'वही जोश, स्पीड और स्पैल...', दिनेश कार्तिक ने बयां की स्टुअर्ट ब्रॉड के 600 विकेटों की खासियत
Ashes 2023: भारत के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक (Dinesh Karthik) ने इंग्लैंड के दिग्गज तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड की तारीफ की है, जिन्होंने हाल ही में अपने 600 टेस्ट विकेट (Stuart Broad 600 test wicket) पूरे किए हैं।
ब्रॉड ने एशेज टेस्ट सीरीज के चौथे टेस्ट मैच के पहले ही दिन यह कारनामा किया। ऐसा करते ही ब्रॉड टेस्ट क्रिकेट में इस उपलब्धि को हासिल करने वाले केवल दूसरे तेज गेंदबाज बन गए। जेम्स एंडरसन यह कारनामा पहले ही कर चुके हैं।

इस प्रक्रिया में स्टुअर्ट ब्रॉड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 149 विकेट भी चटकाए हैं जो किसी भी इंग्लिश मैन द्वारा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चटकाए सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट है। दिनेश कार्तिक ने स्काई स्पोर्ट्स क्रिकेट एशेज पॉडकास्ट पर बात करते हुए कहा-
"स्टूअर्ट ब्रॉड एक मजबूत इरादों के खिलाड़ी है। उन्होंने एशेज में इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेकर जो हासिल किया है, वह उनके जज्बे को दिखाता है। पता चलता है कि आप किस तरह के इंसान हैं। जितना बड़ा टेस्ट होगा, वे उतने ही ज्यादा बेहतर हो जाएंगे। वह करीब 17 साल से खेल रहे हैं और अभी भी उतनी ही गेंदबाजी कर रहे हैं, उनकी गति भी कम नहीं हुई है और यह चीज मेरे लिए काफी खास है।"
स्टुअर्ट ब्रॉड की यह परफॉर्मेंस उस समय काबिले तारीफ है जब जेम्स एंडरसन जैसा दिग्गज मौजूदा टूर्नामेंट में परफॉर्म करने में नाकाम रहा है। एंडरसन को तीसरे टेस्ट मैच से बाहर करके फिर चौथे टेस्ट मैच में बुलाया गया, लेकिन उन्होंने पहली पारी में केवल एक ही विकेट लिया।
ब्रॉड और एंडरसन के अलावा 600 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में भारतीय दिग्गज अनिल कुंबले भी हैं, जिन्होंने 619 विकेट चटकाए हैं। शेन वार्न ने 700 प्लस विकेट लिए हैं। उसके बाद मुथैया मुरलीधरन का नंबर आता है जिन्होंने 800 टेस्ट विकेट हासिल किए हैं। सर्वाधिक टेस्ट विकेट लेने के मामले में मुरली नंबर एक पर है।
ये भी पढ़ें- 'भूल गया हूं IPL ने तोड़ा था दिल', क्या मानव सुथार हैं वो बाएं हाथ के स्पिनर, जिसकी टीम इंडिया को है तलाश
स्टुअर्ट ब्रॉड जिस रफ्तार से आगे बढ़ रहे हैं और उनकी फिटनेस जितनी शानदार है, उसके हिसाब से वे जेम्स एंडरसन को पीछे छोड़ देंगे। बस वे लगातार टेस्ट क्रिकेट खेलते रहें।












Click it and Unblock the Notifications