U19 WC 2022: पाकिस्तानी कप्तान ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बने

नई दिल्ली। वेस्टइंडीज की मेजबानी में खेले जा रहे अंडर 19 विश्वकप 2022 के फाइनल के लिये दोनों टीमों का पता लग चुका है, हालांकि टूर्नामेंट का हिस्सा बनने वाली बाकी टीमों के पायदान की स्थिति का पता लगाने का दौर अभी भी जारी है। इसके तहत विश्वकप फाइनल की रेस से बाहर हो चुकी टीमों के बीच टूर्नामेंट की रैंकिंग पता लगाने का काम जारी है। इसी फेहरिस्त में गुरुवार को श्रीलंका की अंडर 19 टीम और पाकिस्तान की अंडर 19 टीमों के बीच पांचवे पायदान पर कब्जा जमाने के लिये मैच खेला गया, जिसमें पाकिस्तानी क्रिकेटर्स ने एकतरफा अंदाज में प्रदर्शन कर मैच को 238 रनों के विशाल अंतर से अपने नाम कर लिया।
और पढ़ें: U19 WC 2022: बेबी एबी ने वर्ल्ड कप में रचा इतिहास, तोड़ा धवन का 18 साल पुराना रिकॉर्ड
जहां पर पाकिस्तान की टीम को क्वार्टरफाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया की टीम के हाथों एकतरफा हार का सामना करना पड़ा था तो वहीं पर श्रीलंका की टीम को अफगानिस्तान ने रोमांचक तरीके से मात देकर सेमीफाइनल में जगह बनायी थी। टॉप 4 से बाहर हो जाने के बाद पांचवे पायदान के लिये दोनों टीमों के बीच मुकाबला खेला गया जिसमें पाकिस्तान की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट खोकर 365 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में श्रीलंका की टीम 127 रन पर ऑल आउट हो गई।
और पढ़ें: IND vs WI: कोरोना विस्फोट के बीच भारतीय टीम में लौटा विस्फोटक बैटर, अब तक 5 खिलाड़ी संक्रमित

कासिम अकरम ने ठोंका विस्फोटक शतक
पाकिस्तान की टीम ने 238 रनों से मैच को जीतकर पांचवे पायदान पर कब्जा जमा लिया है। पाकिस्तान की टीम भले ही खिताब जीतने की रेस से पिछले हफ्ते ही बाहर हो गई हो लेकिन टीम के कप्तान कासिम अकरम ने टूर्नामेंट के अपने आखिरी मैच में इतिहास रच दिया और अंडर 19 विश्वकप का बहुत बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने मुहम्मद शहजाद (73) और हसीबुल्लाह खान (136) के दम पर अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिये 134 रनों की साझेदारी की, जिसके बाद कप्तान कासिम अकरम ने नाबाद 135 रनों की पारी खेलते हुए टीम के स्कोर को 365 पर पहुंचा दिया। कासिम अकरम ने 80 गेंदों में 13 चौके और 6 छक्कों की मदद से नाबाद 135 रनों की पारी खेली तो वहीं गेंदबाजी के दौरान भी अपनी स्पिन गेंदबाजी से कहर बरसाया।

ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बनें अकरम
कासिम अकरम ने अपने 10 ओवर के स्पेल में सिर्फ 37 रन दिये और श्रीलंकाई टीम के 5 विकेट हासिल कर इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा दिया। अंडर 19 विश्वकप के इतिहास में कासिम अकरम पहले खिलाड़ी बन गये जिसने एक ही मैच में शतक और 5 विकेट हॉल लेने का कारनामा किया है। कासिम अकरम ने नई गेंद से कहर बरपाते हुए पहले दोनों सलामी बल्लेबाजो चमिंडु विक्रमसिंघे और पवन पाथिराजा का विकेट चटकाया तो वहीं शेवॉन डैनियल भी 2 रन बनाकर वापस लौट गये। रानुडा सोमारथ्ना भी खाता नहीं खोल सके। कासिम अकरम की गेंदबाजी के दम पर श्रीलंका की टीम ने महज 15 रन के स्कोर पर अपने 4 विकेट खो दिये थे। कासिम अकरम ने 41 रन के स्कोर पर सदिश राजपक्षे का विकेट लेकर अपना 5 विकेट हॉल पूरा कर लिया और श्रीलंका के टॉप 5 बल्लेबाजों को वापस पवेलियन भेज दिया।

श्रीलंका के लिये बेकार गया कप्तान का संघर्ष
श्रीलंका की टीम के लिये कप्तान दुनिथ वेलाल्गे (40) और विनुजा रनपुल (53) ने थोड़ा जुझारु पन दिखाया जिसकी वजह से टीम 127 रन के स्कोर तक पहुंच सकी। कप्तान वेलाल्गे और विनुजा ने 5-5 चौके लगाये तो वहीं पर रनपुल ने दो छक्के भी लगाकर लड़ाई जारी रखने का काम किया। हालांकि पाकिस्तान के सामने यह प्रयास कुछ खास मायने नहीं रख सका और 35वें ओवर में जीशान जमीर की फुल डिलिवरी पर ट्रेवीन मैथ्यू के आउट होने के साथ ही पाकिस्तान की टीम ने 238 रन से मैच को जीत लिया।












Click it and Unblock the Notifications