IPL 2022 के शेड्यूल से किस टीम को हुआ सबसे ज्यादा फायदा, आकाश चोपड़ा ने बताया क्यों
नई दिल्ली। दुनिया की सबसे मशहूर और महंगी टी20 लीग आईपीएल के 15वें सीजन का शेड्यूल आखिरकार जारी हो गया है। बीसीसीआई ने रविवार को आईपीएल 2022 के लीग स्टेज का शेड्यूल जारी कर दिया है, जिसमें 10 टीमों के बीच 70 मैच खेले जायेंगे। सीजन का आगाज 26 मार्च से चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच वानखेड़े के मैदान पर खेले जाने वाले पहले मैच के साथ होगा। इस दौरान टूर्नामेंट के 15 मैचों का आयोजन पुणे के एमसीए स्टेडियम में किये जायेंगे, जबकि बचे हुए सारे मैचों का आयोजन मुंबई में किया जायेगा।

आईपीएल 2022 के 55 मैचों का आयोजन वानखेड़े (20 मैच), डीवाई पाटिल (20) और ब्रेबॉन सीए (15) के मैदान पर किया जायेगा। बीसीसीआई ने साफ किया है कि प्लेऑफ और फाइनल मैच के शेड्यूल और स्थान का ऐलान बाद में किया जायेगा। उल्लेखनीय है कि बीसीसीआई ने पिछले साल भारत में आयोजित किये गये आईपीएल के 14वें सीजन में हुए बायोबबल विस्फोट से बचने के लिये यह फैसला किया है।

मुंबई की टीम पर नहीं पड़ेगा प्रभाव
आईपीएल 2022 का शेडयूल जारी होने के बाद से लगातार यह सवाल पूछा जा रहा है कि मुंबई के 3 स्टेडियम में लीग का आयोजन किये जाने से क्या 5 बार की खिताबी चैम्पियन मुंबई इंडियंस को फायदा नहीं होगा और बची हुई टीम के साथ नाइंसाफी नहीं होगी। अब इस सवाल का जवाब मशहूर क्रिकेट कॉमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने दिया है। अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए आकाश चोपड़ा ने कहा कि आईपीएल 2022 में मुंबई इंडियंस इकलौती ऐसी टीम है जिसे अपनी रणनीति में बदलाव करने की जरूरत नहीं है।

बीसीसीआई ने नहीं दिया शिकायत पर ध्यान
इससे पहले कई फ्रैंचाइजियों ने मुंबई इंडियंस को घरेलू सरजमीं पर खेलने के फायदे पर चिंता जताई थी और सवाल खड़े किये थे, लेकिन चोपड़ा का मानना है कि रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम बाकी मैदान पर भी खेलती नजर आयेगी, जिसकी वजह से वानखेड़े के मैदान पर खेलने का उसे ज्यादा फायदा नहीं हो पायेगा।
उन्होंने कहा,'सभी टीमों को हर मैदान पर बराबर खेलने का मौका देने की कोशिश की गई है। एक रिपोर्ट आयी थी जिसमें टीमों की ओर से मुंबई को वानखेड़े के मैदान पर एक भी मैच नहीं खेलने देने की मांग की बात कही गई थी लेकिन उसे दरकिनार कर दिया गया है। वह इकलौती ऐसी टीम रहे जिनकी नीलामी में खरीदारी की रणनीति में कोई फर्क नजर नहीं आया और मुंबई इकलौती ऐसी टीम रहेगी जिससे इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उन्हे यहां पर इस साल और अगले साल भी अपने मैच खेलने को मिल रहे हैं।'

राजस्थान ने नीलामी में क्यों लगाया चहल-अश्विन पर दांव
आकाश चोपड़ा ने इस दौरान राजस्थान रॉयल्स के रविचंद्रन अश्विन और युजवेंद्र चहल को खरीदने के पीछे की योजना पर भी बात की और कहा कि राजस्थान रॉयल्स ने ऐसा करने के पीछे काफी दूर का सोचा है।
उन्होंने कहा,' सभी टीमों ने सोचा कि वो इस साल यहां खेलेंगे लेकिन अगले साल सीएसके चेन्नई जायेगी, कोलकाता ईडन गार्डन्स, दिल्ली अरुण जेटली स्टेडियम और राजस्थान रॉयल्स सवाई मान सिंह, लेकिन राजस्थान रॉयल्स ने इसके साथ ही विपक्षी टीम के उन स्पिनर्स को हासिल करने का काम किया जिन्हें दिल्ली और बेंगलुरू के मैदान पर खेलने का अनुभव हो और इससे उन्हें घर के अलावा इन दो जगह भी फायदा होता नजर आयेगा।'

क्यों होगा मुंबई को सबसे ज्यादा फायदा
आकाश चोपड़ा का मानना है कि मुंबई में स्थित तीनों स्टेडियम की पिच की सतह लगभग एक जैसी है और सभी पर लाल मिट्टी की पिच देखने को मिलेगी, जिससे खेल पर ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ेगा। इसे देखते हुए आकाश चोपड़ा को लगता है कि इस आईपीएल में मुंबई इंडियंस को काफी फायदा होने वाला है।












Click it and Unblock the Notifications