मैच खेलेगी। फाइनल 29 मई को अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम के नाम से मशहूर नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। प्लेऑफ मुकाबले भी मोटेरा स्टेडियम में खेले जाएंगे। इस बार 10 टीमों को दो ग्रुपों में बांटा जाएगा। ग्रुप-ए में पांच और और ग्रुप-बी में पांच टीमें होंगी।

दो नई टीमें हैं शामिल
इस बार गुजरात टाइटन्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के रूप में 2 नई टीमों को शामिल किया गया है। एमएस धोनी की अगुवाई में चेन्नई सुपर किंग्स अपने खिताब की रक्षा करने और सबसे सफल फ्रेंचाइजी के लिए मुंबई इंडियंस के रिकॉर्ड की बराबरी करने की कोशिश करेगी। इससे पहले, आईपीएल 2022 मेगा नीलामी 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में आयोजित की गई थी, जहां सभी 10 फ्रेंचाइजी ने खिलाड़ियों को खरीदा और लीग के आगामी 15 वें संस्करण के लिए अपनी टीम को तैयार किया। इस बार आईपीएल 2022 भारत में ही करवाया जाएगा। पिछली बार आईपीएल का दूसरा चरण भारत में कोविड केस बढ़ने के कारण यूएई में करवाया गया था। वहीं आईपीएल 2020 पूरी तरह से यूएई में ही करवाया गया था, लेकिन इस बार बीसीसीआई विदेश में सीजन करवाने के मूड में बिल्कुल भी नहीं था।












Click it and Unblock the Notifications