राहुल को लेकर आगरकर ने टीम मैनेजमेंट को दी चेतावनी, कहा- जल्द करें फैसला नहीं तो होगी मुश्किल

नई दिल्ली। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच हाल ही में खत्म हुई वनडे सीरीज में इंडियन टीम को 3-0 से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद इस दौरे पर कप्तानी कर रहे केएल राहुल को आलोचना का सामना करना पड़ा। इस दौरान केएल राहुल साउथ अफ्रीका दौरे पर पारी का आगाज करते नजर आये, हालांकि आखिरी बार जब वो भारत की वनडे टीम में खेलते नजर आये थे तब वो मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते नजर आये थे। इस बीच भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज अजीत आगरकर ने भारतीय टीम मैनेमेंट को केएल राहुल के विषय में जल्द निर्णय लेने के लिये कहा है, ताकि भारतीय टीम को इसका खामियाजा अगले विश्वकप के दौरान न भुगतना पड़े।
और पढ़ें: PSL 2022 में लौटते ही शाहिद अफरीदी की जमकर हुई पिटाई, नाम हुआ सबसे शर्मनाक रिकॉर्ड
उल्लेखनीय है कि केएल राहुल वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जाने वाली 3 मैचों की वनडे सीरीज के पहले मैच में नहीं खेल पायेंगे लेकिन दूसरे मैच के साथ ही वो टीम में वापसी कर रहे हैं, जिसके बाद वो टी20 सीरीज का भी हिस्सा बनेंगे। ऐसे में माना जा रहा है कि रोहित शर्मा के कप्तानी में वापस लौटने के साथ ही केएल राहुल को चौथे या पांचवे नंबर पर बल्लेबाजी के लिये भेजा जा सकता है।
और पढ़ें: U19 WC 2022: पाकिस्तानी कप्तान ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बने

विश्वकप 2023 से पहले सुलझानी होगी गुत्थी
भारतीय क्रिकेट टीम का सारा ध्यान अगले साल भारत में खेले जाने वाले 2023 वनडे विश्वकप पर है, जिसके लिये वो टीम तैयार करने में जुटे हुए हैं। ऐसे में साउथ अफ्रीका दौरे पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले शिखर धवन को उम्र देखते हुए प्लेइंग 11 से बाहर रखा जा सकता है, लेकिन अगर धवन-रोहित को जोड़ी अपना काम करने में कामयाब रहती है तो राहुल को मध्यक्रम में भेजा जा सकता है।
भारतीय टीम के पूर्व पेसर का मानना है कि टीम मैनेजमेंट को जल्द इस बात को सुलझा लेना चाहिये कि वो केएल राहुल को बतौर ओपनर खिलाना चाहते हैं या फिर मध्यक्रम में, क्योंकि अगर टीम ऐसा करने में नाकाम रहती है तो उसे विश्वकप में इसका नुकसान उठाना पड़ सकता है।

राहुल का बल्लेबाजी क्रम तय करना जरूरी
अजीत आगरकर का मानना है कि भारतीय टीम के पास सलामी बल्लेबाजी में कई सारे विकल्प हैं जो कि धवन की गैर मौजूदगी में टीम में खेल सकते हैं, लेकिन मध्यक्रम में भारत के पास बेहद कम विकल्प हैं, ऐसे में राहुल वहां पर काम कर सकते हैं। अगर धवन को खराब फॉर्म की वजह से विश्वकप टीम से बाहर कर दिया जाता है तो पृथ्वी शॉ, मयंक अग्रवाल, ऋतुराज गायकवाड़ जैसे कई विकल्प मौजूद हैं, तो वहीं पर मध्यक्रम में केएल राहुल के साथ ईशान किशन और ऋषभ पंत बल्लेबाजी क्रम को मजबूत कर सकते हैं।
स्टार स्पोर्टस के शो गेम प्लान पर बात करते हुए आगरकर ने कहा,'मुझे लगता है कि यह सबसे पहली चीज है जिसका टीम मैनेजमेंट को हल निकालना चाहिये कि वो उसे ओपनर के रूप में इस्तेमाल करना चाहते हैं या फिर एक मध्यक्रम बल्लेबाज की तरह क्योंकि साउथ अफ्रीका में जब वो कप्तान थे तो उन्होंने पारी का आगाज किया था जो कि मेरे लिये थोड़ा निराशाजनक रहा था, हालांकि नंबर 4 और 5 पर बल्लेबाजी करते हुए वो काफी सफल रहे थे और हम उसी रोल में देखना चाहते हैं।'

धवन का विश्वकप में खेलना मुश्किल
आगरकर ने आगे बात करते हुए कहा कि अगर आप उन्हें इस रोल में नहीं देखने वाले हैं तो आपको पहले उनकी जगह सुनिश्चित करनी होगी और उसी पर कायम रहना होगा, फिर चाहे वो पारी का आगाज करना हो या फिर मध्यक्रम की बल्लेबाजी। वेस्टइंडीज के खिलाफ यह देखना काफी शानदार होगा कि रोहित-धवन की वापसी के साथ टीम उन्हें कहां भेजती है, क्योंकि मुझे यकीन नहीं है कि अगले एक या डेढ़ साल में धवन का भविष्य टीम में कितना है। भले ही धवन पारी का आगाज करते हुए रन बना रहे हैं लेकिन टीम में कई सारे विस्फोटक बल्लेबाज मौजूद हैं जो उनकी जगह ले सकते हैं। तो भारतीय टीम के लिये केएल राहुल की जगह तय करना बहुत जरूरी है।
गौरतलब है कि मौजूदा समय में भारतीय टीम के मध्यक्रम बल्लेबाजी की जिम्मेदारी श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव जैसे बल्लेबाजों के पास है तो वहीं पर निचले क्रम में अभी भी हार्दिक पांड्या का विकल्प ढूंढा जा रहा है। दीपक हुड्डा को वेस्टइंडीज के खिलाफ डेब्यू करने का मौका दिया जा सकता है जहां पर वो फिनिशर की भूमिका अदा कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications