Asian Games 2023: आकाश चोपड़ा ने चुनी भारत की संभावित टीम, Shikhar Dhawan की जगह इस दिग्गज को बना दिया कप्तान
Asian Games 2023: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एशियाई खेल 2023 के लिए भारत की पुरुष और महिला टीमों को भेजने का फैसला लिया है। इन खेलों को लेकर प्रशंसकों के बीच भी गजब का क्रेज देखने को मिल रहा है, क्योंकि सीनियर खिलाड़ी अक्टूबर में वनडे विश्व कप की तैयारियों में व्यस्त होंगे, ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि पुरुष टीम में कप्तानी का ताज कौन पहनेगा।
हाल ही में कई खबरें सामने आईं कि अनुभवी बल्लेबाज शिखर धवन सितंबर में होने वाले इवेंट में टीम इंडिया का नेतृत्व कर सकते हैं। इस बीच भारत के पूर्व बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने एशियाई खेलों के लिए अपनी संभावित प्लेइंग इलेवन में धवन को शामिल ही नहीं किया है।

आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड वीडियो में बताया कि, चेन्नई सुपर किंग्स के सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ को वनडे विश्व कप 2023 के लिए इंडिया की टीम में जगह नहीं मिल सकती है, लेकिन वह और राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज यशस्वी जयसवाल एशियाई खेल में भारत के लिए एक मजबूत ओपनिंग जोड़ी बना सकते हैं।
उन्होंने कहा कि, 'मैं ऋतुराज गायकवाड़ से शुरुआत कर रहा हूं। मुझे लगता है कि गायकवाड़ का नाम विश्व कप के लिए नहीं हो सकता है। पहले से ही शुभमन गिल और रोहित शर्मा वहां हैं और फिर ईशान किशन सलामी बल्लेबाज के रूप में हैं। फिर श्रेयस अय्यर आते हैं और फिर आपके पास विराट कोहली हैं। 'इसलिए मुझे लगता है कि कोई जगह नहीं खुल सकती है।'
उन्होंने आगे कहा कि, 'इसलिए मैं सलामी बल्लेबाज के रूप में ऋतुराज गायकवाड़ के साथ जा रहा हूं। उन्हें बहुत अधिक मौके नहीं मिले हैं। कारण चाहे जो भी रहा हो, उन्हें आपका टी20 बल्लेबाज नहीं माना जाता है। मैंने जो दूसरा खिलाड़ी चुना है वह यशस्वी जयसवाल हैं। एक बार फिर उनका करियर बस शुरू हो रहा है और वह पिछले दो-तीन वर्षों से वनडे टीम के करीब भी नहीं पहुंचे हैं।'
प्रसिद्ध कमेंटेटर ने मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज तिलक वर्मा को टीम में बनाए रखने की बात कही। चोपड़ा ने कहा कि, मैंने तिलक वर्मा के लिए यहां नंबर 3 स्थान रखा है। साईं सुदर्शन भी वहां हो सकते थे, लेकिन मैंने तिलक वर्मा को रखा है क्योंकि मुझे लगता है कि वह मैन-टू-मैन मार्किंग में बहुत कुछ लाते हैं।' चोपड़ा ने कहा कि, 'वह थोड़ी गेंदबाजी भी करता है।'
इसके अलावा चोपड़ा ने नीतिश राणा को नंबर चार पर रखा है। उनका मानना है कि एशियन गेम्स में भारत का कप्तान नीतिश राणा को बना सकते हैं। इसके अलावा उन्होंने रिंकू सिंह को भी जगह दी है।
दरअसल, जयसवाल और वर्मा दोनों को वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी सीरीज के लिए टीम इंडिया की टी20 टीम में शामिल किया गया है। इसके अलावा, जयसवाल को कैरेबियाई टीम के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भी जगह दी गई है।









Click it and Unblock the Notifications